गुरुग्राम में 75% तक उछल सकता है प्रॉपर्टी का भाव, सर्कल रेट बढ़ने से इन इलाकों में महंगी होंगी कीमतें
गुरुग्राम में सर्कल रेट संशोधन के बाद प्रॉपर्टी बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. 15 फीसदी से 75 फीसदी तक बढ़े नए रेट्स से जहां ट्रांजैक्शन में पारदर्शिता आएगी, वहीं घर खरीदना और महंगा हो जाएगा, खासकर SPR, Golf Course Extension और Dwarka Expressway जैसे हॉटस्पॉट इलाकों में.

Gurugram Circle Rate Surge: गुरुग्राम का रियल एस्टेट बाजार साल 2026 में एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है. सरकार की ओर से सर्कल रेट (कलेक्टर रेट) में किए गए संशोधन के बाद शहर में प्रॉपर्टी की कीमतों में 15 फीसदी से लेकर 75 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. ये नए रेट 1 अप्रैल से लागू हो चुके हैं और इसका सीधा असर रेजिडेंशियल, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल सभी तरह की संपत्तियों पर पड़ेगा. लंबे समय से गुरुग्राम में सर्कल रेट बाजार कीमतों से काफी कम थे, जिसके चलते प्रॉपर्टी डील्स में अंडरवैल्युएशन की गुंजाइश बनी रहती थी. अब सरकार ने इन्हें वास्तविक बाजार कीमतों के करीब लाने की कोशिश की है, जिससे ट्रांजैक्शन में ट्रांसपैरेंसी बढ़ेगी, लेकिन साथ ही प्रॉपर्टी खरीदना और महंगा हो जाएगा.
क्या है सर्कल रेट?
सर्कल रेट वह न्यूनतम मूल्य होता है, जिस पर स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन चार्ज की गणना की जाती है. ऐसे में इन दरों के बढ़ने का मतलब है कि घर खरीदारों और निवेशकों को अब ज्यादा स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस चुकानी होगी. इससे कुल प्रॉपर्टी खरीद लागत में बड़ा इजाफा होगा. खासकर उन इलाकों में जहां पहले से ही कीमतें ऊंची हैं, वहां यह बढ़ोतरी खरीदारों के बजट पर दबाव डाल सकती है.
गुरुग्राम के किन इलाकों में कितनी बढ़ेगी कीमत?
गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में इस बार सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई है. साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के आसपास के सेक्टर, जैसे 63, 63A, 64 और 67 में रेजिडेंशियल सर्कल रेट करीब 45 फीसदी बढ़कर 58,500 रुपये प्रति वर्ग गज से 84,825 रुपये प्रति वर्ग गज हो गए हैं. वहीं सेक्टर 62, 65, 66, 69, 70, 71 और 72 में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ दरें 91,000 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गई हैं. इन क्षेत्रों में कमर्शियल प्रॉपर्टी के रेट भी 2 लाख से बढ़कर 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग गज हो गए हैं, जो मजबूत मांग को दर्शाता है.
इन जगहों पर 75 फीसदी तक की बढ़ोतरी
पुराने और स्थापित सेक्टर भी इस बदलाव से अछूते नहीं हैं. सेक्टर 15 में रेजिडेंशियल रेट लगभग 45 फीसदी बढ़कर 1,24,700 रुपये प्रति वर्ग गज हो गए हैं, जबकि सेक्टर 25 में कमर्शियल रेट में 75 फीसदी की तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो अब 2,43,941 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गए हैं. प्रीमियम लोकेशन DLF फेज-5 में भी 75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इसकी हाई-एंड मार्केट में स्थिति और मजबूत हुई है. हालांकि, कुछ परिपक्व इलाकों जैसे सेक्टर 29 में केवल 15 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई, जो अपेक्षाकृत स्थिर मांग को दर्शाती है.
द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास भी तेजी
द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. यहां कई सेक्टरों में कमर्शियल जमीन के रेट 75 फीसदी तक बढ़कर 2,04,750 रुपये प्रति वर्ग गज हो गए हैं. वहीं सेक्टर 104 से 115 तक के रेजिडेंशियल इलाकों में लगभग 30 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ दरें 2,24,796 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गई हैं. सेक्टर 9 और 9A में कमर्शियल रेट में करीब 45 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है.