लगातार गदर मचा रहा ये शेयर! अब मिला EV पॉलिसी का बूस्ट, एक महीने में 50% चढ़ा स्टॉक

MSTC के शेयरों में पिछले एक महीने में करीब 50 फीसदी की तेजी आ चुकी है. शेयर में तेजी की शुरुआत जून की शुरुआत में हुई थी, जब केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में पुराने ट्रक और बसों को बदलने की योजना को मंजूरी दी थी. अब दिल्ली की नई EV पॉलिसी ने इस तेजी को और मजबूती दी है.

EV स्टॉक Image Credit: money9live.com

सरकारी कंपनी MSTC के शेयर मंगलवार को करीब 3 फीसदी चढ़ गए. यह तेजी दिल्ली सरकार की नई EV पॉलिसी 2026 को मंजूरी मिलने के बाद आई है. इससे पहले सोमवार को भी इसमें 7 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली थी. लगातार इस शेयर में तेजी चर्चा का विषय बना हुआ है. पिछले एक महीने में 50 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है.

नई EV पॉलिसी से मिला बड़ा ट्रिगर

दिल्ली सरकार ने Delhi EV Policy 2026 को मंजूरी दे दी है, जो 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगी. इस नीति का मकसद पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को हटाकर उनकी जगह इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना है. नई पॉलिसी के तहत स्क्रैपेज इंसेंटिव के साथ-साथ वाहन खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी का भी लाभ मिलेगा.

पुराने वाहन स्क्रैप करने पर मिलेगा इंसेंटिव

नई नीति के अनुसार, BS-IV या उससे पुराने दोपहिया वाहन को स्क्रैप कर इलेक्ट्रिक दोपहिया खरीदने पर 10,000 रुपये का अतिरिक्त इंसेंटिव मिलेगा.

इसी तरह, तीनपहिया वाहन मालिकों को 25,000 रुपये, जबकि N1 कमर्शियल ट्रक स्क्रैप करने वालों को 50,000 रुपये तक का इंसेंटिव मिलेगा.

वहीं, BS-IV या उससे पुराने चारपहिया वाहन को हटाकर इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर 1 लाख रुपये का स्क्रैपेज इंसेंटिव दिया जाएगा. यह राशि खरीद सब्सिडी के अतिरिक्त होगी.

टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में भी छूट

सरकार ने सभी शुद्ध इलेक्ट्रिक वाहनों पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में 100 फीसदी छूट देने का भी ऐलान किया है. हालांकि चारपहिया वाहनों के लिए यह लाभ 30 लाख रुपये तक की एक्स-शोरूम कीमत वाली गाड़ियों पर ही मिलेगा.

इसके अलावा, राजधानी में 32,000 सार्वजनिक EV चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे. साथ ही कमर्शियल वाहन, दोपहिया और संस्थागत फ्लीट को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बनाने की योजना भी शामिल है.

MSTC को क्यों मिल रहा फायदा?

MSTC स्क्रैप, पुराने प्लांट एवं मशीनरी, अतिरिक्त स्टोर और रियल एस्टेट की नीलामी का कारोबार करती है. कंपनी इस्पात मंत्रालय के तहत आने वाली मिनी रत्न श्रेणी-1 की सरकारी कंपनी है.

जानकारों का मानना है कि स्क्रैपेज नीति को बढ़ावा मिलने से कंपनी के कारोबार को फायदा हो सकता है, जिससे निवेशकों ने शेयर में खरीदारी बढ़ाई.

एक महीने में 50 फीसदी की तेजी

MSTC के शेयरों में पिछले एक महीने में करीब 50 फीसदी की तेजी आ चुकी है. शेयर में तेजी की शुरुआत जून की शुरुआत में हुई थी, जब केंद्र सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में पुराने ट्रक और बसों को बदलने की योजना को मंजूरी दी थी. अब दिल्ली की नई EV पॉलिसी ने इस तेजी को और मजबूती दी है.

इसे भी पढ़ें- इस स्टॉक में लगा अपर सर्किट, मिला करोड़ों का इंटरनेशनल ऑर्डर, 52-वीक लो से नॉनस्टॉप भाग रहे शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.