Adani Ports पर ब्रोकरेज बुलिश, बढ़ाया टारगेट प्राइस, 52-वीक हाई पहुंचे शेयर; जानें पूरी डिटेल
इस डील को ध्यान में रखते हुए ब्रोकरेज ने अपनी SOTP वैल्यूएशन में विजिंजम पोर्ट का मूल्य 2.85 अरब डॉलर माना है. साथ ही Adani Ports पर 'BUY' रेटिंग बरकरार रखते हुए मार्च 2027 का टारगेट प्राइस 1,900 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया है.

Adani Ports Share Price Target : बुधवार को Adani Ports and Special Economic Zone (APSEZ) के शेयरों में तेजी देखने को मिली. कंपनी का शेयर 2.76 प्रतिशत चढ़कर 1,860.20 रुपये पर पहुंच गया और इस दौरान इसने 52 सप्ताह का नया हाई भी छू लिया. पिछले तीन महीनों में शेयर करीब 42 प्रतिशत और एक साल में 28 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ चुका है. कंपनी के शेयरों ने अपना 52-वीक हाई बनाया है. अब ब्रोकरेज हाउस Emkay इस पर बुलिश नजर आ रहा है. आइए जानते हैं ब्रोकरेज ने इसके लिए नया टारगेट प्राइस कितना बताया है?
विजिंजम पोर्ट में 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी MSC की इकाई
Adani Ports ने दुनिया की प्रमुख शिपिंग कंपनी Mediterranean Shipping Company (MSC) की कंटेनर टर्मिनल इकाई Terminal Investment Limited (TiL) के साथ एक अंतिम समझौता किया है.
इस समझौते के तहत TiL, Adani Vizhinjam Port Private Limited (AVPPL) में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी. यह सौदा करीब 1.4 अरब डॉलर (करीब 13,225 करोड़ रुपये) का है, जिससे AVPPL का एंटरप्राइज वैल्यू करीब 2.85 अरब डॉलर आंका गया है. हालांकि, यह डील रेगुलेटरी मंजूरियों के बाद पूरा होगा.
पोर्ट की क्षमता में होगी 3.5 गुना बढ़ोतरी
कंपनी विजिंजम पोर्ट की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता को मौजूदा 16 लाख TEU से बढ़ाकर 57 लाख TEU करने की योजना पर काम कर रही है. यह विस्तार दिसंबर 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है. ब्रोकरेज का मानना है कि MSC के साथ साझेदारी से पोर्ट पर कार्गो ट्रैफिक बढ़ेगा और भविष्य की आय बेहतर तरीके से दिखाई देगी.
पहले से है मजबूत साझेदारी
Adani Ports और MSC पहले से ही मुंद्रा और एन्नोर पोर्ट पर संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं. ऐसे में ब्रोकरेज को इस नए प्रोजेक्ट में किसी तरह की संचालन संबंधी दिक्कत की आशंका नहीं है. विजिंजम पोर्ट ने संचालन शुरू होने के सिर्फ 18 महीनों के भीतर 20 लाख TEU कंटेनर हैंडल करने का रिकॉर्ड बनाया है. इनमें बड़ी हिस्सेदारी MSC के कार्गो की रही है.
बांग्लादेश के कार्गो से भी मिलेगा फायदा
कंपनी मैनेजमेंट का कहना है कि इस साझेदारी के बाद विजिंजम पोर्ट को बांग्लादेश के ट्रांसशिपमेंट कार्गो का बड़ा हिस्सा मिलने की संभावना है. अभी यह कार्गो मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के ट्रांसशिपमेंट हब के जरिए संचालित होता है.
ब्रोकरेज ने बढ़ाया टारगेट प्राइस
इस डील को ध्यान में रखते हुए ब्रोकरेज हाउस EMKAY ने अपनी SOTP वैल्यूएशन में विजिंजम पोर्ट का मूल्य 2.85 अरब डॉलर माना है. साथ ही Adani Ports पर ‘BUY’ रेटिंग बरकरार रखते हुए मार्च 2027 का टारगेट प्राइस 1,900 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया है. ब्रोकरेज का मानना है कि पोर्ट की क्षमता बढ़ने और MSC के साथ मजबूत साझेदारी से कंपनी की लंबी अवधि की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- इस लो-डेट फार्मा शेयर में 13% की तेजी, कंपनी ने किया बड़ा अधिग्रहण, FIIs ने भी लगाया पैसा
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.