रडार पर रखें ये 2 सेमीकंडक्टर स्टॉक्स, 5 साल में दिया 6000% तक रिटर्न, फंडामेंटल भी मजबूत
सरकार के सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के ऐलान के बाद सेमीकंडक्टर और टेक्नोलॉजी से जुड़े शेयरों में ग्रोथ देखने को मिल रही है. MIC Electronics Limited और ASM Technologies Limited जैसे स्टॉक्स ने बीते वर्षों में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिए हैं और अब घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने से इनके लिए नए अवसर बन सकते हैं. दोनों कंपनियां टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़ी सेवाओं व समाधानों पर काम कर रही हैं, जिससे लॉन्ग टर्म ग्रोथ की संभावनाएं बनी हुई हैं.
Semiconductor Stocks in focus: केंद्र सरकार ने बजट 2026-27 में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 लॉन्च कर टेक्नोलॉजी सेक्टर को आगे बढ़ाने का संकेत दिया था. ये डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम में सेमीकंडक्टर की बढ़ती अहमियत को भी दिखाता है. यही वजह है कि सरकार घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करने पर जोर दे रही है. इसका फायदा सेमीकंडक्टर और संबंधित टेक कंपनियों को मिल सकता है. लॉन्ग टर्म में ये सेमीकंडक्टर स्टॉक्स पहले से ही ताबड़तोड़ रिटर्न देकर निवेशकों को मालामाल बना चुके हैं. अब इनके पास आगे बढ़ने का एक और मौका है. तो कौन-से हैं वो शेयर जिनमें दिख रहा है ग्रोथ का दम, आइए जानते हैं.
MIC Electronics Limited
894 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली MIC Electronics का शेयर मंगलवार को 37 रुपये पर बंद हुआ. इसके शेयर साल भर में भले ही डाउन रहे हो, लेकिन लॉन्ग टर्म में इसने दमदार प्रदर्शन किया है. इसने 3 साल में 213 फीसदी और 5 साल में 5,592 यानी करीब 6000 फीसदी तक का रिटर्न दिया है.
कैसा रहा वित्तीय प्रदर्शन?
MIC Electronics Limited ने Q3 FY26 में ₹90.23 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया, जो Q2 FY26 के ₹37.89 करोड़ के मुकाबले करीब 138% अधिक और Q3 FY25 के ₹11.75 करोड़ से लगभग 668% ज्यादा है. हालांकि तिमाही में नेट प्रॉफिट ₹1.88 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही और पिछले साल की समान अवधि के ₹2.17 करोड़ से करीब 13% कम है. यानी कंपनी की टॉपलाइन में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, लेकिन मुनाफे में हल्की गिरावट से मार्जिन पर दबाव नजर आया.
कंपनी का कामकाज
कंपनी LED स्ट्रीट लाइट्स, वीडियो डिस्प्ले और इंटीग्रेटेड पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम जैसे उत्पाद बनाती है, जिनका उपयोग भारतीय रेलवे, स्टेडियम और पब्लिक डिस्प्ले सिस्टम में होता है. अब कंपनी ने मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर पैकेजिंग व टेस्टिंग सॉल्यूशंस में भी कदम बढ़ाया है. ऑस्ट्रेलिया, कोरिया और अमेरिका जैसे बाजारों में भी इसकी मौजूदगी है. सेमीकंडक्टर सेक्टर को बूस्ट दिए जाने का फायदा इस कंपनी को भी मिलने की उम्मीद है.
ASM Technologies Limited
करीब 3,461 करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली ASM Technologies का शेयर शुक्रवार को 2,372 रुपये पर बंद हुआ. शेयर के प्रदर्शन की बात करें तो 6 महीने में भले ही इसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन साल भर में इसने 102 फीसदी, 3 साल में 500 फीसदी और 5 साल में 1385 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया है.
यह भी पढ़ें: ये कंपनी पहली बार बांटेगी बोनस, 10 पर 1 शेयर देगी फ्री, रिकॉर्ड डेट तय होते ही शेयर में लगा अपर सर्किट, अब AI पर दांव
वित्तीय प्रदर्शन कितना मजबूत?
ASM Technologies Limited ने Q3 FY26 में ₹116 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया, जो Q2 FY26 के ₹154.46 करोड़ के मुकाबले करीब 25% कम रहा, लेकिन Q3 FY25 के ₹64.74 करोड़ की तुलना में लगभग 79% ज्यादा है. तिमाही में नेट प्रॉफिट ₹9.3 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही के ₹19.12 करोड़ से करीब 51% कम है, हालांकि सालाना आधार पर यह Q3 FY25 के ₹5.2 करोड़ से करीब 79% ज्यादा है. यानी कंपनी के नतीजों में तिमाही आधार पर दबाव दिखा, लेकिन साल-दर-साल मजबूत ग्रोथ बरकरार रही.
कंपनी का कारोबार
कंपनी इंजीनियरिंग सर्विसेज और प्रोडक्ट इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम करती है और सेमीकंडक्टर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स को सेवाएं देती है. PVD, CVD, RTP, Etch, CMP और इंस्पेक्शन टूल्स जैसे सेमीकंडक्टर प्रोसेसेज में इसकी अच्छी पकड़ है. ऐसे में सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के ऐलान के बाद ये कंपनी भी निवेशकों के रडार पर आ सकती है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.