L&T को NTPC से मिला बड़ा प्रोजेक्ट, ऑर्डर बुक में ₹15000 करोड़ तक का हो सकता है इजाफा, जानें- शेयर का हाल

L&T एनर्जी कार्बनलाइट सॉल्यूशंस को मिले इस प्रोजेक्ट में 800 MW की दो अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल जनरेटिंग यूनिट्स का निर्माण शामिल है. L&T ने कहा कि कमीशन होने के बाद, यह प्लांट भारत के पावर ग्रिड में 1,600 MW की बेसलोड उत्पादन क्षमता जोड़ेगा.

L&T को मिला बड़ा ऑर्डर. Image Credit: @Money9live

लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने एक बड़ा ऑर्डर हासिल किया है. गुरुवार को कंपनी ने कहा कि उसे छत्तीसगढ़ में 1,600 MW के लारा स्टेज-III थर्मल पावर प्रोजेक्ट के मेन प्लांट पैकेज के लिए NTPC से ‘लिमिटेड नोटिस टू प्रोसीड’ (LNTP) मिला है. L&T एनर्जी कार्बनलाइट सॉल्यूशंस को मिले इस प्रोजेक्ट में 800 MW की दो अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल जनरेटिंग यूनिट्स का निर्माण शामिल है. कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि इस ऑर्डर की कीमत 15,000 करोड़ रुपये तक हो सकती है.

क्या है लिमिटेड नोटिस टू प्रोसीड

‘लिमिटेड नोटिस टू प्रोसीड’ (LNTP) एक सशर्त मंजूरी है जो कॉन्ट्रैक्टर को कॉन्ट्रैक्ट पूरा करने की पूरी मंजूरी मिलने से पहले प्रोजेक्ट पर शुरुआती काम शुरू करने की इजाजत देती है. ‘नोटिस टू प्रोसीड’ तब लागू होगा जब प्रोजेक्ट को पर्यावरण संबंधी मंजूरी मिल जाएगी और LNTP की अवधि पूरी हो जाएगी.

कंपनी का बिजनेस वर्टिकल

L&T एनर्जी कार्बनलाइट सॉल्यूशंस कंपनी का बिजनेस वर्टिकल है जो पावर और कम-कार्बन प्रक्रियाओं के लिए इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और प्रोजेक्ट पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करता है. L&T ने कहा कि वह बॉयलर, स्टीम टर्बाइन, जनरेटर, एयर-कूल्ड कंडेंसर और संबंधित सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल कार्यों की डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग, सप्लाई, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग करेगी.

कंपनी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) आधार पर पूरा किया जाएगा, जो अधिक क्षमता और कम विशिष्ट उत्सर्जन (Specific Emissions) प्रदान करती है.

बढ़ते पावर डिमांड को पूरा करेगा प्लांट

L&T ने कहा, ‘कमीशन होने के बाद, यह प्लांट भारत के पावर ग्रिड में 1,600 MW की बेसलोड उत्पादन क्षमता जोड़ेगा, ताकि औद्योगिक विस्तार, शहरीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से बढ़ती बिजली की मांग को पूरा किया जा सके.’

दो साल में NTPC से मिला तीसरा प्रोजेक्ट

L&T के एनर्जी हाइड्रोकार्बन डिवीजन के होल-टाइम डायरेक्टर और सीनियर एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट टी. माधवा दास ने कहा, ‘यह ऑर्डर पिछले दो साल में NTPC से मिला हमारा तीसरा अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल प्रोजेक्ट है. यह भारत की सबसे बड़ी पावर यूटिलिटी कंपनी द्वारा हमारी इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और प्रोजेक्ट पूरा करने की क्षमताओं पर लगातार जताए जा रहे भरोसे को दर्शाता है.’

गुरुवार को L&T के शेयर मामूली तेजी के साथ 3,938.80 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. पिछले पांच दिनों में शेयर में 5 फीसदी तक की तेजी आई है.

यह भी पढ़ें: अब इंश्योरेंस भी बेचेंगे बाबा रामदेव! रजनीगंधा बनाने वाली कंपनी के साथ मिलकर करेंगे बिजनेस; इस कंपनी में खरीदेंगे स्टेक