जून में GST कलेक्शन ₹1.95 लाख करोड़ तक पहुंचा, 13 महीनों में सबसे तेजी से बढ़ा; इंपोर्ट टैक्स से हुई बंपर कमाई

June GST Collections: इंपोर्ट टैक्स से होने वाली अच्छी कमाई की वजह से GST कलेक्शन 2 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच रहा है. GST रेवेन्यू में सबसे अधिक योगदान देने वाले राज्य महाराष्ट्र में कलेक्शन 9 फीसदी बढ़कर 30,714 करोड़ रुपये हो गया.

जून का GST कलेक्शन Image Credit: @Money9live

June GST Collections: जून महीने में कुल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कलेक्शन पिछले साल जून के 1,71,105 करोड़ रुपये के मुकाबले 13.9 फीसदी बढ़कर 1,94,812 करोड़ रुपये हो गया. इससे पहले मई में कुल GST कलेक्शन 1.94 लाख करोड़ रुपये था, जो पिछले साल के मुकाबले 3.2 फीसदी अधिक था. इंपोर्ट टैक्स से होने वाली अच्छी कमाई की वजह से GST कलेक्शन 2 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच रहा है.

घरेलू रेवेन्यू

जून में कुल घरेलू रेवेन्यू सालाना आधार पर 1,26,505 करोड़ रुपये से 6.5 फीसदी बढ़कर 1,34,774 करोड़ रुपये हो गया. कुल इंपोर्ट रेवेन्यू 34.6 फीसदी बढ़कर 44,608 करोड़ रुपये से 60,038 करोड़ रुपये हो गया.

GST रेवेन्यू

जून में नेट GST रेवेन्यू 11.2 फीसदी बढ़कर 1,62,377 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 1,45,984 करोड़ रुपये था. जून में कुल रिफंड 29.1 फीसदी बढ़कर 32,436 करोड़ रुपये हो गए.

उत्तर प्रदेश और असम में बढ़ा कलेक्शन

राज्यों की बात करें तो, उत्तर प्रदेश और असम में GST कलेक्शन में सबसे अधिक बढ़ोतरी देखी गई, जो क्रमशः 19 प्रतिशत और 17 प्रतिशत रहा. पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र में क्रमशः 14 प्रतिशत, 12 प्रतिशत और 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. तमिलनाडु, राजस्थान और मध्य प्रदेश में क्रमशः 2 प्रतिशत, 5 प्रतिशत और 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.

महाराष्ट्र का सबसे अधिक योगदान

GST रेवेन्यू में सबसे अधिक योगदान देने वाले राज्य महाराष्ट्र में कलेक्शन 9 फीसदी बढ़कर 30,714 करोड़ रुपये हो गया. कर्नाटक में 10 फीसदी और दिल्ली में 8 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

अप्रैल-जून का कलेक्शन

FY27 के पहले तीन महीनों (अप्रैल-जून) में कुल GST कलेक्शन 6,31,699 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 8.4 फीसदी ज्यादा है. इस तिमाही में घरेलू GST रेवेन्यू 2.8% बढ़कर 4,54,427 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इंपोर्ट से मिलने वाला GST रेवेन्यू 26.2% बढ़कर 1,77,273 करोड़ रुपये हो गया.

अप्रैल-जून की अवधि के लिए नेट GST कलेक्शन 5,40,218 करोड़ रुपये रहा, जो साल-दर-साल आधार पर 7.1% ज्यादा है.

यह भी पढ़ें: रिलायंस पावर के शेयर में जोरदार उछाल, AI की तरफ कंपनी ने बढ़ाए कदम; 18 फीसदी उछला स्टॉक