अगले हफ्ते खुलेंगे 5 IPO, ₹2,600 करोड़ जुटाने की तैयारी; जानें तारीख और प्राइस बैंड
अगले हफ्ते शेयर बाजार में पांच कंपनियों के आईपीओ खुलने जा रहे हैं. EAAA India Alternatives, BLS Polymers, MK Sons Fine Jewels, SFC Environmental Technologies और Bombay Coated and Special Steels मिलकर करीब 2,600 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं. जानें किस आईपीओ का सब्सक्रिप्शन कब खुलेगा, क्या है प्राइस बैंड और कंपनियां जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कहां करेंगी.
Highlights
- अगले हफ्ते पांच कंपनियां आईपीओ लॉन्च करेंगी.
- इन आईपीओ में 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन शुरू होगा.
- कंपनियां कारोबार विस्तार, वर्किंग कैपिटल, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए रकम जुटा रही हैं.
शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में अगले हफ्ते हलचल देखने को मिलेगी. पांच कंपनियां अपना आईपीओ (IPO) लेकर आ रही हैं. इनमें EAAA India Alternatives, SFC Environmental Technologies और MK Sons Fine Jewels के अलावा BLS Polymers और Bombay Coated and Special Steels शामिल हैं. ये कंपनियां मिलकर करीब 2,600 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं. इन आईपीओ में निवेशक 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर के बीच बोली लगा सकेंगे.
इन कंपनियों के आईपीओ के जरिए निवेशकों को वैकल्पिक निवेश, पॉलिमर, स्टील प्रोसेसिंग, वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट और ज्वेलरी रिटेल जैसे सेक्टर में निवेश का मौका मिलेगा. कंपनियां कारोबार बढ़ाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने और कर्ज चुकाने के लिए बाजार से पैसा जुटा रही हैं. वहीं, कुछ मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचकर पैसा जुटाएंगे.
2026 में अब तक ₹1.4 लाख करोड़ से ज्यादा जुटाए
प्राइमरी मार्केट में पिछले कुछ समय से लगातार गतिविधियां बनी हुई हैं. इसी महीने Jio Platforms ने 30,213 करोड़ रुपये का आईपीओ लॉन्च किया, जो देश का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक इश्यू है. साल 2026 में अब तक 104 कंपनियां आईपीओ के जरिए 1.4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा जुटा चुकी हैं.
इसके अलावा Gujarat Victory Forging, Milestone Gears, Avaada Electro, Swara Baby Products, Integris Medtech और AGS Health समेत कई दूसरी कंपनियां भी आईपीओ लाने की तैयारी में हैं.
1. EAAA India Alternatives IPO
Edelweiss Financial Services की इकाई EAAA India Alternatives का आईपीओ 26 अक्टूबर को खुलेगा और 28 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी ने इसके लिए 1,585 से 1,665 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का वैल्यूएशन 10,765 करोड़ रुपये है.
कंपनी इस आईपीओ के जरिए 1,200 करोड़ रुपये जुटाने जा रही है. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है यानी इसमें Edelweiss Group के मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे और कंपनी को इस इश्यू से कोई रकम नहीं मिलेगी. आईपीओ से पहले कंपनी एंकर निवेशकों से करीब 360 करोड़ रुपये जुटा चुकी है.
2. BLS Polymers IPO
BLS Polymers का आईपीओ 27 अक्टूबर को खुलेगा और 29 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी ने इसके लिए 142 से 150 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. इस इश्यू के जरिए कंपनी 255 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. इसमें 1.7 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे.
कंपनी आईपीओ से मिली रकम में से 77.56 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपनी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के विस्तार और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करेगी. इसके अलावा, 89.5 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में खर्च किए जाएंगे. बची हुई रकम का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा.
3. MK Sons Fine Jewels IPO
MK Sons Fine Jewels का आईपीओ 28 अक्टूबर को खुलेगा और 30 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी ने 153 से 162 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. इस आईपीओ के जरिए कंपनी 275.4 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है.
इस इश्यू में 1.36 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे. इसके अलावा, प्रमोटर शेयरधारक Ramchand Murlidhar Raimalani 34 लाख शेयरों की बिक्री करेंगे.
कंपनी आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल महाराष्ट्र में नया शोरूम शुरू करने के लिए इन्वेंट्री की जरूरतें पूरी करने और गुजरात में मौजूदा शोरूम का विस्तार करने में करेगी. इसके अलावा, कुछ कर्ज चुकाने या समय से पहले उसका भुगतान करने और सामान्य कॉरपोरेट खर्चों के लिए भी रकम का इस्तेमाल किया जाएगा.
4. SFC Environmental Technologies IPO
वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी SFC Environmental Technologies का आईपीओ 668 करोड़ रुपये का है. इसके लिए प्राइस बैंड 313 से 330 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब 3,233 करोड़ रुपये है. आईपीओ की बोली लगाने की प्रक्रिया 29 अक्टूबर को बंद होगी.
इस इश्यू में 150 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे. इसके अलावा, प्रमोटर और मौजूदा शेयरधारक 1.57 करोड़ तक शेयर ऑफर फॉर सेल के तहत बेचेंगे. नए शेयर जारी करके जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने में किया जाएगा.
5. Bombay Coated and Special Steels IPO
Bombay Coated and Special Steels का आईपीओ 29 अक्टूबर को खुलेगा और 2 नवंबर को बंद होगा. कंपनी ने इसके लिए 78 से 82 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. कंपनी इस इश्यू के जरिए 183.1 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है.
यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा, यानी इसमें नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे. कंपनी 125 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कुछ कर्ज चुकाने या समय से पहले उसका भुगतान करने के लिए करेगी. इसके अलावा, Siemens Financial Services के साथ मौजूदा लीज व्यवस्था के तहत कैपिटल इक्विपमेंट खरीदने की लागत के लिए 15.7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. बाकी रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल होगी.
निवेश से पहले किन बातों पर ध्यान दें?
इन पांच आईपीओ में कंपनियों के कारोबार और फंड जुटाने के उद्देश्य अलग-अलग हैं. कुछ कंपनियां नए शेयर जारी करके कारोबार के लिए पैसा जुटा रही हैं, जबकि कुछ इश्यू में मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. निवेश से पहले कंपनी का कारोबार, वित्तीय स्थिति, आईपीओ से जुटाई जाने वाली रकम का इस्तेमाल और जोखिम जरूर समझना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- 38 लाख रुपये सालाना सैलरी, फिर भी निवेश के लिए पैसे कम; जानें 7 जरूरी सबक
Latest Stories
मुकेश अंबानी के Jio IPO ने बाजार में मचाया तहलका, जियो की आंधी में टूटे ये 12 रिकॉर्ड
JIO के आईपीओ ने रचा इतिहास, वारी एनर्जीज का रिकॉर्ड टूटा, निवेशकों में मची होड़
₹1,665 के भाव पर आएगा EAAA IPO, 1,200 करोड़ जुटाने की तैयारी
