PPF में 5 अप्रैल से पहले करें निवेश, बन सकता है ₹40 लाख फंड; 1 दिन की देरी से हो सकता है 3 लाख तक का नुकसान

पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में निवेश करने वालों के लिए सही समय बेहद महत्वपूर्ण है. अगर आप हर साल 5 अप्रैल से पहले निवेश करते हैं, तो आपको पूरे साल का ब्याज मिलता है, जिससे लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार हो सकता है. वहीं, सिर्फ एक दिन की देरी भी आपको लाखों रुपये का नुकसान कर सकती है.

Investment in PPF Before 5 April Image Credit: @AI/Money9live/chatGpt

Investment in PPF Before 5 April: पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) लंबी अवधि के लिए सुरक्षित और टैक्स-फ्री निवेश का एक भरोसेमंद विकल्प है. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसमें निवेश का सही समय भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है. अगर आप हर साल 5 अप्रैल से पहले पैसा जमा करते हैं, तो आपको पूरे साल का ब्याज मिलता है और लंबे समय में आपका फंड लाखों रुपये तक बढ़ सकता है.

क्यों जरूरी है 5 अप्रैल से पहले निवेश करना?

PPF में ब्याज हर महीने की 5 तारीख से महीने के आखिरी दिन के बीच सबसे कम बैलेंस पर कैलकुलेट होता है. इसलिए अगर आप 1 से 5 अप्रैल के बीच निवेश करते हैं, तो आपको अप्रैल महीने से ही ब्याज मिलना शुरू हो जाता है.

लेकिन अगर आप 6 अप्रैल या उसके बाद निवेश करते हैं, तो उस महीने का ब्याज नहीं मिलता और गणना अगले महीने से शुरू होती है. इससे हर साल एक महीने का ब्याज कम हो जाता है.

छोटा अंतर, लेकिन बड़ा असर

मान लीजिए आप हर साल 1 लाख रुपये निवेश करते हैं तो 5 अप्रैल से पहले निवेश करने पर आपको करीब ₹7,100 (7.1% PA) सालाना ब्याज मिल सकता है. वहीं 6 अप्रैल के बाद निवेश करने पर यह घटकर लगभग ₹6,508 रह जाता है.

यानी हर साल करीब ₹592 का फर्क पड़ता है. यह रकम छोटी लग सकती है, लेकिन कंपाउंडिंग के कारण यह अंतर समय के साथ काफी बढ़ जाता है.

15 साल में लाखों का फायदा

PPF की अवधि 15 साल होती है. अगर आप हर साल अप्रैल की शुरुआत में निवेश करते हैं, तो आपका पैसा ज्यादा समय तक कंपाउंड होता है. अगर आप हर साल 1.5 लाख रुपये (अधिकतम) निवेश करते हैं तो 15 साल बाद –

  • कुल निवेश ₹22.5 लाख
  • मैच्योरिटी लगभग ₹40.68 लाख


देरी से निवेश करने पर मैच्योरिटी घटकर लगभग ₹37.80 लाख रह जाएगा. यानी केवल सही समय पर निवेश करके आप करीब ₹2.5 से ₹3 लाख तक ज्यादा कमा सकते हैं.

PPF में सिर्फ निवेश करना ही नहीं, बल्कि सही समय पर निवेश करना भी बेहद जरूरी है. हर साल 5 अप्रैल से पहले पैसा जमा करने की आदत आपके रिटर्न को काफी बढ़ा सकती है और भविष्य के लिए मजबूत फंड तैयार करने में मदद करती है.