PF का पैसा निकालना हुआ आसान, अब 90% तक रकम निकाल सकेंगे कर्मचारी; वेटिंग पीरियड 12 से घटकर 2 महीने
EPFO ने PF से आंशिक निकासी के नियमों में राहत दी है. अब 55 साल से कम उम्र के सदस्य पात्र PF बैलेंस का 90 फीसदी तक निकाल सकेंगे, जबकि पहले यह सीमा 75% थी. बेरोजगारी की स्थिति में निकासी के लिए इंतजार की अवधि भी 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दी गई है.

EPF Withdrawal Rules: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने प्रोविडेंट फंड (PF) से आंशिक निकासी के नियमों में राहत दी है. नए नियमों के तहत 55 साल से कम उम्र के सदस्य अब अपने पात्र PF बैलेंस का 90 फीसदी तक पैसा निकाल सकेंगे. पहले यह सीमा 75% थी. इसके अलावा, बेरोजगारी की स्थिति में PF का पैसा निकालने के लिए जरूरी इंतजार की अवधि भी घटा दी गई है. अब सदस्य 12 महीने की जगह सिर्फ 2 महीने की सदस्यता पूरी करने के बाद निकासी कर सकेंगे.
इन बदलावों से कर्मचारियों को जरूरत के समय अपने PF के पैसे तक जल्दी और ज्यादा पहुंच मिल सकेगी. हालांकि, निकासी की सुविधा संबंधित उद्देश्य और पात्रता की शर्तों पर निर्भर करेगी. नए नियमों में यह सुरक्षा भी रखी गई है कि सदस्य अपनी रिटायरमेंट की पूरी बचत एक साथ खत्म न कर दें.
किन कामों के लिए निकाल सकते हैं PF का पैसा?
EPF योजना के तहत सदस्य कई जरूरी खर्चों के लिए आंशिक निकासी कर सकते हैं. इसमें मेडिकल खर्च, पढ़ाई, शादी और घर से जुड़े खर्च शामिल हैं.
इलाज के लिए: सदस्य खुद या परिवार के किसी सदस्य के इलाज और मेडिकल खर्च के लिए PF से पैसा निकाल सकते हैं.
पढ़ाई के लिए: सदस्य अपनी या परिवार के सदस्यों की शिक्षा से जुड़े खर्चों के लिए निकासी कर सकते हैं.
शादी के लिए: सदस्य अपनी या परिवार के सदस्यों की शादी के लिए PF का पैसा निकाल सकते हैं.
घर खरीदने और बनाने के लिए: घर या फ्लैट खरीदने, मकान बनाने के लिए जमीन खरीदने, घर का निर्माण कराने, होम लोन चुकाने और मौजूदा घर की मरम्मत या सुधार के लिए भी निकासी की सुविधा है.
खास परिस्थितियों में: योजना में बताई गई विशेष परिस्थितियों में भी तय शर्तों के आधार पर PF से पैसा निकाला जा सकता है.
तीन कैटेगरी में बांटे गए निकासी के नियम
EPF Scheme, 2026 के तहत आंशिक निकासी से जुड़े प्रावधानों को तीन बड़ी कैटेगरी में बांटा गया है. इनमें जरूरी खर्च, घर से जुड़े खर्च और विशेष परिस्थितियां शामिल हैं. इन कैटेगरी के तहत पात्र बैलेंस से निकासी की अनुमति होगी. हालांकि, इसके लिए तय शर्तों और निकासी की संख्या से जुड़ी सीमाओं का पालन करना होगा.
EPFO पोर्टल से कर सकेंगे आवेदन
सदस्य PF से पैसा निकालने के लिए तय EPFO पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं. नए नियमों के तहत निकासी की प्रक्रिया को समझना और उसका संचालन करना पहले से आसान बनाया गया है. हालांकि, पैसा निकालने से पहले संबंधित कैटेगरी की पात्रता और लागू शर्तों को जरूर देखना होगा.
इसे भी पढ़ें- Anthropic IPO में नहीं लगा पाए पैसा, लिस्टिंग के बाद ऐसे खरीद सकते हैं शेयर; ये है स्टेप-बाय-स्टेप तरीका