एथेनॉल सेक्टर पर FIIs की नजर, इन 3 शेयरों में बढ़ाई हिस्सेदारी; क्या आपके पोर्टफोलियो में हैं?

सरकार के E20 फ्यूल प्रोग्राम को तेजी से आगे बढ़ाने के बीच एथेनॉल सेक्टर की कंपनियां निवेशकों के रडार पर हैं. जून 2026 तिमाही में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने Bajaj Hindusthan, Triveni Engineering और Praj Industries में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है.

विदेशी निवेशक Image Credit: @Money9live

Ethanol Stocks: देश में पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग (E20) के टारगेट को तेजी से लागू करने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है. इसका मकसद कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाना और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना है. सरकार की इस पहल से एथेनॉल बनाने वाली कंपनियां एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गई हैं.

सहायक सरकारी नीतियों, बायोफ्यूल में बढ़ते निवेश और लंबी अवधि के ब्लेंडिंग लक्ष्य के चलते विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भी इस सेक्टर में दिलचस्पी बढ़ाई है. जून 2026 तिमाही में कई एथेनॉल कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी बढ़ी है.

Bajaj Hindusthan में बढ़ी हिस्सेदारी

Bajaj Hindusthan देश की प्रमुख चीनी और एथेनॉल उत्पादक कंपनियों में शामिल है. कंपनी उत्तर प्रदेश में 14 शुगर मिल संचालित करती है. इसकी डिस्टिलरी क्षमता 800 किलोलीटर प्रतिदिन है और कंपनी सालाना करीब 21.8 करोड़ लीटर एथेनॉल उत्पादन क्षमता तक पहुंच चुकी है. जून 2026 तिमाही में FIIs की हिस्सेदारी बढ़कर 1.14 फीसदी हो गई है.

वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 1668.7 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 1551.6 करोड़ रुपये था. कंपनी का नेट प्रॉफिट 39.07 करोड़ रुपये से बढ़कर 390.7 करोड़ रुपये हो गया है.

कंपनी के शेयर का हाल ?

Bajaj Hindusthan Sugar का शेयर फिलहाल 18.2 रुपये पर कारोबार कर रहा है और आज इसमें 3.88 फीसदी की तेजी आई है. कंपनी का मार्केट कैप 4349 करोड़ रुपये है. कंपनी का P/E 31 है, यानी निवेशक इसकी कमाई के मुकाबले ऊंचे वैल्यूएशन पर शेयर खरीद रहे हैं. वहीं, Book Value 16 रुपये है, जो मौजूदा शेयर भाव के करीब है.

ROE 3.50% और ROCE 2.27% बताते हैं कि कंपनी फिलहाल अपनी पूंजी से बहुत ज्यादा रिटर्न नहीं कमा रही है. साथ ही, कंपनी अभी डिविडेंड भी नहीं दे रही है. कंपनी के शेयर ने एक हफ्ते में 7 फीसदी का रिटर्न दिया है. 6 महीने में कंपनी के शेयर ने 11% का रिटर्न दिया है. हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी का शेयर दबाव में रहा और इस दौरान इसमें करीब 21% की गिरावट दर्ज की गई.

Triveni Engineering and Industries Ltd पर भी FIIs का भरोसा

Triveni Engineering चीनी कारोबार के साथ-साथ एथेनॉल, पावर ट्रांसमिशन, जल प्रबंधन और रक्षा क्षेत्र में भी काम करती है. जून 2026 तिमाही में FIIs की हिस्सेदारी बढ़कर 7.69 फीसदी हो गई, जबकि मार्च तिमाही में यह 7.44 फीसदी थी.

हाल ही में कंपनी का डीमर्जर हुआ है, जिसके बाद इंजीनियरिंग कारोबार अलग हो गया है. अब कंपनी का मुख्य फोकस चीनी, डिस्टिलरी, एथेनॉल और जल प्रबंधन कारोबार पर रहेगा.

कंपनी के शेयर का हाल?

Triveni Engineering का शेयर फिलहाल 244 रुपये पर कारोबार कर रहा है और आज इसमें करीब 5% की तेजी दर्ज की गई है. कंपनी का मार्केट कैप 5378 करोड़ रुपये है. कंपनी का P/E 20.5 है, जबकि बुक वैल्यू 153 रुपये है. इसका मतलब है कि शेयर अपनी बुक वैल्यू से ऊपर कारोबार कर रहा है. ROE 6.13% और ROCE 6.75% बताते हैं कि कंपनी अपनी पूंजी पर सीमित रिटर्न कमा रही है. वहीं, कंपनी 1.13% का डिविडेंड यील्ड भी देती है. कंपनी के शेयर ने पांच साल में 31 फीसदी का रिटर्न दिया है.

Praj Industries में भी बढ़ा विदेशी निवेश

Praj Industries एथेनॉल प्लांट, बायोएनर्जी और औद्योगिक समाधान उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी है. जून 2026 तिमाही में FIIs की हिस्सेदारी बढ़कर 17.75% हो गई, जो मार्च तिमाही में 17.74% थी. हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन दबाव में रहा. रेवेन्यू घटकर 844.6 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले यह 859.7 करोड़ रुपये था. नेट प्रॉफिट भी 39.8 करोड़ रुपये से घटकर 11.6 करोड़ रुपये पर आ गया. कंपनी के शेयर ने 6 महीनें में 9 फीसदी का रिटर्न दिया है. हालांकि लॉन्ग टर्म में कंपनी का शेयर दबाव में काम करते देखा गया है.

इसे भी पढ़ें- 7 अगस्त से खुलेगा LEAP India IPO, KKR ने भी कंपनी में लगा रखा है दांव; जानें GMP का हाल

कंपनी के शेयर का हाल?

Praj Industries का शेयर फिलहाल ₹321 पर कारोबार कर रहा है और आज इसमें करीब 1.87% की तेजी दर्ज की गई है. कंपनी का मार्केट कैप 5,900 करोड़ रुपये है. कंपनी का P/E 297 है, जबकि बुक वैल्यू ₹71.2 है. यानी यह शेयर अपनी बुक वैल्यू से काफी ऊपर कारोबार कर रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.