मुख्यमंत्री बदलते ही चमक उठा यह कॉफी स्टॉक, दो दिनों में 30% तक उछला शेयर; जानिए क्या है कनेक्शन
Cafe Coffee Day की कहानी अब बदलती नजर आ रही है. पिछले कुछ सालो में कंपनी ने कई मुश्किल दौर देखे. निवेशकों का भरोसा भी कमजोर पड़ा और शेयर लगातार दबाव में रहा. लेकिन अब तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है. कर्नाटक में राजनीतिक बदलाव और नए नेतृत्व के आने के बाद राज्य के कारोबारी माहौल को लेकर सकारात्मक संकेत देखने को मिले हैं.

Cafe Coffee Day: कभी कर्ज के बोझ और लगातार घाटे की वजह से चर्चा में रहने वाली Cafe Coffee Day की कहानी अब बदलती नजर आ रही है. पिछले कुछ सालो में कंपनी ने कई मुश्किल दौर देखे. निवेशकों का भरोसा भी कमजोर पड़ा और शेयर लगातार दबाव में रहा. लेकिन अब तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है. कर्नाटक में राजनीतिक बदलाव और नए नेतृत्व के आने के बाद राज्य के कारोबारी माहौल को लेकर सकारात्मक संकेत देखने को मिले हैं.
इसी बीच Cafe Coffee Day ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार वापसी की है. कंपनी घाटे से निकलकर मुनाफे में आ गई है और इसके नतीजों ने निवेशकों का भरोसा फिर से बढ़ाया है. मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के बाद कंपनी के शेयर में भी तेजी देखने को मिली और शेयर करीब 10 प्रतिशत तक चढ़ गया. ऐसे में एक बार फिर यह कॉफी स्टॉक बाजार में चर्चा का विषय बन गया है.
शेयर में आई 10% तक की तेजी
मजबूत नतीजों के बाद निवेशकों ने भी कंपनी पर भरोसा दिखाया. बाजार में कंपनी के शेयर में करीब 10 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली. निवेशकों का मानना है कि घाटे से मुनाफे में वापसी और ऑपरेटिंग प्रदर्शन में सुधार कंपनी के लिए सकारात्मक संकेत हैं.
| अवधि | बढ़त (रुपये में) | बढ़त (%) |
|---|---|---|
| 1 दिन (1D) | ₹3.47 (Upper circuit) | 9.98% |
| 29 मई | ₹5.80 (Upper circuit) | 20% |
| 1 सप्ताह (1W) | ₹13.38 | 53.80% |
| 1 महीना (1M) | ₹11.46 | 42.78% |
घाटे से निकलकर मुनाफे में लौटी कंपनी
- Cafe Coffee Day का संचालन करने वाली Coffee Day Enterprises ने वित्त वर्ष 2025-26 में 14 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है.
- यह कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है क्योंकि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी को 175.92 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था.
- यानी एक साल के भीतर कंपनी ने घाटे से निकलकर मुनाफे में वापसी की है. इससे कंपनी की वित्तीय स्थिति में सुधार के संकेत मिल रहे हैं.
1,094 करोड़ रुपये के पार पहुंचा रेवेन्यू
कंपनी की परिचालन आय यानी Revenue from Operations भी बढ़ी है. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 5.7 प्रतिशत बढ़कर 1,094 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. एक साल पहले FY25 में कंपनी का रेवेन्यू 1,034.63 करोड़ रुपये था. लगातार बढ़ता रेवेन्यू इस बात का संकेत है कि कंपनी के कैफे कारोबार में ग्राहकों की संख्या और बिक्री दोनों में सुधार हुआ है.
ऑपरेटिंग मुनाफे में 27% की शानदार बढ़त
- कंपनी का EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी मजबूत रहा है.
- FY26 में EBITDA 27 प्रतिशत बढ़कर 198 करोड़ रुपये पहुंच गया.
- ऑपरेटिंग मुनाफे में यह बढ़ोतरी दिखाती है कि कंपनी अपने खर्चों को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में सफल रही है.
- किसी भी रिटेल और फूड सर्विस कंपनी के लिए EBITDA में सुधार को बेहद सकारात्मक संकेत माना जाता है.
प्रति दिन बिक्री में भी सुधार
कंपनी की Average Sales Per Day (ASPD) में भी हल्की बढ़त दर्ज की गई है. FY26 में प्रति दिन औसत बिक्री बढ़कर 21101 रुपये हो गई, जबकि FY25 में यह 21,016 रुपये थी. हालांकि बढ़ोतरी बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन यह बताती है कि कंपनी की बिक्री स्थिर बनी हुई है और ग्राहकों की मांग में गिरावट नहीं आई है.
जानें क्या है कनेक्शन
Coffee Day Enterprises के शेयर में आई तेज उछाल के पीछे सिर्फ कंपनी के मजबूत नतीजे ही नहीं, बल्कि कर्नाटक की राजनीति से जुड़ा एक दिलचस्प कनेक्शन भी है. दरअसल, 29 मई को कंपनी का शेयर 20 प्रतिशत के अपर सर्किट पर पहुंच गया, जब खबरें सामने आईं कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पद छोड़ सकते हैं और उनकी जगह उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को जिम्मेदारी मिल सकती है.
इस खबर ने निवेशकों का ध्यान इसलिए भी खींचा क्योंकि डीके शिवकुमार का Cafe Coffee Day (CCD) के संस्थापक वी.जी. सिद्धार्थ के परिवार से पारिवारिक रिश्ता है. शिवकुमार की बड़ी बेटी ऐश्वर्या की शादी वी.जी. सिद्धार्थ के बेटे अमर्त्य हेगड़े से हुई है. यानी डीके शिवकुमार CCD संस्थापक परिवार के समधी हैं. बाजार में चर्चा है कि संभावित राजनीतिक बदलाव और कंपनी के प्रमोटर परिवार से जुड़े इस रिश्ते ने निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ाई.
शेयरहोल्डिंग पैटर्न
आगे क्या है चुनौती?
हालांकि कंपनी ने मुनाफे में वापसी कर ली है, लेकिन उसके सामने अभी भी कई चुनौतियां मौजूद हैं. कैफे और क्विक सर्विस रेस्टोरेंट सेक्टर में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. इसके अलावा कंपनी को अपनी ब्रांड पहचान मजबूत रखने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लगातार निवेश करना होगा.
फिलहाल FY26 के नतीजे यह संकेत दे रहे हैं कि Cafe Coffee Day की वापसी की कहानी शुरू हो चुकी है. अगर कंपनी आने वाले समय में बिक्री और मुनाफे की इसी रफ्तार को बनाए रखती है, तो यह कॉफी स्टॉक निवेशकों के रडार पर बना रह सकता है.
डेटा सोर्स: Groww, Trendlyne, Money control, Deccan Herald
यह भी पढ़ें: इस कंपनी को हुआ रिकॉर्ड मुनाफा, प्रमोटर्स ने भी बढ़ाई होल्डिंग, यूरिया बिजनेस से मिला बूस्ट; रखें शेयरों पर नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.