फेड के सख्त रुख से Gold-Silver ETF पस्त, Silver BeES समेत कई फंड 4 फीसदी तक गिरे
सोना और चांदी के ETF में 31 अगस्त को भारी गिरावट देखने को मिली. Silver BeES और SBI Silver ETF समेत कई सिल्वर ETF 4 फीसदी तक टूट गए. Gold BeES और अन्य गोल्ड ETF भी 3 फीसदी से ज्यादा नीचे आए. अमेरिकी फेड की ब्याज दर बढ़ाने की संभावना और सख्त मौद्रिक नीति के संकेतों से सोने और चांदी पर दबाव बढ़ा.

सोना और चांदी से जुडे़ ETF में 31 अगस्त को जोरदार बिकवाली देखने को मिली. सुबह के कारोबार में कई Gold और Silver ETF की कीमतों में करीब 4 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई. Silver ETF में सबसे ज्यादा दबाव दिखा और Silver BeES समेत कई फंड टॉप लूजर्स में शामिल रहे. Gold ETF भी लाल निशान में कारोबार करते नजर आए. अमेरिकी फेडरल रिजर्व की सख्त ब्याज दर नीति की आशंका ने कीमती मेटल्स पर दबाव बढ़ाया. वैश्विक बाजार में सोना और चांदी कमजोर होने के बाद घरेलू बाजार में भी गिरावट देखने को मिली. MCX पर सोना और चांदी दोनों के वायदा भाव नीचे कारोबार कर रहे थे.
4 फीसदी तक की गिरावट
Silver ETF में सोमवार सुबह सबसे तेज गिरावट देखने को मिली. SBI Silver ETF करीब 4.05 फीसदी टूटकर 226.55 रुपये पर आ गया. Nippon India Silver ETF यानी Silver BeES में 4.06 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और इसकी कीमत गिरकर 221.07 रुपये रह गई. Tata Silver ETF 3.98 फीसदी नीचे 22.44 रुपये पर कारोबार कर रहा था. वहीं ICICI Prudential Silver ETF में 3.87 फीसदी की गिरावट देखी गई. इस तरह चांदी से जुडे़ ETF में निवेशकों की भारी बिकवाली देखने को मिली.
Gold ETF भी बिकवाली की चपेट में
सोने में निवेश करने वाले ETF में भी सोमवार को भारी दबाव देखने को मिला. ICICI Prudential Gold ETF 3.59 फीसदी गिरकर 130.75 रुपये पर पहुंच गया. SBI Gold ETF में 3.50 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव 130.30 रुपये रहा. Nippon India ETF Gold BeES भी 3.48 फीसदी टूटकर 126.30 रुपये पर आ गया. Tata Gold ETF में 3.19 फीसदी की गिरावट देखी गई. Gold ETF में यह कमजोरी वैश्विक बाजार में सोने के भाव में आई गिरावट के साथ देखने को मिली.
फेड की सख्त नीति से बढ़ दबाव
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख ने कीमती धातुओं पर दबाव बढाया है. फेड चेयरमैन केविन वार्श ने कहा कि केंद्रीय बैंक का फोकस महंगाई को 2 फीसदी के लक्ष्य तक लाने पर बना हुआ है. उनके बयान के बाद सितंबर की बैठक में ब्याज दर बढ़ने की संभावना मजबूत हुई है. ट्रेडर्स अब दर बढ़ोतरी की संभावना 50 फीसदी से ज्यादा मान रहे हैं. ब्याज दर और बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर सोना और चांदी जैसे बिना ब्याज वाले निवेश पर दबाव पड़ता है. इसी वजह से निवेशकों ने कीमती धातुओं और उनसे जुडे़ ETF में बिकवाली की.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना चांदी कमजोर
वैश्विक बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली. शुक्रवार को सोने में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी. सोमवार को सिंगापुर कारोबार में स्पॉट गोल्ड 0.7 फीसदी नीचे 4422.75 डॉलर प्रति औंस पर रहा. वहीं चांदी 0.4 फीसदी गिरकर 66.12 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बदली उम्मीदों ने कीमती मेटल्स पर दबाव बनाया. निवेशकों की नजर अब अमेरिकी फेड की आगामी बैठक और ब्याज दर के फैसले पर बनी हुई है.
तेल की तेजी ने बढ़ाई महंगाई की चिंता
अमेरिका और ईरान के बीच ताजा तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को ऊपर धकेला है. अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद तेल बाजार में तेजी देखने को मिली. तेल की कीमत बढ़ने से वैश्विक महंगाई की चिंता फिर से बढ़ गई है. महंगाई का दबाव बढने पर केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकते हैं. इससे सोने और चांदी जैसे निवेश पर अतिरिक्त दबाव बन सकता है. इसी वजह से निवेशक अमेरिकी मौद्रिक नीति को लेकर अपनी रणनीति बदल रहे हैं.
यह भी पढ़ें- Subhash Chandra insolvency: NCLT के ₹6.5 करोड़ के रीपेमेंट प्लान के खिलाफ सुनवाई करेगा NCLAT, बैंकों ने दी है चुनौती
MCX पर भी सोना चांदी कमजोर
घरेलू वायदा बाजार MCX पर भी कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई. MCX Gold 1.14 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा था. सोने का भाव करीब 154496 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. वहीं MCX Silver वायदा करीब 1.28 फीसदी टूटकर 239341 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया. ETF में गिरावट की रफ्तार शेयर बाजार की तुलना में काफी ज्यादा रही. Sensex 423 अंक या 0.55 फीसदी गिरकर 76842 पर था, जबकि Nifty 50 करीब 159 अंक या 0.66 फीसदी गिरकर 24016 पर कारोबार कर रहा था.