होर्मुज संकट ने दिखाया भारत को आईना! 2035 तक हर दिन इंपोर्ट करने पड़ सकते हैं 10 लाख बैरल LPG, IEA का अनुमान
भारत में रसोई गैस यानी LPG की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन घरेलू उत्पादन इसकी रफ्तार से पीछे है. IEA के मुताबिक, 2035 तक देश का LPG आयात करीब 10 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच सकता है. होर्मुज संकट ने विदेशी सप्लाई पर निर्भरता का जोखिम उजागर किया है. PNG और इलेक्ट्रिक कुकिंग से यह निर्भरता घटाई जा सकती है.
LPG Crisis : भारत में आने वाले वर्षों में रसोई गैस यानी LPG की मांग तेजी से बढ़ सकती है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की World Energy Outlook 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2035 तक भारत का LPG आयात बढ़कर करीब 10 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंच सकता है. इसकी सबसे बड़ी वजह घरेलू उत्पादन और खपत के बीच बढ़ता अंतर है. भारत में LPG की मांग जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उस हिसाब से घरेलू उत्पादन नहीं बढ़ पा रहा है. ऐसे में देश को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए दूसरे देशों से ज्यादा गैस खरीदनी पड़ सकती है.
साल 2026 में पश्चिम एशिया में हुए संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) के रास्ते जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से भारत के लिए संकट और गहरा हो गया. IEA के मुताबिक, संघर्ष के शुरुआती दो महीनों में भारत का LPG आयात 50% से ज्यादा गिर गया था. इसके बाद सरकार को घरेलू उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई प्राथमिकता देने के कदम उठाने पड़े. इस संकट ने साफ कर दिया कि खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली गैस के मामले में भारत की विदेशी बाजारों पर निर्भरता कितनी बड़ी है.
क्यों बढ़ती जा रही है LPG आयात पर निर्भरता?
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG आयातक देश है. साल 2025 में भारत का घरेलू LPG उत्पादन करीब 4.5 लाख बैरल प्रतिदिन था. इससे देश की कुल मांग का लगभग 40% हिस्सा ही पूरा हो पा रहा था. घरेलू उत्पादन में करीब 15% योगदान नेचुरल गैस लिक्विड फ्रैक्शनेशन से आता है, जबकि बाकी 85% उत्पादन रिफाइनरियों के जरिए होता है.
IEA के अनुमान के मुताबिक, 2035 तक भारत में LPG की मांग मौजूदा स्तर से करीब 4 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ सकती है. वहीं, घरेलू उत्पादन में इस दौरान 1 लाख बैरल प्रतिदिन से भी कम बढ़ोतरी होने का अनुमान है. यानी मांग और उत्पादन के बीच अंतर लगातार बढ़ेगा.
IEA के Stated Policies Scenario (STEPS) के अनुसार, इस अंतर को पूरा करने के लिए भारत का LPG आयात करीब 3 लाख बैरल प्रतिदिन बढ़ सकता है. इसके चलते 2035 तक आयात लगभग 10 लाख बैरल प्रतिदिन पहुंचने की आशंका है. यह अनुमान बताता है कि अगर मौजूदा नीतियों और रफ्तार के हिसाब से ही काम हुआ तो भारत को खाना पकाने की गैस के लिए विदेशी बाजारों पर ज्यादा निर्भर रहना पड़ेगा.
होर्मुज संकट ने कैसे उजागर की भारत की कमजोरी?
भारत की ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा होता है. देश अपनी कुल ऊर्जा जरूरतों का करीब 40% आयात करता है. इसमें लगभग 90% कच्चा तेल और 50% प्राकृतिक गैस दूसरे देशों से आती है. LPG के मामले में भी भारत की निर्भरता काफी ज्यादा है.
भारत के लिए Strait of Hormuz बेहद अहम समुद्री रास्ता है. IEA के मुताबिक, इस रास्ते से आने वाली LPG भारत में घरेलू खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले हर दो सिलेंडरों में से लगभग एक की जरूरत पूरी करती है.
साल 2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष के दौरान इस समुद्री रास्ते पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई तो भारत की LPG सप्लाई पर भी असर पड़ा. शुरुआती दो महीनों में आयात 50% से ज्यादा घट गया. इसके बाद सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने के साथ घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी.
घरेलू LPG उत्पादन बढ़ाना क्यों है मुश्किल?
भारत के पास घरेलू LPG उत्पादन बढ़ाने का विकल्प जरूर है, लेकिन ऐसा करना रिफाइनरियों के लिए आसान नहीं है. IEA के मुताबिक, मार्च 2026 में सरकार के निर्देश के बाद भारतीय रिफाइनरियों ने LPG उत्पादन में करीब 1.8 लाख बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी की थी. इससे पता चलता है कि जरूरत पड़ने पर उत्पादन बढ़ाया जा सकता है.
हालांकि, इसमें एक बड़ी व्यावसायिक चुनौती है. रिफाइनरियों में LPG का उत्पादन बढ़ाने के लिए डीजल और पेट्रोल जैसे दूसरे पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन कम करना पड़ सकता है. इन उत्पादों की कीमत प्रति बैरल LPG के मुकाबले करीब दोगुनी तक हो सकती है. ऐसे में रिफाइनरियों के लिए ज्यादा LPG बनाना मुनाफे के लिहाज से नुकसानदायक हो सकता है.
खासकर प्राइवेट सेक्टर की रिफाइनरियों में LPG उत्पादन बढ़ाने की कुछ गुंजाइश है, लेकिन वहां LPG की पैदावार सरकारी रिफाइनरियों के मुकाबले करीब 40% कम है. इसके अलावा नेचुरल गैस से LPG बनाने की क्षमता भी उपलब्ध प्राकृतिक गैस के उत्पादन पर निर्भर करती है.
यानी सिर्फ रिफाइनरियों को ज्यादा LPG बनाने का निर्देश देने से आयात पर निर्भरता खत्म नहीं होगी. इसके लिए उत्पादन क्षमता, कच्चे माल की उपलब्धता और रिफाइनरियों के आर्थिक हितों के बीच संतुलन बनाना जरूरी होगा.
PNG और इलेक्ट्रिक कुकिंग से कैसे कम हो सकती है निर्भरता?
भारत LPG पर निर्भरता कम करने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और इलेक्ट्रिक कुकिंग को भी बढ़ावा दे रहा है. PNG के जरिए घरों तक पाइपलाइन से सीधे गैस पहुंचाई जाती है. इससे सिलेंडर की जरूरत कम हो सकती है. IEA के मुताबिक, देश के शहरी इलाकों में 1.7 करोड़ से ज्यादा घरों तक नेचुरल गैस पाइपलाइन की सुविधा पहुंच चुकी है.
अगर आने वाले वर्षों में PNG नेटवर्क का विस्तार होता है और ज्यादा परिवार इलेक्ट्रिक कुकिंग अपनाते हैं तो LPG की मांग में बढ़ोतरी को सीमित किया जा सकता है.
IEA के Additional Response Case (ARC) के मुताबिक, अगर भारत PNG और इलेक्ट्रिक कुकिंग को तेजी से अपनाता है और घरेलू LPG उत्पादन भी बढ़ाता है तो 2035 तक LPG आयात 7.5 लाख बैरल प्रतिदिन से नीचे रह सकता है. जबकि मौजूदा नीतियों के आधार पर तैयार STEPS अनुमान में यह आंकड़ा करीब 10 लाख बैरल प्रतिदिन है.
यह भी पढ़ें: Gold Price: सोने की चमक पड़ी फीकी, एक हफ्ते में 7% से ज्यादा लुढ़का भाव, चांदी में 13% की गिरावट
Latest Stories
पुलिस हेल्पलाइन के लिए लॉन्च किया BluVaani AI, इस टेक्नोलॉजी कंपनी के शेयर में दिखी तेजी!
सोने-चांदी की कीमतों में हाहाकार! 8 दिन में ₹14060 सस्ता हुआ गोल्ड, चांदी ₹26510 टूटी, देखें अपने शहर के ताजा भाव
इस सरकारी बैंक में लोन के बदले घूस का खेल! ₹1.80 करोड़ के लिए मांगे ₹9 लाख, मैनेजर समेत 3 गिरफ्तार
