232% तक सेल्स ग्रोथ, फार्मा सेक्टर के इन 3 शेयरों पर रखें नजर; 1 साल में दिया इतना रिटर्न

भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद फार्मा सेक्टर ने शानदार प्रदर्शन किया है. Rubicon Research और Viyash Scientific जैसी कंपनियों ने FY23 से FY26 के बीच मजबूत सेल्स ग्रोथ दर्ज की है. इनमें OneSource Speciality Pharma ने 232.4 फीसदी की सीएजीआर ग्रोथ के साथ सबसे तेज विस्तार दिखाया है.

फार्मा शेयर Image Credit: freepik, canva

Pharma Stocks: भारतीय शेयर बाजार में पिछले एक साल के दौरान जहां विदेशी निवेशकों की बिकवाली और वैश्विक अनिश्चितताओं का दबाव देखने को मिला, वहीं फार्मा सेक्टर ने निवेशकों को निराश नहीं किया. मार्केट में हेल्थकेयर और फार्मा कंपनियों ने मजबूत प्रदर्शन दिखाया है. यही वजह है कि 2026 के लिए कई निवेशक तेजी से बढ़ती फार्मा कंपनियों को अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर रहे हैं. बीएसई हेल्थकेयर इंडेक्स ने पिछले एक साल में करीब 10 फीसदी की बढ़त दर्ज की है, जबकि इसी अवधि में सेंसेक्स में लगभग 8.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली. FY23 से FY26 के बीच सेल्स ग्रोथ के आधार पर 10,000 करोड़ रुपये से अधिक मार्केट कैपिटलाइजेशन वाली 3 फार्मा कंपनियों की पहचान की गई है. ये ऐसी कंपनियां हैं जिन्होंने इस अवधि में सबसे तेज ग्रोथ दर्ज की है.

OneSource Speciality फार्मा ने दिखाई सबसे तेज रफ्तार

नवी मुंबई स्थित OneSource Speciality फार्मा इस सूची में सबसे आगे रही. फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने FY23 से FY26 के बीच सेल्स में करीब 232.4 फीसदी की सीएजीआर ग्रोथ दर्ज की. कंपनी कॉम्प्लेक्स फार्मास्यूटिकल प्रोडक्ट्स, बायोलॉजिक्स, स्टेराइल इंजेक्टेबल्स और सॉफ्ट जेल कैप्सूल्स के निर्माण में सक्रिय है.

हालांकि FY26 में कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन Semaglutide जैसे महत्वपूर्ण प्रोडक्ट के लॉन्च और नए बाजारों में विस्तार से आने वाले समय में ग्रोथ की उम्मीद जताई जा रही है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 1.87 फीसदी बढ़कर 1,824.60 रुपये पर पहुंच गया. हालांकि, बीते एक साल में इसके शेयर में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है और इसने केवल 0.39 फीसदी का रिटर्न दिया है.

Rubicon Research का स्पेशलिटी प्रोडक्ट्स पर फोकस

मुंबई आधारित Rubicon Research ने FY23 से FY26 के बीच 64.6 फीसदी की सीएजीआर ग्रोथ दर्ज की है. कंपनी पेन मैनेजमेंट, सीएनएस और स्पेशलिटी मेडिसिन्स से जुड़े प्रोडक्ट पोर्टफोलियो पर फोकस कर रही है. FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 36.5 फीसदी बढ़कर 1,753.9 करोड़ रुपये पहुंच गया.

कॉम्प्लेक्स जेनेरिक्स सेगमेंट में कंपनी की मजबूत मौजूदगी आगे भी ग्रोथ को गति दे सकती है. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 3.90 फीसदी बढ़कर 1,005.60 रुपये पर पहुंच गया. पिछले एक साल में यह शेयर 62.19 फीसदी उछला है.

Viyash Scientific को मिला एनिमल हेल्थकेयर का फायदा

हैदराबाद स्थित Viyash Scientific ने FY23 से FY26 के बीच 34 फीसदी की सीएजीआर ग्रोथ दर्ज की है. कंपनी ह्यूमन और वेटरिनरी मेडिसिन्स दोनों क्षेत्रों में काम करती है. यूरोप में पेट्स और एनिमल्स के लिए वैक्सीन्स तथा मेडिसिन्स की बढ़ती मांग का कंपनी को बड़ा फायदा मिला है.

FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 3,420 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया, जबकि प्रॉफिट में 1,300 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई. शुक्रवार को कंपनी का शेयर 4.67 फीसदी बढ़कर 261.94 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, बीते एक साल में इस शेयर में 34.38 फीसदी की तेजी देखने को मिली है.

यह भी पढ़ें: युद्ध हर रोज काट रहा आपकी जेब, दूध, ब्रेड से लेकर घूमना-फिरना हुआ महंगा; जानें 90 दिन में कितना बढ़ गया बोझ

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.