Swiggy इंस्टामार्ट में बड़ा फेरबदल, COO अंकित जैन और CBO हरि कुमार ने दिया इस्तीफा; जानें डिटेल

स्विगी की क्विक कॉमर्स यूनिट इंस्टामार्ट में शीर्ष स्तर पर बदलाव देखने को मिला है. कंपनी के सीओओ अंकित जैन और सीबीओ हरि कुमार ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है. दोनों अधिकारियों ने निजी कारणों का हवाला दिया है.

कंपनी के सीओओ अंकित जैन और सीबीओ हरि कुमार ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है.

Ankit Jain: स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के COO अंकित जैन और CBO अधिकारी हरि कुमार ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है. दोनों अधिकारियों ने निजी कारणों का हवाला देते हुए कंपनी छोड़ने का फैसला किया है. यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब इंस्टामार्ट क्विक कॉमर्स बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है और सेक्टर में कंपटीशन लगातार बढ़ रही है.

निजी कारणों से छोड़ी कंपनी

ET की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंकित जैन और हरि कुमार दोनों ने निजी कारणों के चलते इस्तीफा दिया है. दोनों अधिकारी पहले फ्लिपकार्ट में भी काम कर चुके हैं और बाद में स्विगी इंस्टामार्ट से जुड़े थे. कंपनी की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

2025 में इंस्टामार्ट से जुड़े थे अंकित जैन

अंकित जैन मई 2025 में इंस्टामार्ट से जुड़े थे. वह क्विक कॉमर्स कारोबार के संचालन, डार्क स्टोर नेटवर्क, सप्लाई चेन डिजाइन और स्टॉक प्लानिंग जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे. उनके नेतृत्व में इंस्टामार्ट ने अपने ऑपरेशन नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठाए थे.

हरि कुमार भी निभा रहे थे अहम भूमिका

हरि कुमार नवंबर 2024 में इंस्टामार्ट से जुड़े थे. वह कंपनी के बिजनेस ऑपरेशन और ग्रोथ रणनीति से जुड़े काम देख रहे थे. उन्होंने इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश झा के साथ मिलकर कारोबार विस्तार की योजनाओं पर काम किया. अमितेश झा भी फ्लिपकार्ट के पूर्व अधिकारी रह चुके हैं.

नए अधिकारियों की तलाश में कंपनी

स्विगी ने इन पदों के लिए नए अधिकारियों की तलाश शुरू कर दी है. कंपनी जल्द ही सीनियर मैनेजमेंट लेवल पर नई नियुक्तियां कर सकती है. बताया जा रहा है कि एक नए अधिकारी की पहचान भी कर ली गई है, जो जल्द कंपनी में शामिल हो सकते हैं.

हाल में बोर्ड स्तर पर भी हुआ बदलाव

इससे पहले अप्रैल में स्विगी ने अपने को फाउंडर और इनोवेशन प्रमुख नंदन रेड्डी के पद छोड़ने की घोषणा की थी. इसके बाद कंपनी ने मुख्य ग्रोथ अधिकारी फानी Phani Kishan Addepalli और मुख्य वित्त अधिकारी राहुल बोथरा को निदेशक मंडल में शामिल किया था. इससे साफ है कि कंपनी में शीर्ष स्तर पर लगातार बदलाव हो रहे हैं.

यह भी पढ़ें- 7.7 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू, फिर भी CFO को 2020 से नहीं मिली सैलरी! Rajesh Exports पर ED के नए खुलासे

क्विक कॉमर्स सेक्टर में बढ़ी कंपटीशन

वर्तमान में ऑर्डर वॉल्यूम के आधार पर इंस्टामार्ट क्विक कॉमर्स बाजार में तीसरे स्थान पर है. इसके आगे ब्लिंकिट और जेप्टो हैं. दूसरी ओर अमेजन नाउ और फ्लिपकार्ट मिनट्स भी तेजी से विस्तार कर रहे हैं. बाजार हिस्सेदारी बनाए रखने के लिए कंपनियां भारी छूट और बेहतर सर्विस पर जोर दे रही हैं. ऐसे में स्विगी के लिए मैनेजमेंट लेवल पर स्थिरता बनाए रखना महत्वपूर्ण माना जा रहा है.