आशीष कचोलिया के इस फेवरेट स्‍टॉक पर रखें नजर, Q3 में 100% बढ़ा कंपनी का मुनाफा, कर्ज भी ना के बराबर, फिर भी शेयर लुढ़का

Shaily Engineering Plastics ने Q3FY26 में 100% मुनाफा बढ़ाकर 36 करोड़ रुपये दर्ज किया, जबकि रेवेन्यू और EBITDA में भी मजबूत ग्रोथ रही . आशीष कचोलिया की हिस्सेदारी वाले इस स्टॉक में नतीजों के बावजूद गिरावट दिखी, लेकिन कंपनी का कर्ज बेहद कम और फंडामेंटल मजबूत हैं . कंपनी के विस्‍तार और हेल्थकेयर सेगमेंट की तेजी के चलते आगे भी शेयर में हलचल बनी रह सकती है.

Ashish Kacholia Stock Image Credit: money9live

Small Cap Stock: इंजेक्शन मोल्डेड प्रिसीजन प्लास्टिक कंपोनेंट्स बनाने वाली स्मॉलकैप कंपनी Shaily Engineering Plastics Limited ने अपने Q3FY26 नतीजे जारी कर दिए हैं. Q3FY26 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 36 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 18 करोड़ रुपये के मुकाबले 100 प्रतिशत ज्यादा है. इस कंपनी में दिग्‍गज निवेशक आशीष कचोलिया की भी हिस्‍सेदारी है.

करीब 9,010करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाली कंपनी ने तिमाही नतीजों में दमदार परफॉर्म किया है. हालांकि इसके बावजूद Shaily Engineering के शेयरों में 13 फरवरी को गिरावट देखने को मिली. ये 7 फीसदी से ज्‍यादा की गिरावट के साथ 2003 रुपये पर बंद हुआ था. इंट्राडे में यह 1,931 रुपये तक फिसला था.

Q3FY26 में दमदार ग्रोथ

कंपनी ने तीसरी तिमाही में 236 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 26.9 प्रतिशत ज्यादा है. EBITDA 68.4 प्रतिशत बढ़कर 64 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं नेट प्रॉफिट दोगुना होकर 36 करोड़ रुपये रहा. हालांकि तिमाही आधार पर मुनाफे में कुछ नरमी देखने को मिली.

अबू धाबी में बड़ा विस्तार

कंपनी अब अबू धाबी में मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है. यह प्लांट सालाना करीब 75 मिलियन पेन इंजेक्टर बनाने की क्षमता रखेगा. इस प्रोजेक्ट पर AED 130 से 150 मिलियन का निवेश होगा और FY28 की चौथी तिमाही तक संचालन शुरू होने की उम्मीद है. कंपनी ADIO से संभावित वित्तीय सहयोग पर भी चर्चा कर रही है.

मजबूत फाइनेंशियल ट्रैक रिकॉर्ड

कंपनी का ROE 15.3 प्रतिशत और ROCE 17 प्रतिशत है, जबकि डेब्ट टू इक्विटी 0.34 है, यानी कर्ज लगभग ना के बराबर है. हालांकि इसका P/E 63.4 गुना है, जो इंडस्ट्री औसत 22.7 गुना से काफी ज्यादा है. पिछले 5 साल में कंपनी ने 17 प्रतिशत रेवेन्यू CAGR, 25 प्रतिशत प्रॉफिट CAGR और 63 प्रतिशत शेयर प्राइस CAGR दर्ज किया है.

आशीष कचोलिया की कितनी हिस्‍सेदारी?

ट्रेंडलाइन के मुताबिक दिसंबर 2025 तक दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया की इस कंपनी में 5.2 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. यानी उनके पास इसके 2,393,680 शेयर थे. जिसकी वैल्‍यू करीब 479.6 करोड़ रुपये है.

दिसंबर तक प्रमोटर्स की इसमें हिस्सेदारी 43.39 प्रतिशत, FIIs की 12.01 प्रतिशत और DIIs की 13.64 प्रतिशत है. बाकी 30.97 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक के पास है. मजबूत ऑर्डर बुक, हेल्थकेयर फोकस और ग्लोबल विस्तार की वजह से यह स्टॉक बाजार में चर्चा का केंद्र बना हुआ है. अब तिमाही नतीजों के चलते इसमें और हलचल देखने को मिल सकती है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.