मजबूत रिजल्ट के बावजूद क्यों टूटा Data Patterns का शेयर? एक दिन में आई 11% की गिरावट; जानें वजह
Data Patterns (India) Limited के शेयर मजबूत Q4 रिजल्ट, रिकॉर्ड ऑर्डर बुक और दमदार ग्रोथ गाइडेंस के बावजूद शुक्रवार 11 फीसद तक टूट गए. कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर घटा, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ी. हालांकि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने मजबूत ग्रोथ, बेहतर EBITDA मार्जिन और रिकॉर्ड 2062 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक दर्ज किया.

Data Patterns Share Price: डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर की कंपनी Data Patterns (India) Limited के शेयरों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. कंपनी ने मजबूत चौथी तिमाही के नतीजे, रिकॉर्ड ऑर्डर बुक और आने वाले वर्षों के लिए दमदार ग्रोथ गाइडेंस पेश की, इसके बावजूद शेयर कारोबार के दौरान करीब 11 फीसदी तक टूट गया. शुक्रवार के कारोबारी सत्र में कंपनी का शेयर 4010.5 रुपये के पिछले बंद स्तर से गिरकर 3565.6 रुपये तक पहुंच गया. हालांकि बाद में इसमें कुछ रिकवरी देखने को मिली और शेयर 3873 रुपये पर बंद हुआ.
तिमाही नतीजों में क्या रहा खास
Data Patterns ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 344.9 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया. यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 396.2 करोड़ रुपये के मुकाबले लगभग 13 फीसदी कम रहा. यही गिरावट बाजार के लिए चिंता की वजह बनी. हालांकि यदि तिमाही आधार पर तुलना करें, तो कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत दिखाई देता है. वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू केवल 173.1 करोड़ रुपये था, जबकि चौथी तिमाही में यह लगभग दोगुना होकर 344.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
पूरे साल का प्रदर्शन रहा मजबूत
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने मजबूत ग्रोथ दर्ज की. सालाना आधार पर कंपनी का कुल रेवेन्यू 30.6 फीसदी बढ़कर 924.8 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह 708.4 करोड़ रुपये था. वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 22.3 फीसदी बढ़कर 271.4 करोड़ रुपये हो गया. पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का मुनाफा 221.8 करोड़ रुपये था. पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने लगभग 31 फीसदी की कंपाउंडेड सालाना ग्रोथ दर्ज की है, जो डिफेंस सेक्टर की कंपनियों में काफी मजबूत मानी जाती है.
मार्जिन में जबरदस्त सुधार
कंपनी के चौथी तिमाही के नतीजों में सबसे बड़ा सकारात्मक संकेत मार्जिन में सुधार रहा. कंपनी का EBITDA 29 फीसदी बढ़कर 192.8 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं EBITDA मार्जिन बढ़कर 55.9 फीसदी हो गया, जो पिछले वर्ष इसी तिमाही में 37.7 फीसदी था. इसका मतलब है कि कंपनी हर 100 रुपये की कमाई पर लगभग 56 रुपये का ऑपरेटिंग प्रॉफिट बचाने में सफल रही. नेट प्रॉफिट मार्जिन भी 28.8 फीसदी से बढ़कर 40.1 फीसदी तक पहुंच गया.
रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा ऑर्डर बुक
31 मार्च 2026 तक कंपनी का एक्सिक्यूटेबल ऑर्डर बुक 926.5 करोड़ रुपये रहा. वहीं कुल ऑर्डर बुक लगभग 2062 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो कंपनी के इतिहास का सबसे बड़ा ऑर्डर बुक माना जा रहा है. केवल चौथी तिमाही के दौरान कंपनी को 528 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले, जो सालाना आधार पर 1500 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी दिखाता है. इन ऑर्डर्स में India Meteorological Department से मिला 288.3 करोड़ रुपये का बड़ा रडार और सर्विस ऑर्डर शामिल है. इसके अलावा HAL और DRDO से एवियोनिक्स से जुड़े ऑर्डर भी मिले हैं.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.