Ashish Kacholia ने लगाए 2 नए स्टॉक्स पर दांव, करोड़ों रुपये लगाकर खरीदी हिस्सेदारी; रखें नजर
Ashish Kacholia ने अगस्त 2026 में लिस्ट हुई दो नई कंपनियों Ardee Industries और Credent Connect N Care में दांव लगाया है. Ardee Industries में Kacholia और Bengal Finance की कुल हिस्सेदारी 2.70 फीसदी है, जबकि Credent Connect N Care में उनकी हिस्सेदारी 1.47 फीसदी है. Ardee Industries की सेल्स FY23 से FY26 के बीच 412 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,168 करोड़ रुपये हो गई.
Ashish Kacholia: शेयर मार्केट के जाने-माने इन्वेस्टर Ashish Kacholia ने अगस्त 2026 में लिस्ट हुई दो नई कंपनियों में दांव लगाया है. इन दोनों कंपनियों की लिस्टिंग को अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन इनमें Ashish Kacholia की हिस्सेदारी सामने आने के बाद इन स्टॉक्स ने मार्केट में काफी ध्यान खींचा है. खास बात यह है कि एक कंपनी में उनके नाम पर 1.20 फीसदी हिस्सेदारी दिखाई देती है, जबकि उनकी ही इन्वेस्टमेंट व्हीकल Bengal Finance and Investment Pvt Ltd के पास 1.50 फीसदी हिस्सेदारी है. दोनों को मिलाकर उनकी वास्तविक हिस्सेदारी 2.70 फीसदी बैठती है.
Ardee Industries
Ashish Kacholia का पहला दांव Ardee Industries पर है. कंपनी इस्तेमाल की गई लेड-एसिड बैटरियों और नॉन-फेरस स्क्रैप को प्रोसेस करके हाई-प्योरिटी लेड और लेड अलॉयज तैयार करती है, जिन्हें बैटरी बनाने वाली कंपनियों को बेचा जाता है. यह बिजनेस सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल पर काम करता है. कंपनी का प्लांट आंध्र प्रदेश के Naidupeta में है.
कंपनी ने 29 मई 2026 से अपनी क्षमता 50.9 फीसदी बढ़ाकर 1,56,950 टन सालाना कर दी है. यह क्षमता FY24 की तुलना में करीब तीन गुना है. कंपनी का एक्सपोर्ट भी FY24 के करीब 81.6 करोड़ रुपये से बढ़कर FY26 में 465 करोड़ रुपये हो गया है और अब यह आठ देशों में अपने प्रोडक्ट्स भेजती है.
Ashish Kacholia ने कंपनी के शेयर 24 और 27 जुलाई 2026 को 53 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे थे. Bengal Finance ने भी एंकर बुक के जरिए 53 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 47,17,147 शेयर खरीदे थे. दोनों हिस्सेदारियों को मिलाकर उनकी कुल पोजिशन करीब 2.70 फीसदी है, जिसकी लागत लगभग 45.1 करोड़ रुपये रही.
फाइनेंशियल ग्रोथ ने खींचा ध्यान
Ardee Industries के फाइनेंशियल आंकड़े भी काफी मजबूत दिखाई देते हैं. FY23 से FY26 के बीच कंपनी की सेल्स 412 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,168 करोड़ रुपये हो गई. इस दौरान EBITDA 23 करोड़ रुपये से बढ़कर 147 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 9 करोड़ रुपये से बढ़कर 85 करोड़ रुपये हो गया. EBITDA मार्जिन भी 5.6 फीसदी से बढ़कर 12.6 फीसदी हो गया.
हालांकि, जून 2026 क्वार्टर में तस्वीर थोड़ी अलग रही. कंपनी का रेवेन्यू 35.2 फीसदी बढ़कर 338.8 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन ऑपरेटिंग प्रॉफिट करीब 33.8 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर रहा. इसके चलते ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 13.5 फीसदी से घटकर 10 फीसदी रह गया. नेट प्रॉफिट 5.9 फीसदी बढ़कर 19.9 करोड़ रुपये हो गया.
Credent Connect N Care
Ashish Kacholia का दूसरा दांव Credent Connect N Care में है. इसमें Kacholia की हिस्सेदारी 1.47 फीसदी है. यह कंपनी ब्लड सैंपल लॉजिस्टिक्स से जुड़ी है. कंपनी घरों और कलेक्शन सेंटर्स से सैंपल लेकर उन्हें 2 से 8 डिग्री तापमान के बीच सुरक्षित रखते हुए लैबोरेटरी तक पहुंचाती है. इसके अलावा कंपनी वर्कफोर्स सर्विसेज, कूरियर एग्रीगेशन और डायग्नोस्टिक चेन के लिए सॉफ्टवेयर सपोर्ट भी देती है. कंपनी 2,500 से अधिक लैबोरेटरीज के साथ काम करती है और इसके फील्ड फोर्स में 6,000 से ज्यादा लोग हैं.
सेल्स में बढ़ोतरी
FY26 में कंपनी की सेल्स 77.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 214.2 करोड़ रुपये हो गई, यानी 175 फीसदी की ग्रोथ. EBITDA 5 करोड़ रुपये से बढ़कर 28.5 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 2.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 18.4 करोड़ रुपये हो गया. नेट प्रॉफिट में 736 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
यह भी पढ़ें: भारत ने 10 नए तेल सप्लायर जोड़े, फिर भी पुराने देशों का दबदबा बरकरार; रूस ने कर दी हर कमी की भरपाई
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.