अमीरों की बढ़ती दौलत से बदल रहा बाजार, 156 लाख करोड़ रुपये की वेल्थ बूम से इन 2 स्टॉक्स को मिल सकता है फायदा
भारत में बढ़ती संपत्ति और अमीरों की संख्या से लक्जरी स्पेंडिंग और प्रीमियम हाउसिंग मार्केट को मजबूती मिल रही है. 156 लाख करोड़ रुपये की वेल्थ बूम के बीच Ethos और Raymond Realty जैसे स्मॉल कैप स्टॉक को प्रीमियमाइजेशन ट्रेंड का फायदा मिल रहा है. Ethos के रेवेन्यू और प्रॉफिट में मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है, जबकि Raymond Realty के Pre-Sales और रेवेन्यू में तेजी आई है.

Small Cap Stocks: भारत में बढ़ती संपत्ति और तेजी से बदलते कंजम्प्शन पैटर्न का असर अब लक्जरी गुड्स और प्रीमियम हाउसिंग मार्केट पर भी दिखाई देने लगा है. देश में अमीर और हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स की संख्या बढ़ने के साथ ही प्रीमियम प्रोडक्ट्स और हाई-वैल्यू परचेजेज पर खर्च करने की प्रवृत्ति मजबूत हो रही है. इस बदलते कंजम्प्शन ट्रेंड का फायदा कुछ लिस्टेड स्मॉल-कैप कंपनियों को मिल रहा है. इनमें Ethos और Raymond Realty दो ऐसे स्टॉक्स हैं, जो अलग-अलग कारोबार में होने के बावजूद प्रीमियमाइजेशन की एक ही थीम से लाभ उठा रहे हैं.
156 लाख करोड़ रुपये की है संपत्ति
नाइट फ्रैंक के अनुमान के मुताबिक, 2026 में भारत में 30 मिलियन डॉलर यानी करीब 285 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट वर्थ वाले अल्ट्रा-हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स की संख्या 19,877 हो गई है. पिछले 5 वर्षों में इनकी संख्या में 63 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. अनुमान है कि 2031 तक यह संख्या 25,000 के पार पहुंच सकती है. वहीं, कैपजेमिनी वर्ल्ड वेल्थ रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, 2025 में भारत के अमीर वर्ग की कुल संपत्ति 4.6 फीसदी बढ़कर 1.64 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 156 लाख करोड़ रुपये हो गई.
लक्जरी वॉचेज की बढ़ती डिमांड से Ethos को फायदा
Ethos लक्जरी वॉचेज के रिटेल बिजनेस में काम करती है. कंपनी रोलेक्स, ओमेगा, आईडब्ल्यूसी शाफहाउजेन, जगर-ले-कूल्त्र और पनेराई जैसे प्रीमियम और लक्जरी वॉच ब्रांड्स की बिक्री करती है. कंपनी के पास 34 शहरों में 100 से ज्यादा बुटीक स्टोर्स हैं और यह 85 वॉच ब्रांड्स की बिक्री करती है. इनमें से 64 ब्रांड्स के लिए भारत में एक्सक्लूसिव सेलिंग राइट्स भी कंपनी के पास हैं.
कैसा है फाइनेंस
FY26 में Ethos का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 28.8 फीसदी बढ़कर 1,612.2 करोड़ रुपये हो गया. हालांकि, इस दौरान EBITDA मार्जिन 16.8 फीसदी से घटकर 15.3 फीसदी रह गया. कंपनी का नेट प्रॉफिट लगभग स्थिर रहा और 96.3 करोड़ रुपये से मामूली घटकर 96.2 करोड़ रुपये रह गया.
Q1FY27 में कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया. रेवेन्यू 33.3 फीसदी बढ़कर 461.7 करोड़ रुपये हो गया, जबकि नेट प्रॉफिट 50.3 फीसदी बढ़कर 28.7 करोड़ रुपये रहा. EBITDA मार्जिन भी 14.8 फीसदी से बढ़कर 15.7 फीसदी हो गया.
प्रीमियम हाउसिंग से Raymond Realty को फायदा
दूसरी तरफ, Raymond Realty प्रीमियम और लक्जरी हाउसिंग मार्केट में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है. कंपनी ने ठाणे से शुरुआत करने के बाद मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में प्रीमियम और लक्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स पर अपना फोकस बढ़ाया है. कंपनी के द एड्रेस बाय जीएस प्रोजेक्ट का एवरेज टिकट साइज करीब 3.2 करोड़ रुपये है.
वहीं, बीकेसी स्थित इनविक्टस बाय जीएस प्रोजेक्ट में एवरेज बुकिंग वैल्यू करीब 7.6 करोड़ रुपये है. कंपनी के पास करीब 52,000 करोड़ रुपये का ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू यानी जीडीवी पोर्टफोलियो है.
नेट प्रॉफिट 300 करोड़ के पार
FY26 में Raymond Realty का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 28.9 फीसदी बढ़कर 2,991 करोड़ रुपये हो गया. नेट प्रॉफिट 11.3 फीसदी बढ़कर 305 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, EBITDA मार्जिन 18.6 फीसदी से घटकर 16.3 फीसदी हो गया. इसका मुख्य कारण नए प्रोजेक्ट्स का शुरुआती प्रोजेक्ट मिक्स बताया गया है.
Q1FY27 में कंपनी का रेवेन्यू 38.3 फीसदी बढ़कर 527 करोड़ रुपये रहा. EBITDA मार्जिन 11 फीसदी से बढ़कर 13 फीसदी हो गया. इस दौरान प्री-सेल्स 129 फीसदी बढ़कर 700 करोड़ रुपये और कस्टमर कलेक्शंस 47 फीसदी बढ़कर 550 करोड़ रुपये हो गए. हालांकि, नेट प्रॉफिट 18.8 फीसदी घटकर 13 करोड़ रुपये रहा.
कैसा है शेयर का हाल
सोमवार को Ethos का शेयर 1.83 फीसदी बढ़कर 2,833 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 4.36 फीसदी की गिरावट हुई है, वहीं बीते एक महीने में यह 14 फीसदी बढ़ चुका है. अगर Raymond Realty के शेयर की बात करें तो सोमवार को कंपनी का शेयर 1.96 फीसदी बढ़कर 627 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक सप्ताह में इसमें 3.47 फीसदी की तेजी आई है, जबकि बीते एक महीने में इसमें 0.59 फीसदी की मामूली गिरावट आई है.
यह भी पढ़ें: NSE की इस लिस्ट Wipro बाहर, BSE की होगी एंट्री; भारत की दिग्गज कंपनियों के साथ आएगी नजर
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.