620% तक रिटर्न के बाद भी इन 3 शेयरों में कमाई का मौका! दमदार ऑर्डरबुक और ग्रोथ रेट दे रहे संकेत; रखें नजर

Bharat Electronics, Dixon Technologies और Pidilite Industries तीन अलग-अलग सेक्टरों की ऐसी कंपनियां हैं, जिनकी लंबी अवधि की ग्रोथ कहानी मजबूत दिखती है. BEL को रक्षा क्षेत्र, Dixon को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और Pidilite को ब्रांड और कंस्ट्रक्शन केमिकल्स की मांग से फायदा मिल सकता है.

शेयर मार्केट Image Credit: Canva/ Money9

Multibagger Stocks: शेयर बाजार में मल्टीबैगर शेयर की पहचान सिर्फ किस्मत का खेल नहीं है. ऐसी कंपनियों को पहचानने के लिए यह देखना जरूरी होता है कि उनके कारोबार के पीछे लंबे समय तक चलने वाली ग्रोथ की कहानी है या नहीं. मजबूत वित्तीय प्रदर्शन, बढ़ता मुनाफा, कम कर्ज और सरकार की नीतियों से मिलने वाला फायदा किसी कंपनी को लंबी अवधि में बड़ा कंपाउंडर बना सकता है.

इसी आधार पर Bharat Electronics Limited यानी BEL, Dixon Technologies और Pidilite Industries तीन ऐसी कंपनियां हैं, जिनके कारोबार को अगले कई साल तक मजबूत रुझानों से फायदा मिल सकता है. हालांकि, मजबूत कारोबार के बावजूद इन शेयरों में वैल्यूएशन और सेक्टर से जुड़े जोखिम भी हैं.

1. Bharat Electronics: रक्षा खर्च और स्वदेशीकरण से फायदा

लिस्ट में पहला नाम Bharat Electronics Limited यानी BEL का है. कंपनी रक्षा क्षेत्र के लिए रडार, फायर कंट्रोल सिस्टम, हथियार सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम जैसे उत्पाद बनाती है. BEL अब सिर्फ रक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहती. कंपनी होमलैंड सिक्योरिटी, साइबर सिक्योरिटी, अंतरिक्ष और मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स में भी कारोबार बढ़ा रही है.

भारत का रक्षा बजट FY27 में रिकॉर्ड 7.85 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया. घरेलू रक्षा कंपनियों के लिए बढ़ते आवंटन और स्वदेशीकरण पर जोर से BEL जैसी कंपनियों को फायदा मिल सकता है. FY26 के आखिरी में कंपनी की अनएक्जीक्यूटेड ऑर्डर बुक करीब 73800 करोड़ रुपये थी. इतनी बड़ी ऑर्डर बुक कंपनी को आने वाले कई साल तक कारोबार की मजबूत विजिबिलिटी देती है.

शेयर का हाल?

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स का मार्केट कैप फिलहाल 302625 करोड़ रुपये है. 21 अगस्त के बंद भाव के हिसाब से कंपनी का शेयर 414 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी का P/E 49.2, बुक वैल्यू ₹32.8, ROCE 36.4%, RoE 27.4% और डिविडेंड यील्ड 0.60% है. कंपनी की फेस वैल्यू 1 रुपया है.

5 साल में दिया 620 फीसदी का रिटर्न

कंपनी के शेयर ने 1 महीने में 2 फीसदी का रिटर्न दिया है. एक साल में 10 फीसदी वहीं 5 साल में 620 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है.

उत्पादन और रिसर्च पर बड़ा निवेश

BEL अपनी ऑर्डर बुक को पूरा करने के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर निवेश कर रही है. कंपनी ने उत्पादन बढ़ाने के लिए करीब 1200 करोड़ रुपये कैपेक्स और रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए करीब 2200 करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई है. खास तौर पर स्वदेशीकरण पर कंपनी का जोर आने वाले वर्षों में उसके कारोबार को मजबूती दे सकता है.

5 साल में मुनाफा तेजी से बढ़ा

पिछले पांच साल में BEL का रेवेन्यू करीब 12.4% CAGR से बढ़ा. वहीं, नेट प्रॉफिट की CAGR करीब 20.7% रही. FY26 में कंपनी का Return on Equity यानी RoE 25.1% और Return on Capital Employed यानी RoCE 33.6% रहा.

Dixon Technologies

Dixon Technologies देश की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल है. कंपनी खुद अपने ब्रांड से उत्पाद नहीं बेचती, बल्कि Motorola, Samsung, Xiaomi, Acer और Panasonic जैसी कंपनियों के लिए कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग करती है.

Dixon का कारोबार भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग बढ़ने और वैश्विक कंपनियों के चीन से बाहर उत्पादन बढ़ाने की रणनीति से फायदा उठा सकता है.

China Plus One से मिल सकता है फायदा

भारत स्मार्टफोन से लेकर सेमीकंडक्टर तक इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. सरकार की नई नीतियां भारत को सिर्फ असेंबली सेंटर से आगे बढ़ाकर डिजाइन, सोर्सिंग और मैन्युफैक्चरिंग की बड़ी वैल्यू चेन में शामिल करने की दिशा में हैं. China Plus One रणनीति भी भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के लिए बड़ा अवसर बन सकती है.

शेयर का हाल?

डिक्सन टेक्नोलॉजीज का मार्केट कैप 90796 करोड़ रुपये है. 21 अगस्त के बंद भाव के हिसाब से कंपनी का शेयर 14850 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी का P/E 48.4, बुक वैल्यू 769 रुपये, ROCE 42%, RoE 37.4% और डिविडेंड यील्ड 0.05% है. कंपनी की फेस वैल्यू 2 रुपये है.

दिया 267 फीसदी का रिटर्न

कंपनी के शेयर ने एक महीने में 7 फीसदी का रिटर्न दिया है. सिर्फ 3 महीने में 31 फीसदी का हालांकि पिछले एक साल में कंपनी का शेयर दबाव में कारोबार करता दिखा हांलाकि 5 साल में 267 फीसदी का रिटर्न दिया है.

Pidilite Industries

Pidilite Industries स्पेशलिटी केमिकल्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है. कंपनी एडहेसिव, सीलेंट और कंस्ट्रक्शन केमिकल्स बनाती है. Fevicol, Dr Fixit और M-Seal जैसे इसके ब्रांड इतने लोकप्रिय हैं कि कई बार लोग इन्हें उत्पाद के नाम के बजाय सामान्य नाम की तरह इस्तेमाल करते हैं.

असंगठित बाजार से ब्रांडेड उत्पादों की तरफ बढ़ते ग्राहक

भारत में एडहेसिव और कंस्ट्रक्शन केमिकल्स का बड़ा बाजार अब भी असंगठित क्षेत्र में है. लेकिन गुणवत्ता को लेकर बढ़ती जागरूकता और कंपनियों की बेहतर पहुंच के कारण ग्राहक ब्रांडेड उत्पादों की तरफ बढ़ रहे हैं. टाइल एडहेसिव में Pidilite के 12,000 से ज्यादा टच पॉइंट हैं. कंपनी ब्रांडेड एडहेसिव बाजार में करीब 70% हिस्सेदारी रखती है.

क्षमता बढ़ाने के साथ विदेशी विस्तार

Pidilite भारत में टाइल एडहेसिव, कंस्ट्रक्शन केमिकल्स और वॉटरप्रूफिंग उत्पादों की उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है. कंपनी तंजानिया में Joint Venture के जरिए कंस्ट्रक्शन और वॉटरप्रूफिंग केमिकल्स के प्लांट भी स्थापित कर रही है. साथ ही BuildNext जैसे कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी कारोबार में भी निवेश कर रही है.

शेयर का हाल

कंपनी के शेयर ने 1 महीने में 3 फीसदी का रिटर्न दिया है. तीन महीने में 11 फीसदी का, 6 महीने में 12 फीसदी का वहीं 5 साल में 44 फीसदी से अधिक का रिटर्न दिया है.

तीनों शेयरों में क्या है खास?

कंपनीसेक्टरलंबी अवधि की ग्रोथ की वजहप्रमुख जोखिम
BELरक्षा इलेक्ट्रॉनिक्सरक्षा खर्च और स्वदेशीकरणमहंगा वैल्यूएशन, ऑर्डर में देरी
Dixonइलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंगChina Plus One और घरेलू मैन्युफैक्चरिंगबढ़ती प्रतिस्पर्धा, मार्जिन दबाव
Pidiliteस्पेशलिटी केमिकल्समजबूत ब्रांड और संगठित बाजार की बढ़तक्रूड की कीमत, महंगा वैल्यूएशन

इसे भी पढ़ें- EPFO EEC 2026: कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, 31 अक्टूबर तक मिलेगा EPF में शामिल होने का मौका

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.