कश्मीर से लेकर दिल्ली तक बारिश, कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी; जानें- कैसा रहेगा मौसम का हाल

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हुई. दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार की शाम को हल्की बारिश हुई, जिससे शहर को राहत मिली. कश्मीर में सोमवार को दूसरे दिन भी मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रही.

मौसम का हाल. Image Credit: PTI

उत्तर भारत के कई राज्यों में सोमवार को बारिश हुई, जबकि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हुई. दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार की शाम को हल्की बारिश हुई, जिससे शहर को राहत मिली. दिन भर तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा और दोपहर भर उमस भरी हवाएं चलीं, जिससे शहर में गर्मी बढ़ गई थी. दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच दिल्ली में तेज बारिश देखने को मिली.

दिल्ली में बारिश

शहर के सफदरजंग में 0.5 मिलीमीटर (मिमी), पालम में 0.2 मिमी, लोदी रोड में 0.7 मिमी, रिज में 0.2 मिमी, आयानगर में 0.6 मिमी, पूसा में 0.5 मिमी, जनकपुरी में 0.5 मिमी और मयूर विहार में एक मिमी बारिश दर्ज की गई. मयूर विहार में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई.

राजस्थान में बूंदाबांदी

नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित कई इलाकों में सोमवार दोपहर बाद तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई.

उत्तर प्रदेश का तापमान

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और आगरा में हल्की बारिश हुई. राज्य की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि, बांदा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं प्रयागराज में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

विशेषज्ञों ने इन स्थितियों का कारण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण को बताया, जिसके कारण दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई.

कश्मीर बारिश और बर्फबारी

कश्मीर में सोमवार को दूसरे दिन भी मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रही और बारिश के इस नए दौर ने वर्षा की कमी को लगभग पांच प्रतिशत तक कम कर दिया है. अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी हुई. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अगले 24 घंटों में व्यापक बारिश या बर्फबारी का अनुमान है.

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी जारी रही. केलांग में दो सेंटीमीटर बर्फ गिरी जबकि मध्य व निचले पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हुई. स्थानीय मौसम विभाग ने पांच अप्रैल तक राज्य में बारिश जारी रहने का अनुमान जताया. मौसम विभाग ने मंगलवार को पांच जिलों और शुक्रवार को 10 जिलों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया.

हरियाणा और पंजाब में मौसम का हाल

हरियाणा और पंजाब में दिन का तापमान सामान्य सीमा के करीब रहा, एक दिन पहले इन राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश हुई थी. मौसम विभाग के अनुसार, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

झारखंड में बारिश की संभावना

झारखंड के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और पाकुड़ में ओलावृष्टि के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट’ जारी किया है, जबकि शेष 19 जिलों में गरज के साथ बारिश के लिए ‘येलो’ अलर्ट’ जारी किया गया है.

आईएमडी ने बताया कि राज्य के पूर्वोत्तर हिस्से में स्थित पांच जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि का अनुमान है, जबकि अन्य जिलों में हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे तक रहेगी.

यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संघर्ष: फर्टिलाइजर प्लांट के लिए गैस की कीमतों में 60% बढ़ोतरी, सरकार पर बढ़ सकता है सब्सिडी का बोझ