Groww में बड़ी ब्लॉक डील की तैयारी! ₹4750 करोड़ की बिकेगी हिस्सेदारी, 8.5% डिस्काउंट पर बिकेंगे शेयर
यह ट्रांजैक्शन भारतीय स्टॉक एक्सचेंज के स्क्रीन बेस्ड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए किया जाएगा. बाजार की भाषा में इसे ब्लॉक डील या बड़े संस्थागत प्लेसमेंट के तौर पर देखा जाता है. ऐसे सौदों में आमतौर पर बड़े निवेशक अपनी हिस्सेदारी संस्थागत खरीदारों को बेचते हैं.

ऑनलाइन ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म Groww की पैरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures एक बड़े ब्लॉक डील सौदे को लेकर चर्चा में है. कंपनी के मौजूदा निवेशक Peak XV, Sequoia Capital, Ribbit और YC Holdings अपनी हिस्सेदारी बेचना चाहते हैं. डील टर्म शीट के मुताबिक ये निवेशक मिलकर करीब 4,750 करोड़ रुपये के शेयर बेच सकते हैं. इस सौदे के तहत कुल 26.84 करोड़ शेयरों की बिक्री संभव है, जिससे बाजार में इस स्टॉक को लेकर हलचल बढ़ गई है.
177 रुपये रखा गया फ्लोर प्राइस
इस हिस्सेदारी बिक्री के लिए फ्लोर प्राइस 177 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. यह कीमत बीएसई पर शेयर के मौजूदा बाजार भाव 193.70 रुपये से करीब 8.5 फीसदी कम है. आमतौर पर जब बड़े निवेशक डिस्काउंट पर ब्लॉक डील करते हैं, तो शेयर पर शॉर्ट टर्म दबाव देखने को मिलता है. यही वजह रही कि इस खबर के बाद स्टॉक में बिकवाली बढ़ गई.
शेयर में आई तेज गिरावट
हिस्सेदारी बिक्री की खबर सामने आने के बाद सोमवार को कंपनी के शेयर में तेज कमजोरी देखने को मिली. स्टॉक करीब 11 रुपये या 5.37 फीसदी टूटकर शुक्रवार के 204.70 रुपये के बंद भाव से नीचे आ गया. कारोबार के दौरान शेयर करीब 5.41 फीसदी गिरकर 193.52 रुपये के स्तर पर ट्रेड करता दिखा. बाजार में निवेशकों ने इस बड़े ब्लॉक डील को लेकर सतर्क रुख अपनाया.
कौन-कौन निवेशक बेच रहे हिस्सेदारी?
कंपनी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी बेचने वालों में Peak XV Partners शामिल है. कंपनी के पास 105 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं, जो करीब 16.88 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. वहीं YC Holdings के पास 63.24 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं, जो करीब 10.08 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी को दर्शाता है. इसके अलावा Ribbit Capital के पास 6.90 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि Sequoia Capital के पास 1.57 फीसदी हिस्सेदारी मौजूद है. मार्च 2026 तक के शेयरहोल्डिंग आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है.
कैसे होगा यह सौदा?
यह ट्रांजैक्शन भारतीय स्टॉक एक्सचेंज के स्क्रीन बेस्ड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए किया जाएगा. बाजार की भाषा में इसे ब्लॉक डील या बड़े संस्थागत प्लेसमेंट के तौर पर देखा जाता है. ऐसे सौदों में आमतौर पर बड़े निवेशक अपनी हिस्सेदारी संस्थागत खरीदारों को बेचते हैं.
2025 में आया था IPO
Groww की शुरुआत 2016 में हुई थी. बेंगलुरु बेस्ड यह डिस्काउंट ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म इक्विटी, IPO और डायरेक्ट म्यूचुअल फंड निवेश जैसी सेवाएं देता है. Groww का संचालन Groww Invest Tech Pvt Ltd के तहत होता है, जो SEBI रजिस्टर्ड स्टॉक ब्रोकर और NSE-BSE का सदस्य है. कंपनी का IPO नवंबर 2025 में आया था. इसका कुल इश्यू साइज 6,632.30 करोड़ रुपये था, जिसमें 1,060 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 5,572.30 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल था. कंपनी का शेयर बाजार में लिस्टिंग 12 नवंबर 2025 को हुई थी.
IPO प्राइस से अब भी 94 फीसदी ऊपर
हालिया गिरावट के बावजूद कंपनी का शेयर अब भी अपने IPO प्राइस 100 रुपये से करीब 94 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है. हालांकि पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 10 फीसदी टूट चुका है, लेकिन पिछले तीन महीनों में इसमें करीब 14.77 फीसदी की तेजी आई है. वहीं पिछले एक साल में शेयर करीब 93.52 फीसदी तक चढ़ चुका है, जिससे यह अब भी निवेशकों को मजबूत रिटर्न देने वाले शेयरों में शामिल बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें- मोदी की एक अपील और बुरी तरह टूट गए ज्वेलरी स्टॉक्स! Titan-Kalyan Jewellers जैसे सभी दिग्गज धड़ाम
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.