वॉरेन बफेट के पसंदीदा Apple शेयर पर निवेशकों की नजर, फोल्डेबल आईफोन से बदल सकती है कहानी

Apple के सालाना इवेंट में पहली बार फोल्डेबल आईफोन पेश किए जाने की उम्मीद है. इस लॉन्च पर निवेशकों की नजर रहेगी क्योंकि Apple दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट का पसंदीदा शेयर है. बर्कशायर हैथवे के इक्विटी पोर्टफोलियो में Apple की हिस्सेदारी करीब 22 फीसदी है. कंपनी ने 2016 से 2018 के बीच Apple में करीब 35 अरब डॉलर लगाए थे, जो बाद में बढ़कर करीब 185 अरब डॉलर हो गए. फोल्डेबल आईफोन की कीमत 2000 से 2500 डॉलर हो सकती है.

वॉरेन बफेट के पसंदीदा एपल शेयर पर फोल्डेबल आईफोन लॉन्च का असर देखने को मिल सकता है. Image Credit:

Apple के सालाना इवेंट पर पूरी दुनिया की नजर है. कंपनी इस इवेंट में अपना पहला फोल्डेबल आईफोन पेश कर सकती है. अगर ऐसा होता है तो यह Apple के लिए एक बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च होगा. इस लॉन्च के बाद कंपनी के शेयर में होने वाली हलचल पर निवेशकों की नजर रहेगी. Apple का शेयर दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट का पसंदीदा शेयर रहा है. बर्कशायर हैथवे के पोर्टफोलियो में Apple की हिस्सेदारी करीब 22 फीसदी है. अब नए आईफोन की सफलता कंपनी के शेयर और कमाई दोनों के लिए अहम हो सकती है.

Apple की बड़ी हिस्सेदारी

वॉरेन बफेट ने साल 2016 में Apple के शेयर खरीदने शुरू किए थे. इसके बाद Apple धीरे- धीरे बर्कशायर हैथवे की सबसे बड़ी हिस्सेदारी बन गया. बर्कशायर के करीब 263 अरब डॉलर के इक्विटी पोर्टफोलियो में Apple की हिस्सेदारी लगभग 22 फीसदी है. साल 2016 से 2018 के बीच बर्कशायर ने Apple में करीब 35 अरब डॉलर का निवेश किया था. बफेट के मुताबिक यह निवेश बाद में बढ़कर टैक्स से पहले करीब 185 अरब डॉलर हो गया. इसमें डिविडेंड और शेयर से हुई कमाई भी शामिल है.

बफेट ने कहा कुछ करने की जरूरत ही नहीं पड़ी

Apple में निवेश से हुई शानदार कमाई का जिक्र करते हुए बफेट ने कहा था कि उनका करीब 35 अरब डॉलर का निवेश तेजी से बढ़कर लगभग 185 अरब डॉलर हो गया. उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान उन्हें कुछ खास करने की जरूरत नहीं पड़ी. Apple की मजबूत बिक्री, लोकप्रिय आईफोन और लगातार बढ़ते कारोबार ने शेयर को लंबी अवधि में मजबूत प्रदर्शन करने में मदद की. यही वजह है कि Apple बर्कशायर के पोर्टफोलियो में सबसे महत्वपूर्ण निवेशों में से एक बना हुआ है.

फोल्डेबल आईफोन पेश करने की तैयारी

Apple के नए इवेंट में पहली बार फोल्डेबल आईफोन पेश किए जाने की उम्मीद है. कंपनी ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. हालांकि कई रिपोर्ट और मीडिया लीक में दावा किया गया है कि Apple लंबे इंतजार के बाद फोल्डेबल आईफोन बाजार में ला सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक फोन पासपोर्ट की तरह बीच से खुल सकता है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 2000 से 2500 डॉलर हो सकती है.

ये भी पढ़ें- 3 साल में 278% रिटर्न देने वाले इस स्टॉक में 9% की तेजी, जानें क्या है नया अपडेट

अरबों डॉलर की कमाई की उम्मीद

जानकारों को उम्मीद है कि महंगा होने के बावजूद फोल्डेबल आईफोन को ग्राहकों से मजबूत रिस्पांस मिल सकती है. एक्सपर्ट का मानना है कि Apple अपने प्रोडक्ट में खास पहचान और प्रीमियम छवि बनाने में सफल रही है. उनका अनुमान है कि फोल्डेबल आईफोन अगले साल के अंत तक Apple के लिए 45 अरब डॉलर से ज्यादा का रेवेन्यू पैदा कर सकता है. हालांकि कुल स्मार्टफोन बाजार में फोल्डेबल फोन की हिस्सेदारी अभी भी एकल अंक में है.

डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.