NRO vs NRE अकाउंट: NRI के लिए कौन सा खाता सही, टैक्स से लेकर पैसे ट्रांसफर तक समझें पूरी डिटेल
विदेश में काम करने वाले भारतीयों यानी NRI के लिए भारत में बैंकिंग व्यवस्था थोड़ी अलग होती है. इसलिए कौन-सा बैंक अकाउंट खोलना सही रहता है इसकी जानकारी होना जरूरी है. फेमा के नियम के तहत एनआरआई के लिए तीन तरह के अकाउंट की सुविधा होती है, जिनमें NRO और NRE सबसे ज्यादा पॉपुलर हैं. तो क्या है इनकी खासियत जानें डिटेल.
NRO vs NRE Account: अगर आप NRI हैं या विदेश में काम करने की योजना बना रहे हैं, तो भारत में बैंक अकाउंट को लेकर सही जानकारी होना बेहद जरूरी है. क्योंकि विदेश में काम करने वाले भारतीयों यानी NRI के लिए भारत में बैंकिंग व्यवस्था थोड़ी अलग होती है. आम सेविंग अकाउंट की जगह उन्हें खास तरह के अकाउंट रखने होते हैं, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा NRO और NRE अकाउंट की होती है. इन दोनों अकाउंट के नियम, टैक्स और पैसे भेजने की सुविधा अलग-अलग होती है. सही जानकारी न होने पर कई बार लोग टैक्स ज्यादा दे देते हैं या पैसे ट्रांसफर में परेशानी झेलते हैं. इसलिए दोनों अकाउंट के बीच फर्क समझना जरूरी है.
कौन होता है NRI?
FEMA के नियम के तहत जो भारतीय नागरिक या भारतीय मूल का व्यक्ति (PIO) भारत से बाहर रहता है, उसे NRI कहा जाता है. ऐसे लोगों को भारत में तीन तरह के अकाउंट खोलने की सुविधा होती है, जिनमें NRO, NRE और FCNR शामिल होते हैं.
NRO अकाउंट क्या है और कैसे काम करता है?
जब कोई भारतीय नागरिक FEMA के तहत नॉन रेजिडेंट बन जाता है तो उसे अपने मौजूदा बैंक अकाउंट को NRO अकाउंट में बदलना जरूरी होता है. वह NRI बनने के बाद कभी भी NRO खाता खोल सकता है. एक विदेशी नागरिक जो PIO नहीं है, वह भी भारत में अपने प्रवास के दौरान NRO खाता खोल सकता है. हालांकि, पाकिस्तान या बांग्लादेश के नागरिकों को NRO खाता खोलने के लिए RBI की पहले परमिशन लेनी होती है. यह अकाउंट भारत में होने वाली कमाई जैसे किराया, डिविडेंड, पेंशन या प्रॉपर्टी बिक्री की रकम रखने के लिए इस्तेमाल होता है.
NRO अकाउंट सेविंग, करंट, फिक्स्ड डिपॉजिट या रिकरिंग किसी भी रूप में खोला जा सकता है. इसमें आप विदेश से पैसे भेज सकते हैं और भारत में भी जमा कर सकते हैं. इस अकाउंट को आप अकेले या किसी रेजिडेंट या NRI के साथ जॉइंट रूप में भी खोल सकते हैं. आप विदेश से बैंकिंग चैनल के जरिए अपने NRO खाते में पैसा भेज सकते हैं. आप भारत में रहते समय 5000 डॉलर तक विदेशी मुद्रा यानी करेंसी, डिक्लेरेशन फॉर्म के साथ जमा कर सकते हैं.
हालांकि इस अकाउंट से विदेश में पैसे भेजने की लिमिट होती है. एक वित्त वर्ष में अधिकतम 10 लाख डॉलर तक ही रकम बाहर भेजी जा सकती है और उस पर टैक्स नियम भी लागू होते हैं.
NRE अकाउंट क्या है और क्यों है खास?
NRE अकाउंट सिर्फ NRI ही खोल सकते हैं और यह पूरी तरह विदेश से आने वाली कमाई के लिए होता है. इसमें जमा पैसा पूरी तरह रिपैट्रिएबल यानी कभी भी विदेश भेजा जा सकता है और इसकी कोई सीमा नहीं होती. इस अकाउंट में केवल वही पैसा जमा किया जा सकता है जो विदेश से आया हो या कुछ चुनिंदा स्रोतों से प्राप्त हुआ हो. इसे भी सेविंग, करंट या FD के रूप में खोला जा सकता है. एक खास बात यह है कि NRE अकाउंट को केवल NRI ही खोल सकता है और इसमें जॉइंट होल्डर भी NRI ही होना चाहिए.
आप अपने NRE खाते में जमा राशि का उपयोग निवेश करने के लिए भी कर सकते हैं. चाहे वह धन-वापसी (repatriation) के आधार पर हो या किसी दूसरे काम के लिए. आप इसका उपयोग अपने होम लोन की EMI का भुगतान करने के लिए भी कर सकते हैं. इसके अलावा, आपको इस खाते में जमा राशि के बदले भारत या विदेश दोनों ही जगहों पर लोन लेने की सुविधा मिलती है.
टैक्स में बड़ा अंतर
NRO और NRE अकाउंट का सबसे बड़ा फर्क टैक्स में देखने को मिलता है. NRO अकाउंट पर मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्सेबल होता है और बैंक TDS भी काटता है.
वहीं NRE अकाउंट पर मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स फ्री होता है, लेकिन यह सुविधा तब तक ही मिलती है जब तक आप NRI हैं. भारत लौटने के बाद इस पर टैक्स लगने लगता है.
जरूरी सावधानी
आप NRE अकाउंट से पैसा NRO में ट्रांसफर कर सकते हैं, लेकिन एक बार पैसा NRO में चला गया तो उसकी फ्री रिपैट्रिएशन सुविधा खत्म हो जाती है. इसलिए ऐसा करने से पहले अच्छी तरह सोच लें.
किसे चुनें और कब?
अगर आपकी आय भारत से हो रही है तो NRO अकाउंट जरूरी है. वहीं अगर आप विदेश में कमाई कर रहे हैं और पैसा भारत में रखना चाहते हैं तो NRE अकाउंट बेहतर विकल्प है. दोनों अकाउंट अपने-अपने उपयोग के हिसाब से महत्वपूर्ण हैं और समझदारी इसी में है कि जरूरत के अनुसार सही अकाउंट चुना जाए.
लेखक एक टैक्स और इंवेस्टमेंट एक्सपर्ट हैं. यहां व्यक्त विचार उनके निजी हैं. आप उन्हें jainbalwant@gmail.com पर या ट्विटर हैंडल @jainbalwant पर संपर्क कर सकते हैं.
