अब नहीं मिलेगा Form 16, सरकार ला रही है नया Form 130; क्या बदल जाएगा आपका टैक्स सिस्टम

1 अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स कानून लागू होगा और इसके साथ ही फॉर्म 16 की जगह फॉर्म 130 ले लेगा. यह बदलाव सुनने में भले नया लगे, लेकिन इसका काम लगभग वही रहेगा. यानी कर्मचारियों को अपनी सैलरी, टैक्स कटौती और टैक्स जमा होने की पूरी जानकारी इसी फॉर्म में मिलेगी.

इनकम टैक्स Image Credit: FREE PIK

Form 130: सैलरी पाने वाले कर्मचारियों के लिए एक बड़ा बदलाव आने वाला है. जिस फॉर्म 16 के जरिए अब तक टैक्स से जुड़ी जानकारी मिलती थी, उसे अब बदला जा रहा है. 1 अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स कानून लागू होगा और इसके साथ ही फॉर्म 16 की जगह फॉर्म 130 ले लेगा. यह बदलाव सुनने में भले नया लगे, लेकिन इसका काम लगभग वही रहेगा. यानी कर्मचारियों को अपनी सैलरी, टैक्स कटौती और टैक्स जमा होने की पूरी जानकारी इसी फॉर्म में मिलेगी. ऐसे में हर नौकरीपेशा व्यक्ति के लिए यह समझना जरूरी है कि फॉर्म 130 क्या है, कब मिलेगा और इसमें क्या-क्या जानकारी होगी.

फॉर्म 16 की जगह अब फॉर्म 130

1 अप्रैल 2026 से फॉर्म 16 की जगह फॉर्म 130 लागू होगा. यह नया फॉर्म इनकम टैक्स एक्ट 2025 के तहत आएगा. हालांकि इसका काम वही रहेगा, जो फॉर्म 16 करता था. यानी यह बताएगा कि आपकी सैलरी से कितना टैक्स कटा और सरकार के पास जमा हुआ. पहला फॉर्म 130 कर्मचारियों को 15 जून 2027 तक मिलेगा. इसमें टैक्स ईयर 2026-27 की जानकारी होगी. वहीं जून 2026 में अभी भी फॉर्म 16 ही मिलेगा, जिसमें 2025-26 की जानकारी होगी.

फॉर्म 130 में क्या जानकारी होगी

फॉर्म 130 में आपकी सैलरी, टैक्स कटौती, छूट और कुल टैक्स की पूरी जानकारी होगी. यह तीन हिस्सों में होगा. पार्ट A में कर्मचारी और कंपनी की जानकारी होगी. पार्ट B में टैक्स कटौती का विवरण होगा. पार्ट C में पूरी टैक्स कैलकुलेशन दी जाएगी. यह फॉर्म सिर्फ नौकरीपेशा लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि कुछ सीनियर सिटीजन के लिए भी लागू होगा. इसमें उनकी पेंशन और ब्याज से जुड़ी इनकम की जानकारी भी दी जाएगी.

क्या एक से ज्यादा फॉर्म मिल सकते हैं

अगर आपने एक साल में एक से ज्यादा कंपनी में काम किया है, तो आपको अलग-अलग कंपनियों से अलग-अलग फॉर्म 130 मिलेंगे. यानी हर कंपनी अपना फॉर्म देगी. फॉर्म 130 को इनकम टैक्स रिटर्न के साथ लगाने की जरूरत नहीं है. लेकिन इसे अपने रिकॉर्ड के लिए संभालकर रखना जरूरी है.

गलती होने पर कैसे सुधार होगा

अगर फॉर्म 130 में कोई गलती होती है, तो कंपनी उसे ठीक कर सकती है. इसके लिए उसे नया TDS स्टेटमेंट फाइल करना होगा. इसके बाद नया सही फॉर्म जारी किया जाएगा. हर साल फॉर्म 130 जारी करने की आखिरी तारीख 15 जून होगी. यानी जिस साल का टैक्स होगा, उसके अगले साल जून तक यह फॉर्म मिल जाएगा. कंपनियों के लिए फॉर्म 130 देना जरूरी होगा.

यह भी पढ़ें: इस पावर स्‍टॉक पर रखें नजर, कंपनी दे रही 1 पर 1 बोनस शेयर फ्री, रिकॉर्ड डेट तय; मुकुल अग्रवाल का भी है दांव

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.