5 टुकड़ों में बंटेंगे Coforge के शेयर, कंपनी के एक ऐलान से 9 फीसदी से ज्‍यादा उछला स्‍टॉक

आईटी कंपनी Coforge के बोर्ड ने स्‍टॉक स्प्ल्टि को मंजूरी दे दी है, इससे कंपनी 5 टुकड़ों में शेयर बांटेगी. यह कंपनी का पहला स्‍टॉक स्प्लिट है. कंपनी का मकसद इसके जरिए छोटे निवेशकों की भागीदारी बढ़ाना है. हालांकि कंपनी ने अभी इसके रिकॉर्ड डेट का ऐलान नहीं किया है, ऐसे में शेयरधारकों को इसके लिए इंतजार करना होगा.

coforge stock split Image Credit: gettyimages

Stock Split: आईटी कंपनी Coforge के शेयरों में बुधवार यानी 5 मार्च को जबदरस्‍त तेजी देखने को मिली. इससे शेयर 9 फीसदी से ज्‍यादा उछलकर 7905.00 रुपये पर पहुंच गए. कंपनी के स्‍टॉक्‍स में आई इस तेजी की वजह कोफोर्ज की ओर से स्‍टॉक स्प्लिट की घोषणा है. इसके बोर्ड ने स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दे दी है. ऐसे में कंपनी एक शेयर को पांच टुकड़ों में बांटेगी.

कंपनी अपने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले एक शेयर को पांच हिस्सों में बांटेगी, जिसके बाद हर शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये हो जाएगी. यह कॉफोर्ज का पहला स्टॉक स्प्लिट है. हालांकि, शेयरधारकों को रिकॉर्ड डेट की घोषणा का इंतजार करना होगा. स्प्लिट के बाद कोफोर्ज के कुल शेयरों की संख्या 6.68 करोड़ से बढ़कर 33.43 करोड़ हो जाएगी.

क्‍या है कंपनी का मकसद?

कंपनी ने कहा कि कोफोर्ज के स्‍टॉक स्प्लिट के पीछे का मकसद लिक्विडिटी को बढ़ाना और कंपनी के इक्विटी शेयरों में निवेश को अधिक किफायती बनाना है. इससे छोटे निवेशकों की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा साथ ही शेयरधारक आधार में भी बढ़ोतरी होगी.

कंपनी ने किया एक और बड़ा ऐलान

स्‍टॉक स्प्लिट के अलावा कॉफोर्ज ने अमेरिका की आईटी सर्विस कंपनी रिदमॉस ट्रांजैक्शन के 100% स्टेक को भी खरीदने का ऐलान किया है. कंपनी 30 मिलियन डॉलर में इसे खरीदेगी. इसमें कुछ शर्तों के आधार पर दो किस्‍तों में और भुगतान होगा.

यह भी पढ़ें: SBI के शेयर देंगे 51 फीसदी रिटर्न, इस ब्रोकरेज हाउस ने बताया क्‍यों लगाएं दांव?

कैसा रहा अब तक का प्रदर्शन?

मंगलवार को कॉफोर्ज का शेयर 1.9% गिरकर 7,215 रुपये पर बंद हुआ था. पिछले एक महीने में यह 15% नीचे आया है और अपने ऑल-टाइम हाई 10,026 रुपये से करीब 30% नीचे है. हालांकि स्टॉक स्प्लिट की खबर ने निवेशकों में नई उम्मीद जगा दी है. जिसका असर आज सुबह देखने को मिला. बाजार खुलते ही इसके शेयरों में अच्‍छी तेजी देखने को मिली.