₹87 लाख का निवेश बना ₹2.6 करोड़, कुल नेटवर्थ ₹5 करोड़; फिर भी इस शख्स को क्यों सता रहा नौकरी जाने का डर?

46 साल के रोहित सरन ने 24 साल की नौकरी के दौरान करीब 5 करोड़ रुपये की नेटवर्थ बनाई है. उन्होंने 14 साल में म्यूचुअल फंड में 87 लाख रुपये निवेश किए, जिनकी वैल्यू अब करीब 2.6 करोड़ रुपये है. इसके बावजूद AI के बढ़ते इस्तेमाल और आईटी सेक्टर में बदलाव के कारण उन्हें नौकरी की सुरक्षा की चिंता सता रही है.

निवेश Image Credit: Getty image

24 साल तक नौकरी करने के बाद किसी व्यक्ति के पास करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति हो, 2.6 करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो हो और अपना घर भी कर्ज से मुक्त हो, तो आमतौर पर उसे आर्थिक रूप से सुरक्षित माना जाएगा. लेकिन आईटी सेक्टर में काम करने वाले 46 साल के रोहित सरन की चिंता कुछ अलग है. उन्हें डर है कि अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच उनकी नौकरी चली गई, तो क्या उन्हें इस उम्र में दूसरी नौकरी आसानी से मिल पाएगी?

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की ‘Everyday Crorepatis’ सीरीज में सामने आई रोहित की कहानी बताती है कि लंबे समय तक नौकरी करके अच्छी संपत्ति बनाने के बावजूद नौकरी की सुरक्षा का सवाल कितना अहम हो सकता है. रोहित के पास करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति है, लेकिन उनका कहना है कि आईटी इंडस्ट्री में तेजी से हो रहे बदलाव और AI के बढ़ते इस्तेमाल ने अनिश्चितता बढ़ा दी है.

₹2.2 लाख सालाना सैलरी से ₹32 लाख तक पहुंचा सफर

रोहित चंडीगढ़ के एक मध्यमवर्गीय परिवार में पले-बढ़े. उनके पिता राज्य सरकार में नौकरी करते थे और मां घर संभालती थीं. तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े रोहित ने 2002 में कंप्यूटर साइंस में B.Tech की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वह पहली नौकरी के लिए पुणे चले गए. उस समय उनका सालाना पैकेज करीब 2.2 लाख रुपये था.

इसके बाद उनका करियर धीरे-धीरे आगे बढ़ा. 2009 तक उनकी सालाना कमाई करीब 6 लाख रुपये हो गई और वह बेंगलुरु चले गए. उन्होंने फिनटेक सेक्टर में काम किया. शुरुआत में इम्प्लीमेंटेशन इंजीनियरिंग और बाद में क्वालिटी इंजीनियरिंग से जुड़े. इस दौरान उन्होंने तीन बार नौकरी बदली.

आज रोहित एक फिनटेक प्रोडक्ट कंपनी में सीनियर क्वालिटी इंजीनियर हैं. उनकी सालाना सैलरी करीब 32 लाख रुपये है. टैक्स और दूसरी कटौतियों के बाद हर महीने उनके खाते में करीब 2 लाख रुपये आते हैं. परिवार में कमाने वाले वह अकेले हैं. उनकी पत्नी गृहिणी हैं और उनके दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं.

14 साल में ₹87 लाख का निवेश बना ₹2.6 करोड़

रोहित की संपत्ति बनाने में म्यूचुअल फंड निवेश की बड़ी भूमिका रही है. उन्होंने पिछले 14 साल में म्यूचुअल फंड में कुल 87 लाख रुपये लगाए. इसमें 28.7 लाख रुपये एकमुश्त निवेश के जरिए और 58.3 लाख रुपये SIP के जरिए लगाए गए. यानी औसतन हर महीने करीब 35,000 रुपये का निवेश किया.

आज उनका म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो करीब 2.6 करोड़ रुपये का हो चुका है. इस तरह उनके निवेश की मौजूदा वैल्यू में करीब 1.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है. दूसरे शब्दों में कहें तो बाजार से मिले रिटर्न ने उनके निवेश की रकम को करीब दोगुना कर दिया है.

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित की संपत्ति में म्यूचुअल फंड के अलावा EPF, सोना, PPF और बैंक में जमा रकम भी शामिल है.

₹5 करोड़ की संपत्ति में कहां कितना पैसा?

रोहित की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, उनके पास करीब 2.6 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड हैं. इसके अलावा EPF में 49.85 लाख रुपये, सोने में करीब 30 लाख रुपये, PPF में 19.8 लाख रुपये और बैंक सेविंग्स में करीब 10 लाख रुपये जमा हैं.

उनकी वित्तीय संपत्ति करीब 3.7 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके अलावा चंडीगढ़ में उनका घर 1.3 करोड़ रुपये से ज्यादा का है. इस तरह उनकी कुल संपत्ति करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है. चूंकि उन पर कोई कर्ज नहीं है, इसलिए उनकी कुल संपत्ति ही उनकी नेटवर्थ है.

रोहित के EPF में पिछले 24 साल की नौकरी के दौरान नियमित कटौती से पैसा जमा हुआ है. वहीं, PPF में वह पिछले नौ साल से हर साल 1.5 लाख रुपये जमा कर रहे हैं. फिलहाल PPF पर ब्याज दर 7.1% है. EPF और PPF को मिलाकर उनकी करीब 70 लाख रुपये की बचत है.

चंडीगढ़ स्थित घर को उन्होंने अपनी बचत और होम लोन की मदद से खरीदा था. अब वह होम लोन चुका चुके हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, इस घर को किराये पर देने से उन्हें हर महीने करीब 50,000 रुपये मिलते हैं.

AI से क्यों सता रहा नौकरी जाने का डर?

रोहित अपनी कंपनी के प्रोडक्ट और कामकाज की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझते हैं, लेकिन कोडिंग को अपनी सबसे मजबूत स्किल नहीं मानते. उन्हें डर है कि AI के बढ़ते इस्तेमाल से उनके जैसे प्रोफाइल वाले कर्मचारियों पर दबाव बढ़ सकता है.

उनका कहना है कि पहले जिन कामों के लिए लोगों की जरूरत होती थी, अब उनमें से कुछ काम AI टूल्स की मदद से तेजी से किए जा सकते हैं. ऐसे में सिर्फ अनुभव होना नौकरी बचाने के लिए काफी नहीं हो सकता.

आईटी सेक्टर में छंटनी की घटनाएं भी इस चिंता को बढ़ाती हैं. जुलाई 2025 में TCS ने 12,000 से ज्यादा नौकरियों में कटौती की घोषणा की थी. यह उसके कुल कर्मचारियों का करीब 2% था. कंपनी ने बताया था कि छंटनी का असर मुख्य रूप से मिड और सीनियर लेवल के कर्मचारियों पर होगा.

इंडस्ट्री बॉडी Nasscom ने उस समय कहा था कि सेक्टर एक अहम बदलाव के दौर से गुजर रहा है और पारंपरिक स्किल्स की दोबारा समीक्षा के साथ कर्मचारियों की संख्या में बदलाव हो सकता है.

इस साल स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों ने भी रोहित की चिंता बढ़ाई है. उनका कहना है कि इससे उन्हें एहसास हुआ कि अचानक मेडिकल खर्च किसी भी समय सामने आ सकता है.

इमरजेंसी फंड और हेल्थ इंश्योरेंस की चिंता

करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति होने के बावजूद रोहित के सामने कुछ चुनौतियां हैं. इनमें सबसे बड़ी चिंता इमरजेंसी फंड की है. उनके बैंक खाते में करीब 10 लाख रुपये हैं, जो उनकी कुल वित्तीय संपत्ति के 3% से भी कम हैं. बाकी पैसा म्यूचुअल फंड, EPF, PPF और सोने में लगा है. जरूरत पड़ने पर इन निवेशों को बेचने की स्थिति आ सकती है.

रोहित चाहते हैं कि उनके पास ज्यादा पैसा ऐसी जगह हो, जहां से जरूरत पड़ने पर तुरंत निकाला जा सके. इसके साथ ही वह अपनी कंपनी की ओर से मिलने वाले हेल्थ इंश्योरेंस पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहना चाहते. उनका कहना है कि वह अपने परिवार के लिए अलग से मेडिकल सुरक्षा चाहते हैं.

बच्चों की पढ़ाई भी उनके लिए एक अहम जिम्मेदारी है. दोनों बच्चों की कॉलेज की पढ़ाई के लिए उन्होंने अभी अलग से कोई फंड नहीं बनाया है. अब वह उनकी शिक्षा के लिए अलग बचत शुरू करने की योजना बना रहे हैं, ताकि रिटायरमेंट के लिए रखे गए पैसे का इस्तेमाल न करना पड़े.

इसे भी पढ़ें- अमेरिका में 4700 फ्लाइट्स कैंसिल, 10 हजार से ज्यादा लेट; 15 लाख यात्रियों की बढ़ी परेशानी, आखिर क्यों