सेमीकंडक्टर सेक्टर में आने वाली है नौकरियों की बाढ़, 3 साल में मिलेंगी 1 लाख से ज्यादा नौकरियां; इन स्किल्स की बढ़ेगी मांग

भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर में नौकरियों के बड़े मौके बनने की उम्मीद है. अगले तीन साल में इस सेक्टर में 1 लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा हो सकती हैं. वहीं, CIEL HR Services की रिसर्च के अनुसार, अगले 18 महीनों में करीब 67,500 नौकरियां आ सकती हैं. चिप डिजाइन के अलावा फैब्रिकेशन, पैकेजिंग और इंजीनियरिंग से जुड़ी स्किल्स की मांग बढ़ेगी.

सेमीकंडक्टर सेक्टर में मिल रहा ज्यादा नौकरी Image Credit: Getty Images Creative

भारत में सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री तेजी से आगे बढ़ रही है. देश में चिप बनाने और उनसे जुड़ी दूसरी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिशों से अगले तीन साल में 1 लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है. इस सेक्टर में अभी करीब 25,000 लोगों की वर्कफोर्स है, जो अगले तीन साल में चार गुना हो सकती है. Boston Consulting Group (BCG) के अनुमानों में यह बात सामने आई है.

वहीं, भर्ती और स्टाफिंग सर्विस देने वाली कंपनी CIEL HR Services की ओर से इकोनॉमिक टाइम्स के लिए की गई अलग रिसर्च के मुताबिक, सेमीकंडक्टर सेक्टर की कंपनियां अगले 18 महीनों में करीब 67,500 नौकरियां पैदा कर सकती हैं. ऐसे में चिप डिजाइन से लेकर चिप बनाने, उपकरणों की देखभाल और उनकी पैकेजिंग से जुड़े कामों में लोगों की मांग बढ़ने की उम्मीद है.

IT सेक्टर के मुकाबले 4 से 6 गुना तक मिल सकती है सैलरी

सेमीकंडक्टर सेक्टर में प्रोसेस इंजीनियर, फैब इंजीनियर, चिप डिजाइन इंजीनियर, सिस्टम इंजीनियर और प्रोडक्ट आर्किटेक्ट जैसे विशेषज्ञों की मांग बढ़ रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस सेक्टर में मिड से सीनियर लेवल के विशेषज्ञों को समान अनुभव वाले IT सर्विसेज कर्मचारियों के मुकाबले चार से छह गुना ज्यादा सैलरी मिल सकती है.

रिपोर्ट के हवाले से कंपनियों की जरूरत के मुताबिक योग्य लोगों की संख्या उतनी तेजी से नहीं बढ़ रही है. इसी वजह से कई कंपनियां सीनियर लेवल के कर्मचारियों की तलाश भारत के बाहर भी कर रही हैं. इसके लिए अमेरिका और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे क्षेत्र अहम हैं. इस ग्लोबल टैलेंट पूल का एक बड़ा हिस्सा भारतीय मूल के पेशेवरों का है.

चिप डिजाइन के अलावा इन कामों में भी बढ़ेंगी नौकरियां

अब सेमीकंडक्टर कंपनियों में भर्ती का फोकस सिर्फ चिप डिजाइन तक सीमित नहीं है. देश में फैब्रिकेशन और पैकेजिंग यूनिट्स शुरू होने से कई नए तरह के कामों की मांग बढ़ रही है. इनमें प्रोसेस इंजीनियरिंग, उपकरणों की देखभाल, यील्ड मैनेजमेंट, रिलायबिलिटी इंजीनियरिंग और एडवांस्ड पैकेजिंग शामिल हैं.

CIEL HR Services की स्टडी के मुताबिक, भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर से जुड़े चिप डिजाइन, वेरिफिकेशन, इंजीनियरिंग, टेस्टिंग और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में करीब 1.5 लाख पेशेवरों का टैलेंट पूल है.

किन कंपनियों में सबसे ज्यादा नौकरियों के मौके?

CIEL HR Services की स्टडी के मुताबिक, मौजूदा वैकेंसी के मामले में Qualcomm सबसे आगे है. इसके बाद AMD, Nvidia, Synopsys, Applied Materials, Infineon, Cadence और Micron का नाम आता है.

लंबे समय तक भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर की ज्यादातर वर्कफोर्स चिप डिजाइन पर ही काम कर रही थी. लेकिन अब देश में फैब्रिकेशन और पैकेजिंग यूनिट्स की वजह से प्रोसेस इंजीनियरिंग, उपकरणों की देखभाल, यील्ड मैनेजमेंट, रिलायबिलिटी और एडवांस्ड पैकेजिंग जैसे कामों में भी भर्ती बढ़ रही है.

100 इंजीनियरों पर 135 वैकेंसी, इन स्किल्स की सबसे ज्यादा मांग

भारत के सेमीकंडक्टर सेक्टर में टैलेंट की कमी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि माइक्रोआर्किटेक्चर की जानकारी रखने वाले हर 100 इंजीनियरों के मुकाबले 135 वैकेंसी हैं यानी कंपनियों को इस खास स्किल वाले कर्मचारियों की तलाश है.

कंपनियां दूसरी सेमीकंडक्टर कंपनियों के अलावा कॉलेजों और IT सर्विसेज व इंजीनियरिंग कंपनियों से भी टैलेंट तलाश रही हैं.

इस सेक्टर में जिन स्किल्स की सबसे ज्यादा मांग है, उनमें फिजिकल डिजाइन और टाइमिंग क्लोजर, डिजिटल डिजाइन और RTL (रजिस्टर ट्रांसफर लेवल) कोडिंग, डिजाइन वेरिफिकेशन शामिल हैं. इसके अलावा माइक्रोआर्किटेक्चर, इम्यूलेशन, फॉर्मल वेरिफिकेशन, एम्बेडेड सिस्टम और सिलिकॉन ब्रिंग-अप की जानकारी रखने वाले लोगों की भी जरूरत है. प्रोग्रामिंग लैंग्वेज में Python, C++, Verilog और SystemVerilog की जानकारी रखने वाले उम्मीदवारों को भी मौके मिल सकते हैं.

45 हजार वैकेंसी के आधार पर तैयार की गई स्टडी

CIEL HR Services की इस रिसर्च में नवंबर 2026 तक के पिछले 12 महीनों के दौरान भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर की भर्ती गतिविधियों का विश्लेषण किया गया. इसमें 150 से ज्यादा कंपनियों में करीब 45,000 वैकेंसी को शामिल किया गया.

इसे भी पढ़ें- एनवीडिया का शेयर 13% तक टूटा, भारतीय निवेशकों के लिए बढ़ी चिंता; ऐसे हो सकता है बड़ा नुकसान