नवरत्न कंपनी BEL ने किया डिविडेंड का ऐलान, 3 फीसदी तक उछले शेयर
नवरत्न का दर्जा हासिल कर चुकी सरकारी कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड यानी BEL ने शेयरधारकों को डिविडेंड बांटने का फैसला किया है. इससे कंपनी से जुड़े शेयरहोल्डर्स को इसका फायदा मिलेगा. इससे पहले भी कंपनी कई बार डिविडेंड बांट चुकी है. कंपनी के इस ऐलान का असर इसके शेयरों में भी देखने को मिला.

BEL Dividend Stock: भारत की जानी-मानी नवरत्न कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने शेयरधारकों को तोहफा दिया है. कंपनी ने 5 मार्च यानी बुधवार को डिविडेंट बांटने का ऐलान किया है. कंपनी के बोर्ड ने फैसला किया है कि 2025 के वित्तीय साल के लिए हर एक रुपये की फेस वैल्यू वाले शेयर पर ₹1.5 का अंतरिम डिविडेंड दिया जाएगा. यानी शेयरहोल्डर्स की जेब में जल्द ही अतिरिक्त पैसे आने वाले हैं.
ये इस सरकारी डिफेंस कंपनी का अगस्त 2022 के बाद सबसे बड़ा डिविडेंड है. उस वक्त भी कंपनी ने ₹1.5 प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड बांटा था. इससे पिछले छह मौकों पर BEL ने जो डिविडेंड दिए, वो सभी ₹1 से कम थे.
9 बार बांट चुकी है डिविडेंड
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के पुराने रिकॉर्ड को देखें तो कंपनी ने 2019 से 2022 के बीच नौ बार डिविडेंड बांटा है, जिसमें सबसे ज्यादा ₹1.7 प्रति शेयर अगस्त 2019 में दिया गया था. बाकी ₹1 से ₹2 के बीच रहे हैं. हालांकि कंपनी ने अभी इस अंतरिम डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट तय नहीं की, लेकिन कंपनी ने वादा किया है कि घोषणा के 30 दिनों के भीतर शेयरहोल्डर्स को पैसा मिल जाएगा. इससे पहले सितंबर 2022 में BEL ने 2:1 के रेशियो में बोनस शेयर भी दिए थे.
यह भी पढ़ें: 5 टुकड़ों में बंटेंगे Coforge के शेयर, कंपनी के एक ऐलान से 9 फीसदी से ज्यादा उछला स्टॉक
शेयरों में आई तेजी
नवरत्न कंपनी के इस ऐलान के बाद से BEL के शेयरों में भी गजब की तेजी देखने को मिल रही है. बुधवार को शेयर की कीमत 2.82 फीसदी बढ़कर 272.10 रुपये के अपने इंट्रा डे हाई पर पहुंच गया. शेयर इससे पहले आखिरी बार 2.63 प्रतिशत बढ़कर 271.60 रुपये पर कारोबार कर रहा था. हालांंकि ये अपने हालिया पीक ₹340 से अभी भी 15% नीचे है.
डिसक्लेमर: Money9live किसी भी स्टॉक्स में निवेश की सलाह नहीं देता है. निवेश से पहले आप अपने वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें. वेबसाइट किसी भी मुनाफा या नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगी.