उत्तर भारत में अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बरसेंगे बादल; IMD की चेतावनी
IMD ने उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले 7 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में 21 से 24 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.

IMD Weather Alert: देश के उत्तरी हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के लिए उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के मुताबिक, 21 जुलाई को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 22 से 27 जुलाई, जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान में भी 21 से 27 जुलाई के बीच कई दौर की बारिश हो सकती है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 21 से 24 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 20 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी.
पिछले 24 घंटे में यहां हुई तेज बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात और तेलंगाना समेत कई राज्यों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं बिहार, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हुई.
क्यों बढ़ी बारिश की गतिविधियां?
IMD के अनुसार, मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति में है. इसके अलावा हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कई ऊपरी हवा के साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण उत्तर और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी.
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले सात दिनों तक दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर बनी रहेंगी, जबकि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा.
इसे भी पढ़ें- Closing Bell: निफ्टी 24200 के नीचे और सेंसेक्स 238 अंक गिरकर बंद, IT में गिरावट; मेटल शेयर चमके