TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

टैक्स में राहत के बाद भी कर्मचारियों की क्यों नहीं बढ़ी सैलरी; PM मोदी ने उद्योगपतियों से पूछे सवाल

सरकार ने कंपनियों को कॉरपोरेट टैक्स में राहत दी और आम लोगों को इनकम टैक्स में छूट, लेकिन कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार पर इसका कितना असर हुआ? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिक्की की सालाना आम बैठक में उद्योग जगत से यह सवाल पूछा. उन्होंने कंपनियों से कर्मचारियों की कमाई बढ़ाने, नए रोजगार पैदा करने, मैन्युफैक्चरिंग मजबूत करने और एक्सपोर्ट बढ़ाने की अपील की.

PM मोदी ने उद्योग जगत से नए रोजगार पैदा करने पर ध्यान देने अपील की. Image Credit: PTI

Highlights

  • कॉरपोरेट टैक्स 30 फीसदी से घटाकर 22 फीसदी किया गया, लेकिन कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने पर पीएम मोदी ने उठाया सवाल.
  • उद्योग जगत से नए रोजगार पैदा करने और घरेलू बाजार के साथ एक्सपोर्ट पर ध्यान देने की अपील.
  • अगले 20 साल के निवेश फैसलों में इंडिया फर्स्ट को प्राथमिकता देने का संदेश.

सरकार ने कंपनियों को कॉरपोरेट टैक्स में राहत दी और आम लोगों को इनकम टैक्स में छूट, लेकिन इसका फायदा कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार में कितना दिखा? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत के सामने यह सवाल उठाया है. उन्होंने कंपनियों से पूछा कि टैक्स में राहत मिलने के बाद क्या उन्होंने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई और नए रोजगार पैदा किए? फिक्की की सालाना आम बैठक में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार से हर बार राहत की उम्मीद की जाती है, लेकिन उद्योग जगत को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी. उन्होंने कंपनियों से मैन्युफैक्चरिंग, वैल्यू एडिशन और एक्सपोर्ट बढ़ाने पर जोर देने को कहा.

टैक्स राहत के बाद कर्मचारियों को क्या मिला?

पीएम मोदी ने कहा कि साल 2014 में कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 फीसदी थी, जिसे घटाकर 22 फीसदी कर दिया गया है. वहीं, नई इनकम टैक्स व्यवस्था में सालाना 12 लाख रुपये तक की सामान्य इनकम पर टैक्स राहत दी गई है. सरकार के इन फैसलों का मकसद कंपनियों को निवेश के लिए प्रोत्साहित करने और आम लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ाना है.

मोदी ने उद्योगपतियों से पूछा कि टैक्स में राहत मिलने के बाद कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए क्या कदम उठाए? उनका कहना था कि सरकार कारोबार को बेहतर माहौल देने के लिए काम कर रही है, लेकिन कंपनियों को भी इसका फायदा कर्मचारियों और अर्थव्यवस्था तक पहुंचाने की कोशिश करनी चाहिए.

घरेलू बाजार के भरोसे न रहें कंपनियां

पीएम मोदी ने भारतीय कंपनियों को सिर्फ घरेलू बाजार के भरोसे कारोबार करने की सोच से बाहर निकलने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि भारत का बड़ा बाजार कंपनियों के लिए ताकत है, लेकिन उन्हें ग्लोबल कंपटीशन के लिए भी तैयार होना होगा.

उन्होंने प्रोडक्ट की क्वालिटी को लेकर भी उद्योग जगत को नसीहत दी. मोदी ने कहा कि कंपनियों को एक्सपोर्ट क्वालिटी के नाम पर अलग उत्पाद बनाने के बजाय भारतीय ग्राहकों को भी बेहतर क्वालिटी वाले सामान उपलब्ध कराने चाहिए. यानी भारतीय बाजार के लिए भी वही क्वालिटी होनी चाहिए, जो विदेशी बाजारों में रखी जाती है.

ट्रेड डील का फायदा उठाकर बढ़ाएं एक्सपोर्ट

प्रधानमंत्री ने भारत के दूसरे देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी FTA का फायदा उठाने की अपील की. इन समझौतों से भारतीय कंपनियों के लिए विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाने के नए अवसर बनते हैं. ऐसे में उद्योग जगत को बेहतर प्रोडक्ट, कंपटेटिव प्राइस और इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के मुताबिक उत्पादन पर ध्यान देना होगा.

मोदी ने कंपनियों से कहा कि वे इन अवसरों का इस्तेमाल एक्सपोर्ट बढ़ाने और भारत की वैश्विक बाजार में हिस्सेदारी मजबूत करने के लिए करें. इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को भी बढ़ावा मिल सकता है.

यह भी पढ़ें- Gold Price: सोने की चमक पड़ी फीकी, एक हफ्ते में 7% से ज्यादा लुढ़का भाव, चांदी में 13% की गिरावट

अगले 20 साल के निवेश में इंडिया फर्स्ट

पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से अगले 20 साल के निवेश फैसलों में इंडिया फर्स्ट को प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि कंपनियों को मैन्युफैक्चरिंग और वैल्यू एडिशन बढ़ाने के साथ आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम करना चाहिए.

उन्होंने उद्योग जगत को भरोसा दिलाया कि सरकार कारोबारी माहौल बेहतर बनाने और जरूरी सुधार करने के लिए तैयार है. साथ ही कंपनियों से अपनी समस्याओं और सुधारों से जुड़े सुझाव लिखित रूप में भेजने को कहा.