बुक वैल्यू से कम भाव, 6% तक डिविडेंड… मिडिल ईस्ट में शांति से चमक सकते हैं ये 3 शेयर
बुक वैल्यू से नीचे कारोबार कर रहे कुछ दिग्गज शेयर निवेशकों का ध्यान खींच रहे हैं. ONGC, IOCL और PTC India जैसी कंपनियां न सिर्फ मुनाफे में हैं, बल्कि 4.8% से 6% तक डिविडेंड यील्ड भी दे रही हैं. हालांकि निवेश से पहले कंपनी की वित्तीय स्थिति, कारोबार और जोखिम को समझना जरूरी है.

Stocks Below Book Value: अगर आप ऐसे शेयरों की तलाश में हैं, जहां सिर्फ कमाई की उम्मीद ही नहीं बल्कि हर साल डिविडेंड से भी अच्छी आमदनी हो, तो यह खबर आपके काम की है. बाजार में कुछ बड़े और मुनाफे वाली कंपनियों के शेयर इस समय उनकी बुक वैल्यू से भी कम कीमत पर कारोबार कर रहे हैं. यानी बाजार इन कंपनियों को उनकी नेट वैल्यू से कम भाव दे रहा है. इस लिस्ट में उन कंपनियों को शामिल किया गया है, जिनका मार्केट कैप 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है, शेयर का भाव उसकी बुक वैल्यू से कम है, डिविडेंड यील्ड 3 फीसदी से ज्यादा है और हाल की तिमाही में कंपनी मुनाफे में रही है. इन मानकों पर तीन कंपनियां सबसे अलग नजर आती हैं.
ONGC: कम कीमत, अच्छा डिविडेंड
ONGC देश की सबसे बड़ी तेल और गैस उत्पादक कंपनी है. 18 जून 2026 को इसका शेयर करीब 244 रुपये पर कारोबार करके बंद हुआ, जबकि इसकी बुक वैल्यू 296 रुपये प्रति शेयर है. यानी शेयर अपनी बुक वैल्यू से नीचे मिल रहा है. कंपनी का डिविडेंड यील्ड करीब 5.03% है.
ONGC एक नजर में
| क्या है | जानकारी |
|---|---|
| 12 महीने( TTM) का रेवेन्यू ग्रोथ | 4% |
| मुनाफे (PAT) में बढ़ोतरी | 26% |
| डिविडेंड यील्ड | 5.03% |
| शेयर का मौजूदा भाव | ₹244 |
| प्रति शेयर बुक वैल्यू | ₹296 |
| पूंजी पर रिटर्न (RoCE) | 14.2% |
| इक्विटी पर रिटर्न (RoE) | 11.7% |
12 महीने में कंपनी की आय 4 फीसदी बढ़कर 6,24,459 करोड़ रुपये रही, जबकि कंसोलिडेटेड मुनाफा 30% बढ़कर 49,793 करोड़ रुपये पहुंच गया. कंपनी अब गैस कारोबार पर ज्यादा फोकस कर रही है और कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. हालांकि कच्चे तेल की कीमत, गैस प्राइसिंग और सरकारी नीतियां इसके कारोबार को प्रभावित कर सकती हैं.
शेयर ने कितना रिटर्न दिया?
कंपनी के शेयर ने पिछले 6 महीनों में 5.34 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले 5 वर्षों में इस शेयर ने 97 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 3,08,406 करोड़ रुपये है.
IOCL: मुनाफे में बड़ी छलांग
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) का शेयर भी अपनी बुक वैल्यू से नीचे कारोबार कर रहा है. 18 जून 2026 तक इसका शेयर करीब 146.11 रुपये पर बंद हुआ, जबकि बुक वैल्यू करीब 155 रुपये प्रति शेयर है. कंपनी का डिविडेंड यील्ड करीब 4.8% है.
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की इनकम 4.8% बढ़कर 8,86,224 करोड़ रुपये रही. वहीं मुनाफे में 183.9% की बड़ी बढ़ोतरी हुई और यह 36,802 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. कंपनी रिफाइनरी, पाइपलाइन और पेट्रोकेमिकल परियोजनाओं में बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है. हालांकि कच्चे तेल की कीमत और रिफाइनिंग मार्जिन इसका सबसे बड़ा जोखिम बने हुए हैं.
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?
कंपनी के शेयर ने पिछले एक सप्ताह में 8.52 फीसदी का रिटर्न दिया है. हालांकि, वेस्ट एशिया में बढ़े तनाव की वजह से हाल के दिनों में शेयर पर दबाव देखने को मिला. इसके बावजूद लंबी अवधि में इसने निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया है. पिछले 5 वर्षों में कंपनी के शेयर ने 90 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है.
PTC India: सबसे ज्यादा डिविडेंड यील्ड
PTC India का शेयर भी बुक वैल्यू से कम कीमत पर कारोबार कर रहा है. 18 जून 2026 तक इसका शेयर करीब 188 रुपये पर बंद हुआ, जबकि बुक वैल्यू करीब 202 रुपये प्रति शेयर रही. कंपनी का डिविडेंड यील्ड करीब 6.16% है.
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कारोबार 6.6 फीसदी बढ़कर 36,672 करोड़ रुपये पहुंच गया. बिजली की बढ़ती मांग और पावर ट्रेडिंग में बढ़ोतरी से कंपनी को आगे फायदा मिलने की उम्मीद है. हालांकि इस कारोबार में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है और मुनाफा काफी हद तक ट्रेडिंग वॉल्यूम पर निर्भर करता है.
शेयर ने कितना रिटर्न दिया?
कंपनी के शेयर ने पिछले 6 महीनों में 17 फीसदी का रिटर्न दिया है. वहीं, पिछले एक साल में इसने 7 फीसदी का रिटर्न दिया है. अगर लंबी अवधि की बात करें, तो पिछले 5 वर्षों में कंपनी के शेयर ने 75 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया है.
निवेश से पहले क्या ध्यान रखें?
हालांकि बुक वैल्यू से नीचे मिल रहे शेयर हमेशा सस्ते या बेहतर निवेश नहीं होते. डिविडेंड भी निवेश का सिर्फ एक पहलू है. निवेश से पहले कंपनी का कारोबार, कमाई, कर्ज, भविष्य की योजनाएं और उससे जुड़े जोखिमों को अच्छी तरह समझना जरूरी है. तभी किसी भी शेयर में निवेश का फैसला लेना चाहिए.
इसे भी पढ़ें- सीमेंट स्टॉक्स में आ सकती है तेजी, मिडिल ईस्ट शांति समझौते से चमक सकते हैं ये 4 शेयर; निवेशक रखें नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.