PM मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच 40 मिनट तक बातचीत, द्विपक्षीय सहयोग और रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर और इस्लामाबाद में नाकाम रही बातचीत के बाद यह उनकी पहली बातचीत थी. इस उच्च-स्तरीय बातचीत के बीच, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध बहुत मजबूत स्थिति में हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को करीब 40 मिनट तक फोन पर बातचीत की. अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर और इस्लामाबाद में नाकाम रही बातचीत के बाद यह उनकी पहली बातचीत थी. इस्लामाबाद में हुई बातचीत करीब 21 घंटे तक चली थी, लेकिन बिना किसी समझौते के ही खत्म हो गई थी.
यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब जियो-पॉलिटिकल गतिविधियां काफी तेज हैं और दोनों ही पक्ष पश्चिम एशिया में हो रहे घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं.
इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए PM मोदी ने ‘X’ पर लिखा, ‘मेरे मित्र, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मुझे फोन आया. हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की. हम सभी क्षेत्रों में अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’
मजबूत स्थिति में हैं भारत-अमेरिका के संबंध
इस उच्च-स्तरीय बातचीत के बीच, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध बहुत मजबूत स्थिति में हैं.
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आर्थिक सहयोग और भी गहरा हो सकता है. उन्होंने कहा, ‘अगले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा समेत कुछ बड़े सौदे होने की उम्मीद है.’
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस बातचीत की जानकारी देते हुए गोर ने बताया कि ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा, ‘मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सभी आपसे बहुत प्यार करते हैं.’
सीजफायर को लेकर अनिश्चितता
नाजुक सीजफायर को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है और अमेरिका तथा ईरान के बीच बातचीत के दूसरे दौर की संभावना को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं.
PM मोदी और ट्रंप ने इससे पहले 2 फरवरी को द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर हुई प्रगति की समीक्षा के लिए बातचीत की थी, और फिर 24 मार्च को भी बात की थी, जब उन्होंने क्षेत्र में बदलती हुई स्थिति पर चर्चा की थी.
Latest Stories
TV9 Corporate Badminton Championship: पहले दिन खिलाड़ियों ने बिखेरी चमक… Pullela Gopichand बोले- ऐसे आयोजन से बढ़ती है फिटनेस
TV9 CBC 2026: TV9 कॉर्पोरेट बैडमिंटन चैंपियनशिप सीजन 2 का भव्य आगाज, हैदराबाद में सजा बैडमिंटन का महाकुंभ
NEET UG Re-Exam: 21 जून को होगा री-एग्जाम, 14 जून को जारी होंगे एडमिट कार्ड, अगले साल से होंगे ऑनलाइन टेस्ट
