वॉर इंजरी पेंशन पर SC का बड़ा फैसला! दुश्मन की गोली नहीं… अब खुद की बंदूक से घायल होने पर भी मिलेगा लाभ
सुप्रीम कोर्ट ने सेना के जवानों की वॉर इंजरी पेंशन पर अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट के मुताबिक, सैन्य अभियान के दौरान अपनी ही बंदूक से गलती से गोली लगने या अपनी सेना के दूसरे जवानों की फायरिंग से घायल होने पर भी पेंशन मिलेगी. हालांकि, जवान का घायल होना ऑपरेशन के दौरान जरूरी है और चोट जानबूझकर नहीं पहुंचाई गई होनी चाहिए.

War Injury Element: सुप्रीम कोर्ट ने सेना के जवानों की पेंशन को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी सैनिक को वॉर इंजरी एलिमेंट (War Injury Element) के तहत पेंशन पाने के लिए दुश्मन की गोली लगना जरूरी नहीं है. अगर सैन्य अभियान के दौरान जवान अपनी ही बंदूक से गलती से गोली चलने या अपनी ही सेना के दूसरे जवानों की फायरिंग से घायल होता है, तब भी वह इस पेंशन का हकदार हो सकता है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में जवान को ‘Wounded Battle Casualty’ यानी युद्ध अभियान के दौरान घायल सैनिक की कैटेगरी में रखा जाएगा और उसी तरह पेंशन मुहैया कराया जाएगा जैसे दुश्मन के हमलों में घायल होने पर होता है.
ऑपरेशन के दौरान घायल जवान को मिलेगी वॉर इंजरी पेंशन
जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की पीठ ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया. कोर्ट ने सेना के उस आदेश का हवाला दिया, जिसमें दो तरह की परिस्थितियों में घायल होने वाले जवानों को ‘Wounded Battle Casualty’ का दर्जा देने का प्रावधान है.
पहली स्थिति में सेना का जवान ऑपरेशन के दौरान अपनी ही बंदूक से गलती से गोली चलने या किसी अन्य कारण से घायल हो जाता है. दूसरी स्थिति में जवान को अपनी ही सेना के दूसरे सैनिकों की फायरिंग से चोट लगती है.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इन दोनों ही परिस्थितियों में एक शर्त जरूरी है. जवान को दुश्मन या आतंकियों के खिलाफ सैन्य अभियान चलाते समय चोट लगी होनी चाहिए. ऐसी स्थिति में गंभीर रूप से घायल जवान वॉर इंजरी एलिमेंट के तहत पेंशन पाने का हकदार होगा.
अपनी बंदूक से गलती से गोली चलने पर भी मिलेगा लाभ
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अपनी ही बंदूक से गलती से गोली चलने और खुद को जानबूझकर चोट पहुंचाने के बीच अंतर है. अगर किसी जवान को हथियार संभालते समय, गिरने से, ट्रिगर में किसी चीज के फंसने, अनजाने में ट्रिगर दबने या बंदूक में तकनीकी खराबी के कारण गोली लग जाती है, तो इसे खुद को जानबूझकर घायल करना नहीं माना जा सकता.
कोर्ट ने कहा कि ऐसी घटनाओं में जवान का खुद को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं होता. इसलिए केवल इस आधार पर उसे अतिरिक्त पेंशन लाभ से वंचित नहीं किया जा सकता कि गोली उसकी अपनी बंदूक से चली थी.
जानबूझकर खुद को घायल करने और दुर्घटना में चोट लगने में अंतर
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि जानबूझकर खुद को चोट पहुंचाने और दुर्घटनावश घायल होने की घटनाएं अलग-अलग हैं. खुद को जानबूझकर घायल करने के मामले में व्यक्ति को अपने काम की जानकारी होती है या उसका इरादा चोट पहुंचाने का होता है. ऐसे मामलों में अतिरिक्त पेंशन लाभ नहीं दिया जा सकता.
हालांकि, अगर किसी जवान को सैन्य अभियान के दौरान बिना किसी इरादे के दुर्घटनावश चोट लगती है, तो उसे इसका लाभ मिलना चाहिए. कोर्ट के इस फैसले से उन सैनिकों को राहत मिलेगी, जो दुश्मन की गोली से नहीं, बल्कि ऑपरेशन के दौरान अपनी ही बंदूक या अपनी सेना की फायरिंग से घायल हो जाते हैं.