मधुसूदन केला का नया दांव, इन 4 कंपनियों में बढ़ाई हिस्सेदारी; 1 महीने में 80% तक उछले शेयर

दिग्गज निवेशक Madhusudan Kela ने मार्च 2026 तिमाही में अपने पोर्टफोलियो में 4 नए स्टॉक जोड़कर बाजार का ध्यान खींचा है. एजुकेशन, रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और पेपर सेक्टर की इन कंपनियों में करीब 177 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. खास बात यह है कि केला ने उन कंपनियों पर दांव लगाया है, जहां अभी बड़े निवेशक ज्यादा सक्रिय नहीं दिख रहे.

Madhusudan Kela Portfolio Image Credit: Canva/ Money9

Madhusudan Kela Portfolio: शेयर बाजार के दिग्गज निवेशक Madhusudan Kela ने मार्च 2026 तिमाही में अपने पोर्टफोलियो में 4 नए स्टॉक जोड़े हैं. करीब 177 करोड़ रुपये के इन निवेशों में एजुकेशन, रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और पेपर सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं. खास बात यह है कि मधुसूदन केला ने उन कंपनियों पर दांव लगाया है, जिनसे फिलहाल बड़े निवेशक दूरी बनाए हुए हैं. सिर्फ एक में रेखा झुनझुनवाला की भी हिस्सेदारी है. खास बात यह है कि बीते एक महीनें में इन कंपनियों के स्टॉक में लगभग 80 फीसदी तक की तेजी आई है.

Aptech पर भरोसा

Aptech देश की पुरानी ट्रेनिंग और स्किल डेवलपमेंट कंपनियों में गिनी जाती है. कंपनी Arena Animation, MAAC और Lakme Academy जैसे ब्रांड चलाती है. Trendlyne के अनुसार, मधुसूदन केला ने कंपनी में 6.17 लाख शेयर खरीदे हैं, जो करीब 1.1 फीसदी हिस्सेदारी है. इसकी मौजूदा कीमत लगभग 6.8 करोड़ रुपये है. 634 करोड़ रुपये (8 मई 2026 तक) मार्केट कैप वाली इस कंपनी में पहले से रेखा झुनझुनवाला जैसे बड़े नाम जुड़े हुए हैं. बीते एक महीने में इसमें 32 फीसदी तक की तेजी आई है. हालांकि, लॉन्ग टर्म में शेयर टूटे हैं.

Indiabulls में सबसे बड़ा निवेश

Indiabulls में मधुसूदन केला ने इस तिमाही का सबसे बड़ा दांव लगाया है. उन्होंने कंपनी के 5.15 करोड़ से ज्यादा शेयर खरीदे हैं, जिसकी कीमत करीब 102.8 करोड़ रुपये है. कंपनी पहले Yaari Digital के नाम से जानी जाती थी, लेकिन अक्टूबर 2025 में बड़े मर्जर के बाद इसका नाम Indiabulls रखा गया. अब कंपनी रियल एस्टेट और फाइनेंशियल सर्विसेज दोनों कारोबार में सक्रिय है. बीते एक महीने में शेयर में लगभग 80 फीसदी की तेजी आई है. हालांकि पिछले कुछ सालों में शेयर काफी गिरा है.

Simplex Infra

1924 में बनी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी Simplex Infrastructures भी मधुसूदन केला की नई पसंद बनी है. कंपनी ने मुंबई और दिल्ली समेत कई बड़े प्रोजेक्ट बनाए हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में कारोबार कमजोर रहा. बिक्री में गिरावट, खराब रिटर्न और प्रमोटर शेयर गिरवी होने जैसी परेशानियों के बावजूद मधुसूदन केला ने इसमें 9.55 लाख शेयर खरीदे हैं. यह हिस्सेदारी करीब 21.3 करोड़ रुपये की है. दिलचस्प बात यह है कि पिछले 5 साल में कंपनी का शेयर 31 रुपये से बढ़कर 224 रुपये तक पहुंच चुका है. साथ ही बीते एक महीने में इसमें 20 फीसदी की तेजी आई है.

Subam Papers में 7 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी

Subam Papers मधुसूदन केला के पोर्टफोलियो की सबसे चौंकाने वाली एंट्री मानी जा रही है. तमिलनाडु की यह पेपर और पैकेजिंग कंपनी अक्टूबर 2024 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी. स्टॉक पहले ही एक साल में 100 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है. मधुसूदन केला ने इसमें 7 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी. उन्होंने 19.28 लाख शेयर खरीदे हैं, जिनकी कीमत करीब 45.3 करोड़ रुपये है. 552 करोड़ रुपये मार्केट कैप वाली इस कंपनी में यह उनकी सबसे बड़ी हिस्सेदारी मानी जा रही है. बीते एक महीने में इसमें 30 फीसदी तक की तेजी आई है.

यह भी पढ़ें: मधुसूदन केला का नया दांव, Aptech में खरीदे 6.17 लाख नए शेयर, 78% सस्ता मिल रहा स्टॉक, डेट-फ्री है कंपनी

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.