जुलाई में IPO की बहार, महीने के अंत तक 15000 करोड रुपये के IPO लाएंगी ये 5 कंपनियां, जानें पूरी डिटेल
प्राइमरी बाजार में फिर से तेजी लौटती दिख रही है. जुलाई के अंत तक पांच कंपनियां करीब 15000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए IPO ला सकती हैं. इनमें मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज, मिल्की मिस्ट डेयरी फूड्स, जुनिपर ग्रीन एनर्जी, लोहिया कॉर्प और कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स शामिल हैं.

Upcoming IPOs: अगर आप IPO में निवेश का इंतजार कर रहे हैं तो जुलाई का महीना आपके लिए कई नए मौके लेकर आ सकता है. इस महीने के अंत तक पांच कंपनियां अपना IPO लॉन्च करने की तैयारी में हैं. इन कंपनियों का लक्ष्य करीब 15000 करोड़ रुपये जुटाना है. इसमें हेल्थकेयर, डेयरी, रिन्यूएबल एनर्जी, माइनिंग और टेक्सटाइल मशीनरी जैसे अलग-अलग सेक्टर शामिल हैं. बाजार में बेहतर माहौल और विदेशी निवेशकों की वापसी की उम्मीद के बीच प्राइमरी मार्केट में फिर से रौनक लौटती दिख रही है.
जुलाई के अंत तक आ सकते हैं 5 नए IPO
जुलाई के आखिर तक कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स, मिल्की मिस्ट डेयरी फूड्स, जुनिपर ग्रीन एनर्जी, लोहिया कॉर्प और मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज बाजार में दस्तक दे सकती हैं. इन पांच कंपनियों के IPO से कुल मिलाकर करीब 15000 करोड़ रुपये जुटाए जाने की उम्मीद है. अलग- अलग सेक्टर की कंपनियों के आने से निवेशकों के पास कई विकल्प उपलब्ध होंगे.
किस कंपनी का IPO कितना बड़ा
आने वाले IPO में सबसे बड़ा इश्यू मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का हो सकता है. कंपनी करीब 9500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. मिल्की मिस्ट डेयरी फूड्स लगभग 2000 करोड़ रुपये का IPO ला सकती है. जुनिपर ग्रीन एनर्जी का इश्यू करीब 1800 करोड रुपये का रहने की संभावना है. वहीं कैलिबर माइनिंग एंड लॉजिस्टिक्स 500 से 600 करोड़ रुपये और लोहिया कॉर्प करीब 500 करोड़ रुपये का IPO ला सकती है.
प्राइमरी मार्केट में फिर लौटी तेजी
भारत के IPO बाजार में पिछले दो महीने से लगातार सुधार देखने को मिल रहा है. जून में सात IPO के जरिए 2718 करोड़ रुपये जुटाए गए. जुलाई में भी कई कंपनियां बाजार में उतर चुकी हैं और कुछ बडे़ इश्यू जल्द खुलने वाले हैं. बेहतर बाजार माहौल और निवेशकों की मजबूत भागीदारी से कंपनियों का भरोसा भी बढ़ा है.
यह भी पढ़ें- Upcoming IPO: अगले हफ्ते खुलेंगे ये 3 IPO, ₹10,099 करोड़ जुटाएगी कंपनी, ₹390 तक पहुंचा GMP, रखें नजर
आगे भी जारी रह सकती है IPO की रफ्तार
जुलाई और अगस्त के दौरान IPO बाजार और तेज होने की उम्मीद है. एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड, टोनबो इमेजिंग, सिमबायोटेक फार्मालैब और जेप्टो जैसी कंपनियां भी पब्लिक इश्यू की तैयारी कर रही हैं. इससे आने वाले हफ्तों में निवेशकों को और अधिक निवेश के अवसर मिल सकते हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.