नहीं मिल रही है LPG तो लें PNG कनेक्शन, ऐसे पता करें आपके शहर में है या नहीं; जानें कितने दिन में मिलेगी सुविधा

पश्चिम एशिया में तेल संकट के बीच सरकार ने लोगों से अपील की है कि जहां संभव हो वहां एलपीजी सिलेंडर की जगह पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लें. देश में करीब 1.5 करोड़ घरों में पहले से PNG है, जबकि लगभग 60 लाख घर पाइपलाइन के पास हैं. आवेदन के बाद आमतौर पर 2-4 हफ्तों में प्रक्रिया शुरू हो जाती है और कनेक्शन मिल सकता है.

एलपीजी से पीएनजी कनेक्शन कैसे लें Image Credit: AI

पश्चिम एशिया में जारी तेल संकट का असर भारत के घरों तक भी दिखने लगा है. कई जगहों पर एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है और लोग घबराकर सिलेंडर बुक कराने लगे हैं. इसी बीच केंद्र सरकार ने लोगों से अपील की है कि जिन इलाकों में गैस पाइपलाइन मौजूद है, वहां रहने वाले परिवार एलपीजी की जगह पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG कनेक्शन लेने पर विचार करें. इससे न सिर्फ एलपीजी पर दबाव कम होगा बल्कि घरों को लगातार गैस की सप्लाई भी मिल सकेगी. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एलपीजी की स्थिति चिंता का विषय है, लेकिन सरकार सप्लाई बनाए रखने के लिए काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि लोग घबराकर सिलेंडर जमा न करें और जहां संभव हो वहां PNG कनेक्शन लें. सरकार के मुताबिक अभी देश में लगभग 1.5 करोड़ घरेलू PNG उपभोक्ता हैं जिन्हें लगातार गैस मिल रही है. इसके अलावा करीब 60 लाख ऐसे घर हैं जो गैस पाइपलाइन नेटवर्क के पास हैं और आसानी से PNG कनेक्शन ले सकते हैं. अगर ये परिवार PNG पर शिफ्ट होते हैं तो एलपीजी की मांग पर काफी हद तक दबाव कम किया जा सकता है.

PNG और LPG में क्या अंतर है

एलपीजी का पूरा नाम Liquefied Petroleum Gas है, जो सिलेंडर में भरकर घरों तक पहुंचाया जाता है. इसे खत्म होने पर दोबारा बुक करना पड़ता है. इसके उलट PNG यानी Piped Natural Gas पाइपलाइन के जरिए सीधे घर के किचन तक पहुंचती है. इसमें सिलेंडर रखने की जरूरत नहीं होती और गैस की सप्लाई 24 घंटे मिलती रहती है. PNG के कुछ बड़े फायदे भी हैं. जैसे इसमें सिलेंडर बुक करने की झंझट नहीं होती, किचन में जगह नहीं घेरती और गैस का बिल इस्तेमाल के हिसाब से आता है.

कितने दिन में मिलता है नया कनेक्शन

PNG कनेक्शन लेने की प्रक्रिया आमतौर पर बहुत लंबी नहीं होती. आवेदन के बाद कंपनी पहले इलाके का निरीक्षण करती है कि पाइपलाइन आपके घर तक पहुंच सकती है या नहीं. अगर तकनीकी रूप से संभव हुआ तो आम तौर पर 2 से 4 हफ्ते के भीतर निरीक्षण और पाइपलाइन इंस्टॉलेशन का काम शुरू हो जाता है. कई मामलों में पूरी प्रक्रिया 3 महीने के भीतर पूरी कर दी जाती है. किचन तक अंदर पाइपलाइन लगाने में आम तौर पर 3 से 5 हफ्ते लग सकते हैं, जो पाइपलाइन की लंबाई और तकनीकी स्थिति पर निर्भर करता है.

नया PNG कनेक्शन कैसे लें?

PNG कनेक्शन के लिए आवेदन करना भी काफी आसान है. सबसे पहले अपने शहर की गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है. इसके अलावा ग्राहक सेवा नंबर पर कॉल करके भी आवेदन किया जा सकता है. उदाहरण के तौर पर IGL का टोल-फ्री नंबर 1800-102-5109 है. रजिस्ट्रेशन के बाद कंपनी की टीम आपके घर का सर्वे करती है. सर्वे सफल होने पर सुरक्षा जमा और इंस्टॉलेशन शुल्क जमा करना होता है. कई मामलों में यह खर्च लगभग 6000 रुपये के आसपास होता है, जिसमें उपकरण और इंस्टॉलेशन शामिल होता है.

कौन-कौन से दस्तावेज लगते हैं

PNG कनेक्शन लेने के लिए कुछ सामान्य दस्तावेज जमा करने होते हैं. आमतौर पर आधार कार्ड, पते का प्रमाण और घर के मालिक का NOC मांगा जाता है. अगर किराए के घर में रहते हैं तो रेंट एग्रीमेंट भी दिया जा सकता है. कई कंपनियां करीब 7000 रुपये का रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट लेती हैं, जिसमें इंस्टॉलेशन और उपभोग सुरक्षा राशि शामिल होती है.

अपने शहर या इलाके में PNG कनेक्शन उपलब्ध है या नहीं, ऐसे करें पता

अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपके शहर या मोहल्ले में पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG की सुविधा है या नहीं, तो इसके लिए कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं. ऑनलाइन जानकारी लेने से लेकर स्थानीय स्तर पर पूछताछ तक कई तरीके हैं जिनसे आप आसानी से पता लगा सकते हैं कि आपके घर तक PNG कनेक्शन मिल सकता है या नहीं.

ऑनलाइन तरीके से PNG उपलब्धता चेक करें

सबसे आसान तरीका इंटरनेट के जरिए जानकारी लेना है. सबसे पहले अपने शहर के साथ PNG प्रदाता कंपनी का नाम सर्च करें. उदाहरण के तौर पर दिल्ली में Indraprastha Gas Limited (IGL), मुंबई में Mahanagar Gas Limited (MGL) और गुजरात में Gujarat Gas जैसी कंपनियां पाइप्ड गैस सेवा देती हैं.

इन कंपनियों की वेबसाइट पर आमतौर पर Check PNG Availability या New Connection Inquiry का विकल्प मिलता है. यहां आप अपने राज्य, जिला और पिनकोड की जानकारी भरकर देख सकते हैं कि आपका इलाका PNG कनेक्शन के लिए उपलब्ध है या नहीं. अगर वेबसाइट पर आपका इलाका Open for Registration या Available दिखता है, तो आप नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं.

गैस कंपनी से सीधे संपर्क करें

अगर ऑनलाइन जानकारी साफ न मिले तो संबंधित गैस कंपनी से सीधे संपर्क करना भी अच्छा तरीका है. आप कंपनी के टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करके अपने इलाके का पिनकोड बताकर पूछ सकते हैं कि वहां PNG कनेक्शन उपलब्ध है या नहीं. इसके अलावा शहर में मौजूद City Gas Distribution (CGD) कंपनी के कार्यालय में जाकर भी जानकारी ली जा सकती है.

भारत में PNG सेवा देने वाली प्रमुख कंपनियां

भारत के अलग-अलग शहरों में कई कंपनियां पाइप्ड गैस सेवा देती हैं. दिल्ली-एनसीआर में Indraprastha Gas Limited (IGL). मुंबई और पुणे में Mahanagar Gas Limited (MGL), गुजरात में Gujarat Gas Limited, दूसरे राज्यों में Adani Total Gas, GAIL Gas, Think Gas और Megha Gas जैसी कंपनियां कई शहरों में PNG सेवा उपलब्ध करा रही हैं.

इसे भी पढ़ें- विजय केडिया का इन 3 शेयरों पर बड़ा दांव, कर्ज नामात्र के बराबर, RoE और RoCE दमदार!