IREDA का चौथी तिमाही मुनाफा हल्का घटा, लेकिन पूरे साल में बनाया अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
IREDA का मार्च तिमाही मुनाफा सालाना आधार पर 1.77 फीसदी घटकर 492.63 करोड़ रुपये रहा. हालांकि पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने 1874 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक सालाना मुनाफा दर्ज किया. कंपनी की टोटल इनकम, लोन सैंक्शन, लोन डिस्बर्समेंट और लोन बुक में मजबूत बढ़त देखने को मिली. IREDA की लोन बुक 93069 करोड़ रुपये पहुंच गई है.

IREDA Q4 Results: सरकारी कंपनी IREDA ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी का चौथी तिमाही का मुनाफा पिछले साल के मुकाबले हल्का घटा है. हालांकि पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने अब तक का सबसे अधिक सालाना मुनाफा दर्ज किया है. रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स को फंडिंग देने वाली इस कंपनी की इनकम और लोन बुक दोनों में मजबूत बढ़त देखने को मिली. कंपनी ने निवेशको के लिए डिविडेंड का भी एलान किया है. ऐसे में बाजार की नजर अब कंपनी की आगे की ग्रोथ पर बनी हुई है.
मार्च तिमाही में मुनाफा हल्का घटा
IREDA का नेट प्रॉफिट मार्च तिमाही में 1.77 फीसदी घटकर 492.63 करोड़ रुपये रहा. एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 501.55 करोड़ रुपये था. कंपनी ने बताया कि खर्च बढ़ने की वजह से मुनाफे पर दबाव देखने को मिला. हालांकि गिरावट बहुत मामूली रही. कंपनी की कुल इनकम इस दौरान बढ़ी है, जिससे कारोबार की मजबूती साफ नजर आती है.
कंपनी की इनकम में रही अच्छी बढ़त
जनवरी से मार्च 2026 के दौरान IREDA की टोटल इनकम बढ़कर 2181.28 करोड़ रुपये पहुंच गई. पिछले साल इसी अवधि में यह 1915 करोड़ रुपये थी. यानी कंपनी की इनकम में अच्छी बढ़त दर्ज की गई. रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में लगातार बढ़ती फंडिंग डिमांड का फायदा कंपनी को मिल रहा है. हालांकि इसी दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़कर 1562.14 करोड़ रुपये हो गया.
पूरे साल में बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड
पूरे वित्त वर्ष 2026 में IREDA का नेट प्रॉफिट बढ़कर 1874 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले वित्त वर्ष में यह 1698 करोड़ रुपये था. कंपनी ने इसे अब तक का सबसे अधिक सालाना मुनाफा बताया है. वहीं सालाना इनकम भी बढ़कर 8338.89 करोड़ रुपये रही. यह पिछले साल के 6755.69 करोड़ रुपये से काफी ज्यादा है. इससे कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति का संकेत मिलता है.
लोन बुक और डिस्बर्समेंट में मजबूत उछाल
कंपनी की लोन बुक में भी मजबूत बढ़त देखने को मिली.FY26 के अंत तक IREDA का लोन बुक 22 फीसदी बढ़कर 93069 करोड़ रुपये हो गया.पिछले साल यह 76282 करोड़ रुपये था. इसी दौरान लोन डिस्बर्समेंट 16 फीसदी बढ़कर 34946 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं लोन सैंक्शन भी बढ़कर 51883 करोड़ रुपये रहा.
यह भी पढ़ें- एक दिन में FIIs ने निकाले 20637 करोड़ रुपये, जानें शेयर बाजार में अचानक क्यों बढ़ी बिकवाली
निवेशको को मिलेगा डिविडेंड
IREDA के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 0.75 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है. इससे पहले कंपनी 0.60 रुपये प्रति शेयर का इंटरिम डिविडेंड दे चुकी है. इस तरह कुल डिविडेंड 1.35 रुपये प्रति शेयर हो गया है.