अब रिटायरमेंट के बाद भी होगी कमाई! ₹40 लाख के PF से हर महीने निकालें ₹30 हजार, 20 साल बाद भी बचेंगे ₹23 लाख

EPFO के नए SWP प्लान से रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपना PF एक साथ निकालने के बजाय हर महीने किस्तों में ले सकेंगे. 40 लाख रुपये के PF पर हर महीने 30,000 रुपये निकालने और 8.25% ब्याज मिलने के अनुमान के साथ समझें पूरा कैलकुलेशन.

एसडब्ल्यूपी Image Credit: AI

नौकरी के दौरान हर महीने खाते में आने वाली सैलरी बंद होने के बाद सबसे बड़ी चिंता घर का खर्च चलाने की होती है. रिटायरमेंट के समय PF में अच्छी-खासी रकम जमा तो होती है, लेकिन उसे एक साथ निकालने के बजाय अगर हर महीने तय रकम मिलती रहे तो बुढ़ापे में खर्च संभालना आसान हो सकता है. इसी जरूरत को देखते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दी है.

इस व्यवस्था के तहत कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद अपना पूरा PF एक बार में निकालने की जरूरत नहीं होगी. वे अपनी जमा रकम का कुछ हिस्सा EPFO में छोड़कर उससे नियमित अंतराल पर पैसे ले सकेंगे. खास बात यह है कि खाते में जो पैसा बचा रहेगा, उस पर EPFO की ओर से घोषित ब्याज दर के हिसाब से ब्याज भी मिलता रहेगा. फिलहाल EPFO की ब्याज दर 8.25% है.

यानी रिटायरमेंट के बाद एक तरफ हर महीने खर्च के लिए पैसे मिलते रहेंगे, तो दूसरी तरफ बची हुई रकम पर ब्याज भी जुड़ता रहेगा. ऐसे में समझते हैं कि EPFO का यह नया SWP सिस्टम कैसे काम करेगा.

क्या होता है SWP और कैसे करता है काम?

SWP यानी सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को आसान भाषा में समझें तो यह निवेश से नियमित पैसा निकालने का तरीका है. इसमें निवेशक अपने फंड से हर महीने या तय समय पर एक निश्चित रकम निकाल सकता है.

इसे SIP का उल्टा भी कह सकते हैं. SIP में हर महीने बैंक खाते से पैसा कटकर निवेश में जाता है, जबकि SWP में निवेश की गई रकम से पैसा निकलकर बैंक खाते में आता है.

EPFO के प्रस्तावित सिस्टम में भी इसी तरह रिटायरमेंट के बाद PF की जमा रकम से नियमित निकासी का विकल्प मिलेगा. कर्मचारी अपनी जरूरत के मुताबिक किस्तों में पैसा ले सकेंगे और खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहेगा.

EPFO का नया SWP सिस्टम कैसे काम करेगा?

अभी तक रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपने PF की पूरी रकम एक साथ निकाल सकते हैं. लेकिन नए SWP सिस्टम के तहत उन्हें एक और विकल्प मिलेगा.

मसलन, किसी कर्मचारी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 25 लाख रुपये जमा हैं. वह चाहे तो पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय उसका पैसा EPFO में रहने दे सकता है और हर महीने अपनी जरूरत के हिसाब से रकम निकाल सकता है.

इस दौरान खाते में बची हुई रकम पर ब्याज जुड़ता रहेगा. इससे कर्मचारी को हर महीने खर्च के लिए पैसे मिल सकेंगे और पूरी जमा पूंजी एक साथ खत्म होने से बच सकती है.

₹40 लाख के PF फंड से हर महीने ₹30,000 निकालेंगे तो क्या होगा?

इसे एक उदाहरण से समझते हैं. मान लीजिए किसी कर्मचारी के पास रिटायरमेंट के समय 40 लाख रुपये का PF फंड है. वह हर महीने 30,000 रुपये निकालने का फैसला करता है और बची हुई रकम पर 8.25% सालाना ब्याज मिलता है. तो,

समयावधिशुरुआती राशिनिकासीबची राशिब्याजकुल निकासीकुल बैलेंस
पहला माह₹40,00,000₹30,000₹39,70,000₹27,294₹30,000₹39,97,294
दूसरा माह₹39,97,294₹30,000₹39,67,294₹27,275₹60,000₹39,94,569
1 साल₹39,69,187₹30,000₹39,39,187₹27,082₹3.6 लाख₹39,66,268
5 साल₹38,03,907₹30,000₹37,73,907₹25,946₹18 लाख₹37,99,852
10 साल₹35,04,053₹30,000₹34,74,053₹23,884₹36 लाख₹34,97,937
15 साल₹30,51,737₹30,000₹30,21,737₹20,774₹54 लाख₹30,42,511
20 साल₹23,69,436₹30,000₹23,39,436₹16,084₹72 लाख₹23,55,520
25 साल₹13,40,213₹30,000₹13,10,213₹9,008₹90 लाख₹13,19,221

ऐसे समझें

  • 20 साल तक 30,000 रुपये महीना निकालने के बाद भी आपके पास लगभग 23.56 लाख रुपये बचेंगे, और कुल 72 लाख रुपये आप निकाल चुके होंगे.
  • 25 साल बाद 13.19 लाख रुपये बचेंगे और कुल 90 लाख रुपये निकल चुके होंगे.

किस्त लेते समय कर्मचारी की मृत्यु हो जाए तो क्या होगा?

रिटायरमेंट के बाद अगर कोई कर्मचारी SWP के तहत नियमित पैसे ले रहा है और इस दौरान उसकी मृत्यु हो जाती है, तो खाते में बची रकम को लेकर परिवार को विकल्प मिलेंगे. ऐसी स्थिति में परिवार या नॉमिनी के पास दो विकल्प होंगे. पहला, खाते में बची पूरी रकम एक साथ निकाल ली जाए. दूसरा, कर्मचारी की तरह ही नियमित किस्तों में पैसा लेना जारी रखा जाए.

इससे कर्मचारी की मृत्यु के बाद भी परिवार को बची हुई PF की रकम का फायदा मिल सकेगा. हालांकि, इसके लिए नॉमिनी और भुगतान से जुड़े नियम अंतिम गाइडलाइंस में स्पष्ट होंगे.

इसे भी पढ़ें- सोने-चांदी की कीमतों में हाहाकार! 8 दिन में ₹14060 सस्ता हुआ गोल्ड, चांदी ₹26510 टूटी, देखें अपने शहर के ताजा भाव