27 अप्रैल को आएंगे Adani Total Gas के नतीजे, क्या मिल सकता है डिविडेंड? 2019 से भर रही है निवेशकों का पॉकेट

Adani Total Gas 27 अप्रैल को अपने Q4 FY26 नतीजे जारी करेगी. कंपनी इस बैठक में डिविडेंड का भी ऐलान कर सकती है. पिछली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 157 करोड़ रुपये रहा था. निवेशकों की नजर अब इस बार के प्रदर्शन और रिटर्न पर टिकी है.

Adani Total Gas Share Image Credit: AI Generated

Adani Total Gas dividend: चौथी तिमाही के नतीजों का सीजन शुरू होते ही निवेशकों की नजर अब Adani Total Gas Ltd पर टिक गई है. गौतम अडानी समूह की इस कंपनी ने अपने Q4 FY26 रिजल्ट्स की तारीख का ऐलान कर दिया है, और इसके साथ ही डिविडेंड को लेकर भी उम्मीदें बढ़ गई हैं. ऐसे में निवेशकों के लिए यह हफ्ता काफी अहम रहने वाला है, क्योंकि नतीजों के साथ कंपनी की आगे की रणनीति की झलक भी मिल सकती है.

कब आएंगे Q4 FY26 के नतीजे?

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया है कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को होगी. इसी बैठक में 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के ऑडिटेड नतीजों (Standalone और Consolidated) को मंजूरी दी जाएगी.

पिछली तिमाही यानी Q3 के नतीजे कंपनी ने शाम करीब 5:49 बजे जारी किए थे. ऐसे में उम्मीद है कि इस बार भी नतीजे 27 अप्रैल को बाजार बंद होने के बाद सामने आ सकते हैं.

क्या मिलेगा डिविडेंड?

नतीजों के साथ कंपनी डिविडेंड का भी ऐलान कर सकती है. एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, बोर्ड इस बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए इक्विटी शेयरधारकों को डिविडेंड देने पर विचार करेगा.

अगर कंपनी के पिछले रिकॉर्ड को देखें तो Adani Total Gas लगातार अपने निवेशकों को डिविडेंड देती रही है. 2025, 2024, 2023, 2022 और 2021, हर साल कंपनी ने 0.25 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दिया है. ऐसे में इस बार भी निवेशकों को समान या बेहतर रिटर्न की उम्मीद है.

ट्रेडिंग विंडो और निवेशक कॉल

कंपनी ने यह भी बताया कि 1 अप्रैल 2026 से उसकी ट्रेडिंग विंडो बंद कर दी गई है, जो नतीजों के 48 घंटे बाद यानी 30 अप्रैल 2026 को फिर से खुलेगी. इसके अलावा, 28 अप्रैल 2026 को कंपनी निवेशकों और एनालिस्ट्स के साथ कॉल भी करेगी, जिसमें नतीजों के साथ-साथ बिजनेस आउटलुक पर चर्चा होगी.

पिछली तिमाही में कैसा रहा प्रदर्शन?

Q3 FY26 में कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा था. Adani Total Gas का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 10% बढ़कर 157 करोड़ रुपये पहुंच गया था, जो पिछले साल इसी तिमाही में 142.38 करोड़ रुपये था.

वहीं, कंपनी की ऑपरेशंस से कमाई 17% बढ़कर 1,631 करोड़ रुपये हो गई. इस दौरान गैस की लागत में 18% की बढ़ोतरी जरूर हुई, लेकिन कंपनी ने कीमतों को संतुलित तरीके से पास किया, ताकि मांग पर असर न पड़े. EBITDA 15% बढ़कर 313 करोड़ रुपये और प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 212 करोड़ रुपये रहा.

यह भी पढ़ें: 500MT कार्गो पार, अब 1 बिलियन टन का लक्ष्य, गौतम अडानी बोले- तेजी से बढ़ेगा बिजनेस, Adani Port पर रखें नजर

शेयर में हल्की कमजोरी

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन कंपनी का शेयर 519.80 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से करीब 0.25% नीचे था.

अब नजर 27 अप्रैल पर है, जहां नतीजों के साथ डिविडेंड और भविष्य की रणनीति का संकेत मिलेगा. अब अगर कंपनी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करती है, तो शेयर में आगे हलचल देखने को मिल सकती है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.