कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं हीटवेव, यूपी में 43°C पहुंचा पारा; जानें अगले 7 दिनों तक देशभर में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वोत्तर भारत और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक हीटवेव की चेतावनी है. दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
IMD Weather Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज अलग-अलग रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक तरफ पूर्वोत्तर भारत और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, तो दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक हीटवेव की चेतावनी दी है. इसके अलावा उत्तर, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश, यूपी में हीटवेव का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 27 से 29 जून के दौरान सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की भी संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
पिछले 24 घंटे में कहां कैसा रहा मौसम?
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के अलग-अलग इलाकों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. कोंकण, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार और असम में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हुई. त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य महाराष्ट्र और कच्छ में 51 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. वहीं अंडमान-निकोबार, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं दर्ज की गईं.
43 डिग्री पहुंचा पारा
तापमान की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. देश में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद-घूरपुर में रिकॉर्ड किया गया. बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा.
इन मौसमीय सिस्टम का दिखेगा असर
आईएमडी ने बताया कि राजस्थान से ओडिशा तक मौसमी ट्रफ बनी हुई है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक ट्रफ, हरियाणा के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ, पंजाब, गुजरात और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं. इन्हीं मौसमीय सिस्टम के असर से अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का दौर
26 जून से 2 जुलाई के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है. कई राज्यों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश का भी अनुमान है.
मध्य भारत में भी बारिश का असर
पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ तथा छत्तीसगढ़ में 26 जून से 2 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
मानसून की रफ्तार भी बढ़ेगी
आईएमडी के अनुसार, 26 जून तक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है. अगले 3 से 4 दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
इसे भी पढ़ें- Maruti Suzuki Brezza फेसलिफ्ट में होंगे ये बदलाव, नया इंजन, बड़ा बूट स्पेस और प्रीमियम फीचर्स की होगी एंट्री
Latest Stories
राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दिया इस्तीफा, चंदा चोरी के मामले में 8 लोग गिरफ्तार
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए थे 6 भारतीय सैनिक, सरकार ने पहली बार बताए नाम
बिहार-यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों में गर्मी बरकरार, आखिर क्यों नहीं हो रही बारिश? IMD ने बताई वजह
