टोल से हो रही तगड़ी कमाई! 12% उछला ये इंफ्रा स्टॉक, अब गंगा एक्सप्रेसवे से मिलेगा कंपनी को बड़ा फायदा
टोल कलेक्शन में 24% की मजबूत ग्रोथ और गंगा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट के शुरू होने से एक इंफ्रा कंपनी के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली. गुरुवार को स्टॉक करीब 12% उछलकर ₹24 के पास पहुंच गया। कंपनी को उम्मीद है कि FY27 में टोल ग्रोथ 20% से ज्यादा रह सकती है, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Infra Stock Rally: हाइवे बनाने वाली मुंबई की दिग्गज कंपनी आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर (IRB Infrastructure) के दिन बहुरने वाले हैं. टोल से होने वाली तगड़ी कमाई के दम पर कंपनी आने वाले दिनों में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है. इस मजबूत ग्रोथ आउटलुक को देखकर निवेशकों का भरोसा भी जागा है, जिसका सीधा असर शेयर बाजार में देखने को मिला. गुरुवार को कंपनी के शेयरों में 12 फीसदी का जोरदार उछाल आया और यह ₹24 के करीब पहुंच गया. इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर करीब ₹25,500 करोड़ हो गया है.
टोल कलेक्शन में 24% की भारी ग्रोथ
कंपनी के बिजनेस डेवलपमेंट और इन्वेस्टमेंट्स सीईओ अनिल यादव ने सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि अप्रैल महीने में कंपनी का टोल कलेक्शन पिछले साल के मुकाबले 24% बढ़ा है. इसके साथ ही मई के मध्य से ‘गंगा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट’ भी लाइव हो चुका है. इन दोनों फैक्टर्स को मिलाकर कंपनी को उम्मीद है कि चालू वित्त वर्ष (FY27) में उसकी कुल टोल ग्रोथ 20% से ज्यादा रहने वाली है.
देश में बढ़ रही गाड़ियों की आवाजाही
अगर नए प्रोजेक्ट्स और टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी को हटा भी दें, तो भी कंपनी के हाईवे पर ट्रैफिक 8 से 9 फीसदी की रफ्तार से बढ़ रहा है. अनिल यादव का मानना है कि यह देश में मजबूत कंजम्पशन डिमांड (खपत) का सीधा संकेत है, यानी सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है.
सालाना ₹12,000 करोड़ के नए प्रोजेक्ट्स का प्लान
कंपनी अपने एसेट बेस (संपत्ति) को लगातार मजबूत कर रही है. पिछले वित्त वर्ष (FY26) के अंत तक कंपनी का एसेट बेस ₹94,000 करोड़ तक पहुंच गया है. अब कंपनी की योजना हर साल टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर (TOT) और बिल्ड, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (BOT) मॉडल के जरिए ₹10,000 से ₹12,000 करोड़ के नए प्रोजेक्ट्स अपने पोर्टफोलियो में जोड़ने की है.
यह भी पढ़ें: एक नतीजे ने बदल दी किस्मत! 2 दिन में 36% उछला ये ऑटो स्टॉक, अभी भी ₹200 से सस्ता; मिलेगा डिविडेंड भी
चौथी तिमाही में ₹296 करोड़ का मुनाफा
जनवरी-मार्च 2026 की चौथी तिमाही (Q4FY26) में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा है. इस दौरान आईआरबी इंफ्रा को ₹1,927 करोड़ का रेवेन्यू मिला, जबकि कंपनी का नेट प्रॉफिट (शुद्ध लाभ) ₹296.2 करोड़ रहा. इस तिमाही में कंपनी का मार्जिन भी 56.2% के मजबूत स्तर पर दर्ज किया गया. वर्तमान में कंपनी का पीई (P/E) रेशियो 32.1 है, जबकि आरओसीई (ROCE) 7.82% और आरओई (ROE) 5.91% है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.