कल्याण ज्वैलर्स से लेकर टाइटन तक के शेयरों में उछाल, अमेरिका-ईरान डील की खबर से रॉकेट बने गोल्ड स्टॉक्स

Gold Stocks Today: यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के बाद आई है जिसमें कहा गया था कि अमेरिका और ईरान के बीच दुश्मनी खत्म करने के लिए एक फ्रेमवर्क समझौते पर सहमति बनी है. इस घोषणा के बाद ग्लोबल बुलियन की कीमतों में उछाल आया.

सोने के शेयरों में तेजी. Image Credit: money9

Gold Stocks Today: सोमवार को सुबह के कारोबार में ज्वैलरी कंपनियों के शेयरों में तेजी आई, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते से ग्लोबल बुलियन की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया. अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का असर सोने के कारोबार से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर देखने को मिला.

इन शेयरों में तेजी

कल्याण ज्वैलर्स इंडिया के शेयरों में सबसे अधिक 10 फीसदी की तेजी दर्ज की गई. शेयर 381.25 रुपये पर पहुंच गया. सेंको गोल्ड के शेयर 4.26% बढ़कर 352.75 रुपये पर और पीसी ज्वैलर्स के शेयर 2.80 फीसदी बढ़कर 9.17 रुपये पर पहुंच गए. पीएन गाडगिल ज्वैलर्स के शेयरों में 1.65% की बढ़त के साथ वे 556.60 रुपये पर और टाइटन कंपनी के शेयर 1.19 फीसदी बढ़कर 4,233.80 रुपये पर पहुंच गए.

कंपनीबढ़त (%)शेयर भाव (रुपये)
Kalyan Jewellers India10.00%381.25
Senco Gold4.26%352.75
PC Jeweller2.80%9.17
PN Gadgil Jewellers1.65%556.60
Titan Company1.19%4,233.80

अमेरिका-ईरान के बीच सहमति

यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के बाद आई है जिसमें कहा गया था कि अमेरिका और ईरान के बीच दुश्मनी खत्म करने के लिए एक फ्रेमवर्क समझौते पर सहमति बनी है और इस हफ्ते के आखिर में इस पर औपचारिक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है. इस डील में होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने की योजना शामिल है, जिससे ग्लोबल ट्रेड और एनर्जी सप्लाई में रुकावट की चिंताएं कम होंगी.

बुलियन की कीमतों में उछाल

इस घोषणा के बाद ग्लोबल बुलियन की कीमतों में उछाल आया. रॉयटर्स के अनुसार, स्पॉट गोल्ड 2.5% बढ़कर $4,323.29 प्रति औंस हो गया, जो 9 जून के बाद का इसका सबसे ऊंचा स्तर है, जबकि अगस्त डिलीवरी के लिए US गोल्ड फ्यूचर्स 2.5% बढ़कर $4,343.80 हो गया. इस कीमती मेटल में लगातार तीसरे सेशन में बढ़त दर्ज की गई.

डॉलर में गिरावट

इस समझौते के बाद अमेरिकी डॉलर 10 दिनों के निचले स्तर पर आ गया, जिससे दूसरी करेंसी रखने वालों के लिए डॉलर में मिलने वाला सोना सस्ता हो गया.

क्रूड की कीमतें टूटी

साथ ही, तेल की कीमतों में 4% से अधिक की गिरावट आई, जिससे महंगाई की चिंता कम हुई और सख्त मॉनिटरी पॉलिसी की उम्मीदें भी घटीं. मार्केट में शामिल लोगों ने इस साल के आखिर में अमेरिकी ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीदें भी कम कर दीं. ऐसी स्थिति आमतौर पर सोना जैसी बिना रिटर्न वाली एसेट्स के लिए फायदेमंद होती हैय

दूसरी कीमती मेटल्स में भी तेजी देखी गई. रॉयटर्स के मुताबिक, स्पॉट सिल्वर 3.3% बढ़कर $70.19 प्रति औंस हो गई, प्लेटिनम 2.8% बढ़कर $1,765.40 पर पहुंच गया और पैलेडियम 3.1% बढ़कर $1,323.22 हो गया.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.

यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान शांति समझौते से इस सेक्टर में लगा पंख, 7 फीसदी तक उड़े शेयर, जानें कौन सा स्टॉक बना स्टार?