₹35 का शेयर बना रॉकेट! 5 दिन से लगातार लग रहा अपर सर्किट; 1 हफ्ते में 89% की तूफानी छलांग

अमरपाली इंडस्ट्रीज का शेयर निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. 50 रुपये से कम कीमत वाला यह मल्टीबैगर स्टॉक लगातार 5 दिनों से अपर सर्किट में है और एक सप्ताह में करीब 89 फीसदी उछल चुका है. कंपनी का शेयर 35 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है. पिछले 5 वर्षों में इसने 653 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है.

शेयर मार्केट Image Credit: ai/canva

Amrapali Industries Share: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच कुछ छोटे शेयर निवेशकों को चौंकाने वाला रिटर्न दे रहे हैं. ऐसा ही एक नाम है अमरपाली इंडस्ट्रीज, जिसके शेयरों में लगातार पांचवें कारोबारी दिन जोरदार तेजी देखने को मिली. शुक्रवार, 12 जून को कंपनी का शेयर 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 35 रुपये के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया. इस तेजी के साथ कंपनी एक बार फिर निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह शेयर 50 रुपये से भी कम कीमत पर कारोबार कर रहा है, लेकिन इसके रिटर्न किसी बड़े मल्टीबैगर स्टॉक से कम नहीं हैं.

एक हफ्ते में 89 फीसदी की शानदार छलांग

अमरपाली इंडस्ट्रीज के शेयरों में हालिया तेजी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 5 फीसदी बढ़कर 35.09 रुपये पर पहुंच गया. इस तेजी के बाद शेयर का साप्ताहिक रिटर्न 89 फीसदी तक पहुंच गया. यह हाल के वर्षों में शेयर की सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त मानी जा रही है. इतना ही नहीं, यह लगातार तीसरा सप्ताह है जब शेयर में तेजी दर्ज की गई है. इसके अलावा, बीते एक महीने में इसमें 84 फीसदी की तेजी आई है, वहीं बीते तीन महीनों में यह 169.72 फीसदी चढ़ चुका है.

एक्सचेंज ने भी मांगा स्पष्टीकरण

शेयर में लगातार आ रही तेजी ने एक्सचेंज का भी ध्यान खींचा है. 11 जून को बीएसई ने शेयर की असामान्य गतिविधि को लेकर कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा था. हालांकि, खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया था. दिलचस्प बात यह है कि शेयर में तेजी के पीछे कोई बड़ा कॉरपोरेट ऐलान या स्पष्ट फंडामेंटल ट्रिगर सामने नहीं आया है. इसके बावजूद, बढ़ते ट्रेडिंग वॉल्यूम ने शेयर को लगातार खरीदारी के दायरे में बनाए रखा है.

5 साल में 653 फीसदी रिटर्न

अमरपाली इंडस्ट्रीज का लंबी अवधि का प्रदर्शन भी बेहद शानदार रहा है. पिछले 5 वर्षों में यह शेयर 653 फीसदी उछल चुका है. पिछले 2 वर्षों में शेयर ने 147 फीसदी और 3 वर्षों में 171 फीसदी का रिटर्न दिया है. इससे पहले 2021 में भी इस शेयर ने 533 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया था.

मार्च तिमाही में मजबूत नतीजे

कंपनी के वित्तीय नतीजों ने भी निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया है. मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर 18,015.20 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 3,253.09 करोड़ रुपये था. इस तरह कंपनी ने सालाना आधार पर करीब 454 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है. वहीं, तिमाही के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 1 करोड़ रुपये से बढ़कर 8.75 करोड़ रुपये हो गया. यानी कंपनी के मुनाफे में लगभग 774 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली.

पूरे साल में भी दमदार प्रदर्शन

वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 48,417.91 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025 के 25,677.75 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 89 फीसदी अधिक है. वहीं, पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 1.64 करोड़ रुपये से बढ़कर 12.49 करोड़ रुपये पहुंच गया. यह करीब 661 फीसदी की बढ़ोतरी को दिखाता है.

यह भी पढ़ें: US-Iran Deal: सीजफायर बढ़ाने और बिना टोल होर्मुज खोलने पर बन सकती है बात, लेकिन अरबों डॉलर के मामले पर संशय

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.