बिस्किट कंपनी के शेयर पर Nuvama हुआ बुलिश, 7,240 रुपये का टारगेट

Britannia Industries के शेयर में 4% से ज्यादा की तेजी आई है. Nuvama ने शेयर को Buy रेटिंग देते हुए 7,240 रुपये का टारगेट दिया है. इंटरनेशनल बिजनेस में सुधार, ई-कॉमर्स ग्रोथ और बेहतर मार्जिन से 49% तेजी की उम्मीद है.

पसंदीदा बिस्किट बनाने वाली कंपनी Britannia Industries Image Credit:

आपके रोज सुबह के नाश्ते का पसंदीदा बिस्किट बनाने वाली कंपनी Britannia Industries आज शेयर बाजार में चर्चा में है. कंपनी के शेयर में शुरुआती कारोबार के दौरान 4% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली. कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. जून तिमाही में Britannia का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू करीब 5,000 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 8.2% ज्यादा है. इसके अलावा ब्रोकरेज फर्म Nuvama ने Britannia के शेयर को ‘Buy’ रेटिंग दी है. ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 7,240 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है. यानी मौजूदा शेयर भाव से इसमें करीब 49% तक की तेजी की संभावना जताई गई है. आइए जानते हैं कि Nuvama को Britannia के शेयर में इतनी बड़ी तेजी की उम्मीद क्यों है.

Britannia Q1FY27: कैसे रहे कंपनी के आंकड़े?

जून तिमाही में Britannia का रेवेन्यू करीब 5,000 करोड़ रुपये रहा. कंपनी का EBITDA यानी कारोबार से होने वाला मुख्य ऑपरेटिंग मुनाफा करीब 840 करोड़ रुपये रहा. रेवेन्यू में सालाना आधार पर 8.2% की बढ़ोतरी हुई, जबकि EBITDA करीब 11% बढ़ा. कंपनी के दोनों आंकड़े ब्रोकरेज और बाजार की उम्मीदों के लगभग मुताबिक रहे.

वहीं, एडजस्टेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स यानी एडजस्टेड PAT 13.6% बढ़कर 590 करोड़ रुपये हो गया. स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 8.6% बढ़ा. कंपनी के मार्जिन में भी सुधार हुआ है. ग्रॉस मार्जिन सालाना आधार पर 192 बेसिस पॉइंट बढ़कर 41.1% हो गया. वहीं EBITDA मार्जिन 42 बेसिस पॉइंट बढ़कर 16.8% हो गया.

लागत में उतार-चढ़ाव के बावजूद मार्जिन में सुधार

जून तिमाही में Britannia के लिए सबसे अच्छी बात मुनाफे में सुधार रही. खास बात यह है कि यह सुधार कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद देखने को मिला. कंज्यूमर कंपनियों के लिए कच्चे तेल की कीमतें काफी अहम होती हैं, क्योंकि पैकेजिंग और कुछ कच्चे माल की लागत पर तेल की कीमतों का असर पड़ता है. Nuvama ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पश्चिम एशिया की भू-राजनीतिक स्थिति और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव पर नजर रखना जरूरी होगा.

इंटरनेशनल बिजनेस में भी सुधार के संकेत

Britannia के लिए एक और अच्छी खबर उसका इंटरनेशनल बिजनेस है. कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान अंतरराष्ट्रीय कारोबार में पिछली तिमाही के मुकाबले सुधार हुआ है. तिमाही के आखिर में सप्लाई चेन से जुड़ी दिक्कतें कम होने के कारण कंपनी के इंटरनेशनल बिजनेस को फायदा मिला. Nuvama ने भी कहा कि सप्लाई चेन की परेशानियां कम होने से इंटरनेशनल बिजनेस में क्रमिक सुधार देखने को मिला है.

इसके अलावा कंपनी को ई-कॉमर्स कारोबार में भी बेहतर गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. वहीं, ज्यादा विज्ञापन, इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग और प्रमोशनल खर्च से जनरल ट्रेड कारोबार को भी फायदा मिला है. Britannia ने Marie Gold, NutriChoice और Little Hearts जैसे ब्रांड्स के तहत नए प्रोडक्ट और नई मार्केटिंग कैंपेन भी जारी रखे हैं. कंपनी को उम्मीद है कि नए प्रोडक्ट, ब्रांड पर निवेश, लागत कम करने के उपाय और घरेलू मांग में सुधार से आगे भी रेवेन्यू ग्रोथ को सहारा मिलेगा.

आगे Britannia को लेकर Nuvama का क्या अनुमान है?

Nuvama का अनुमान है कि Britannia का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2026 के 19,152 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2029 तक 26,091 करोड़ रुपये हो सकता है. इसी अवधि में कंपनी का एडजस्टेड प्रॉफिट 2,534 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,834 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है. ब्रोकरेज के मुताबिक, Britannia के इंटरनेशनल बिजनेस में सुधार कंपनी की ग्रोथ का सबसे बड़ा आधार बन सकता है. इसके साथ ही ई-कॉमर्स में बढ़ती बिक्री, नए प्रोडक्ट, ब्रांड पर खर्च और घरेलू मांग में सुधार से भी कंपनी को फायदा मिलने की उम्मीद है. इन्हीं कारणों से Nuvama ने Britannia के शेयर पर Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 7,240 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 49% की संभावित बढ़त दिखाता है.

यह भी पढ़ें- 84084 करोड़ रुपये के ‘समुद्र मंथन’ पर सरकार का बड़ा दांव, ONGC समेत इन 3 कंपनियों की बदल सकती है किस्मत! रखें नजर