NSE IPO में नहीं लगा पाए दांव? अभी बाकी हैं 5 बड़े मौके! Jio से लेकर PhonePe तक का खुलेगा इश्यू
NSE का आईपीओ छूट गया है तो आगे कई बड़े आईपीओ आने वाले हैं. करीब 4.27 लाख करोड़ रुपये के आईपीओ पाइपलाइन में हैं. इनमें Jio Platforms का 35000 करोड़ रुपये, PhonePe का 12,000 करोड़ रुपये, Mahanadi Coalfields का 10,000 करोड़ रुपये, Avaada Electro का 7600 करोड़ रुपये और OYO से जुड़ी Oravel Stays का 6650 करोड़ रुपये का आईपीओ शामिल है.

Major IPOs 2026: NSE का 22561.57 करोड़ का आईपीओ तो निकल गया, लेकिन अगर आप इसमें पैसा नहीं लगा पाए तो आगे भी कई बड़े आईपीओ आने वाले हैं. कंपनियों की लंबी लाइन लगी हुई है. करीब 4.27 लाख करोड़ रुपये के आईपीओ लाइन में हैं. इनमें Jio Platforms, PhonePe, Mahanadi Coalfields, Avaada Electro और OYO से जुड़ी Oravel Stays जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
NSE का आईपीओ 21 सितंबर को बंद हुआ. इसे निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और कुल 5.71 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. आईपीओ में 8,86,42,911 शेयर ऑफर किए गए थे, जबकि निवेशकों ने 50,58,11,384 शेयरों के लिए बोली लगाई. NSE के शेयर 24 सितंबर को बीएसई पर लिस्ट होने की उम्मीद है.
₹4.27 लाख करोड़ के IPO की लगी लाइन
प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के मुताबिक, 147 कंपनियों को सेबी से आईपीओ की मंजूरी मिल चुकी है. ये कंपनियां आईपीओ के जरिए कुल 2,79,713 करोड़ रुपये तक जुटा सकती हैं. इसके अलावा 75 कंपनियों ने सेबी के पास अपने ड्राफ्ट पेपर जमा किए हैं और अभी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं. इन कंपनियों के आईपीओ से करीब 1,47,040 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं यानी दोनों को मिलाकर करीब 4,26,753 करोड़ रुपये यानी 4.27 लाख करोड़ रुपये के आईपीओ पाइपलाइन में हैं.
इनमें Jio Platforms, Oravel Stays यानी OYO और Zepto जैसे नाम शामिल हैं. वहीं PhonePe और Razorpay ने अपने ड्राफ्ट पेपर सेबी के पास जमा किए हैं.
1. Jio Platforms का ₹35,000 करोड़ का IPO
इस पूरी लिस्ट में सबसे बड़ा नाम Jio Platforms का है. कंपनी करीब 35,000 करोड़ रुपये का आईपीओ ला सकती है. Jio Platforms ने 19 जून 2026 को आईपीओ के पेपर जमा किए थे. इसके बाद 28 अगस्त 2026 को कंपनी को सेबी से मंजूरी मिल गई.
कंपनी टेलीकॉम सेक्टर में काम करती है और फिलहाल उन कंपनियों की लिस्ट में है जिन्हें आईपीओ के लिए सेबी की मंजूरी मिल चुकी है.
2. PhonePe का ₹12,000 करोड़ का IPO
दूसरे नंबर पर PhonePe है. कंपनी करीब 12000 करोड़ रुपये का आईपीओ ला सकती है. PhonePe ने 24 सितंबर 2025 को अपने ड्राफ्ट पेपर सेबी के पास जमा किए थे. अभी कंपनी को सेबी की मंजूरी मिलना बाकी है. PhonePe का कारोबार वित्तीय सेवाओं और निवेश से जुड़ा है.
3. Mahanadi Coalfields का ₹10,000 करोड़ का IPO
Mahanadi Coalfields करीब 10,000 करोड़ रुपये का आईपीओ ला सकती है. कंपनी ने 3 सितंबर 2026 को अपने आईपीओ के पेपर जमा किए हैं. फिलहाल कंपनी सेबी की मंजूरी का इंतजार कर रही है. Mahanadi Coalfields का कारोबार माइनिंग, मिनरल्स और मेटल्स से जुड़ा है.
4. Avaada Electro का ₹7,600 करोड़ का IPO
Avaada Electro का आईपीओ करीब 7,600 करोड़ रुपये का हो सकता है. कंपनी ने 20 अक्टूबर 2025 को आईपीओ के पेपर जमा किए थे और 15 अप्रैल 2026 को इसे सेबी से मंजूरी मिल गई. Avaada Electro बिजली बनाने और सप्लाई करने के कारोबार में है.
5. OYO की Oravel Stays का ₹6,650 करोड़ का IPO
पांचवें नंबर पर Oravel Stays है, जो OYO से जुड़ी कंपनी है. इसका अनुमानित आईपीओ आकार 6,650 करोड़ रुपये है. कंपनी ने 1 जनवरी 2026 को आईपीओ के पेपर जमा किए थे और 2 जून 2026 को सेबी से मंजूरी मिल गई. Oravel Stays होटल, रिजॉर्ट, रेस्टोरेंट और टूरिज्म से जुड़े कारोबार में है.
IPO में तेजी देखकर जल्दबाजी न करें
हालांकि अभी आईपीओ बाजार में काफी तेजी और उत्साह है. अगस्त और सितंबर में आईपीओ के जरिए कंपनियों ने अच्छी रकम जुटाई है. बाजार में घरेलू निवेश भी मजबूत है और म्यूचुअल फंड के साथ एसआईपी के जरिए आने वाला पैसा भी नए आईपीओ को सपोर्ट कर रहा है. रिटेल निवेशकों को सिर्फ आईपीओ में तेजी देखकर किसी नए शेयर में तुरंत पैसा नहीं लगाना चाहिए. लिस्टिंग के बाद कुछ तिमाहियों के नतीजे देखने के बाद निवेश का फैसला करना बेहतर हो सकता है.
वहीं, जिन निवेशकों का मकसद सिर्फ लिस्टिंग गेन कमाना है और उन्हें लिस्टिंग के बाद अच्छा मुनाफा मिल जाता है, वे कुछ मुनाफा बुक करने पर विचार कर सकते हैं.
सेबी की मंजूरी मिल गई, फिर भी तुरंत नहीं आएगा IPO
इन पांच कंपनियों में Jio Platforms, Avaada Electro और Oravel Stays को सेबी की मंजूरी मिल चुकी है. वहीं PhonePe और Mahanadi Coalfields ने अपने ड्राफ्ट पेपर जमा किए हैं और अभी मंजूरी का इंतजार कर रही हैं. ध्यान रखें कि सेबी की मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी अगले ही दिन आईपीओ लेकर आ जाएगी. मंजूरी मिलने के बाद कंपनी को आईपीओ लाने का सही समय तय करना होता है. वहीं जिन कंपनियों के पेपर अभी सेबी के पास हैं, उन्हें पहले मंजूरी मिलनी बाकी है. साथ ही, अभी जो आईपीओ का आकार बताया गया है, उसमें लॉन्च से पहले बदलाव भी हो सकता है.
इसे भी पढ़ें- Vedanta Power Share: Nifty 500 में होगी एंट्री, 5% उछला शेयर, जानें निवेशकों पर क्या असर?