यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में हीटवेव का कहर, आखिर कहां अटका मानसून? जानें कब मिलेगी राहत

उत्तर भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है. यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में अभी भी हीटवेव का असर बना हुआ है, जबकि दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक आंधी और हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून जल्द बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है.

क्या है मौसम का हाल

Weather Update: उत्तर भारत में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. एक तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे उत्तर और पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ कई इलाकों में भीषण गर्मी अभी भी लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार से पांच दिनों में मानसून बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना है. ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के लिए तैयार रहने की जरूरत है.

यहां तक पहुंच चुका है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल महाराष्ट्र के हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फुलबनी, रांची, जमुई, मुजफ्फरपुर होते हुए नेपाल की ओर बढ़ रहा है. अगले चार से पांच दिनों में इसके तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

यूपी, बिहार और दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 24 जून तक हीटवेव चलने की संभावना है. वहीं 18 और 19 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 24 जून तक हीटवेव का असर रहने का अनुमान है.

बिहार

बिहार में 18 से 24 जून तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. 18 से 20 जून के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 18 और 19 जून को 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का भी अनुमान है. 20 से 24 जून तक गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. 18 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव की भी चेतावनी जारी की गई है.

दिल्ली

दिल्ली में 18 से 21 जून के बीच मौसम बदलने वाला है. आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज-चमक, धूलभरी आंधी तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 18 और 19 जून को अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इसके बाद 20 और 21 जून को तापमान घटकर 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक आने का अनुमान है.

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह कई जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसके अलावा सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 से 23 जून के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 18 से 20 जून तक भारी बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कई दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है.

कहां जारी है हीटवेव?

18 जून को बिहार, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 24 जून तक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 24 जून तक, जबकि विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में 18 से 20 जून तक लू चलने की संभावना है.

इन राज्यों में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में अलग-अलग दिनों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर गरज-चमक, धूलभरी आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी अनुमान है.

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से तेज आंधी, बिजली और हीटवेव के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. जरूरत न हो तो दोपहर में धूप में निकलने से बचें. आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.

इसे भी पढ़ें- Closing Bell: निफ्टी 24200 के करीब और सेंसेक्स 254 अंक ऊपर बंद, बाजार में लगातार पांचवें दिन जारी रही तेजी