TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

इस सरकारी बैंक में लोन के बदले घूस का खेल! ₹1.80 करोड़ के लिए मांगे ₹9 लाख, मैनेजर समेत 3 गिरफ्तार

बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर ब्रांच में 1.80 करोड़ रुपये का लोन पास कराने के बदले 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है. CBI ने ब्रांच मैनेजर और दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है.

घूस Image Credit: CANVA

Highlights

  • बैंक ऑफ बड़ौदा की देहरादून ब्रांच में ₹1.80 करोड़ के लोन के बदले मांगी गई थी ₹9 लाख की रिश्वत.
  • आरोपियों ने शिकायतकर्ता से पहले ही ₹2.5 लाख रुपये ले लिए थे.
  • CBI ने रिश्वत लेते हुए एक एजेंट को पकड़ा, बाद में ब्रांच मैनेजर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया.

Bank of Baroda: देहरादून में बैंक से लोन लेना एक व्यक्ति को इतना महंगा पड़ गया कि उसे लोन की रकम का 5 फीसदी हिस्सा रिश्वत के रूप में मांग लिया गया. मामला बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर ब्रांच का है, जहां लोन पास कराने और रकम जारी करने के बदले 9 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी. केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर और दो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) को गिरफ्तार किया है.

1.80 करोड़ रुपये के लोन के बदले मांगी थी 9 लाख की रिश्वत

CBI की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इंदिरा नगर ब्रांच, देहरादून में 1.80 करोड़ रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि लोन को मंजूरी देने और रकम जारी करने के बदले बैंक मैनेजर और दो व्यक्ति, जो डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (DSA) के तौर पर काम कर रहे थे, ने लोन की कुल रकम का 5 फीसदी हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगा था.

https://x.com/CBIHeadquarters/status/2123422438872777135/photo/1

इस हिसाब से आरोपियों ने शिकायतकर्ता से कुल 9 लाख रुपये की मांग की थी. इसमें 1.80 करोड़ रुपये के लोन का 5 फीसदी हिस्सा शामिल था.

पहले ही ले चुके थे 2.5 लाख रुपये

CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता से आरोपियों ने रिश्वत की कुछ रकम पहले ही ले ली थी. आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 2.5 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे. इसके बाद बाकी 6.5 लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था.

आरोप है कि आरोपियों के कहने पर शिकायतकर्ता ने रिश्वत की रकम देने के लिए दो अलग-अलग चेक भी दिए थे. इनमें 3.8 लाख रुपये और 2.2 लाख रुपये के चेक शामिल थे. दोनों चेक की कुल रकम 6 लाख रुपये थी. इसके अलावा 50,000 रुपये नकद देने की बात भी तय हुई थी.

CBI ने ऐसे एजेंट को रिश्वत लेते पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद CBI ने 18 नवंबर 2026 को मामला दर्ज किया और उसी दिन जाल बिछाया. इस दौरान एक डायरेक्ट सेलिंग एजेंट को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर और दूसरे डायरेक्ट सेलिंग एजेंट को भी इस मामले में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार कर लिया गया.

आरोपियों के घर पर भी की गई तलाशी

CBI ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के घरों पर भी तलाशी ली. इस दौरान मामले से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी जब्त की गई. तीनों आरोपियों को 19 नवंबर 2026 को देहरादून की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. CBI की पुलिस हिरासत रिमांड की अर्जी पर 23 नवंबर 2026 को सुनवाई होगी. फिलहाल, इस मामले में CBI की आगे की जांच जारी है.

इसे भी पढ़ें- Gold Price: सोने की चमक पड़ी फीकी, एक हफ्ते में 7% से ज्यादा लुढ़का भाव, चांदी में 13% की गिरावट