10% तक उछले शेयर! तेल 16% गिरा तो IndiGo, RIL, BPCL समेत कई दिग्गज स्टॉक्स दौड़े, देखें मेगा गेनर्स की लिस्ट
कच्चे तेल की कीमतों में 12-14% की गिरावट और ईरान-अमेरिका सीजफायर की खबर से बाजार में जबरदस्त तेजी आई है. एविएशन, ऑयल, पेंट और टायर कंपनियों के शेयर 10% तक उछल गए हैं. निवेशकों का भरोसा लौटा है और बाजार में नई जान दिख रही है.

ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कम होते ही बाजार का मूड पूरी तरह बदल गया है. दो हफ्ते के युद्धविराम और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी ला दी. खास तौर पर वे सेक्टर जो तेल की कीमतों पर निर्भर हैं- एविएशन, ऑयल मार्केटिंग, पेंट और टायर- उनमें निवेशक जमकर खरीदारी कर रहे हैं.
बाजार में चौतरफा तेजी
बुधवार को बाजार ने दमदार शुरुआत की. सेंसेक्स में 2,700 अंकों से ज्यादा की तेजी देखी गई, जबकि निफ्टी 3% से ज्यादा चढ़ गया. यह तेजी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि ग्लोबल मार्केट में भी ‘रिस्क-ऑन’ मूड देखने को मिला.
यह भी पढ़ें: GIFT Nifty में 665 अंकों की छलांग! सीजफायर से Dow Jones 1,046 अंक चढ़ा, एशियाई बाजारों में भी 5% तक तेजी
यह युद्धविराम अमेरिका की 15 और ईरान की 10 शर्तों पर सहमति बनने के बाद हुआ है. शर्तों में होर्मुज स्ट्रेट खोलने का फैसला भी लिया गया. सीजफायर से निवेशकों ने राहत की सांस ली, जिसका असर तेल की कीमतों पर भी देखने को मिला. , कच्चे तेल की कीमतों में 14-16% तक की गिरावट आई है और ब्रेंट क्रूड 94 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करने लगा.
एविएशन और OMC स्टॉक्स में सबसे ज्यादा उछाल
तेल की कीमतों में गिरावट का सबसे ज्यादा फायदा एयरलाइंस कंपनियों को मिला. इंटरग्लोब एविएशन (IndiGo) करीब 10% उछलकर सबसे बड़ा गेनर बना. इंडिगो के शेयरों में तेजी की एक प्रमुख वजह Airport Economic Regulatory Authority द्वारा एयरपोर्ट पर पार्किंग और लैडिंग चार्ज में 25 फीसदी की कटौती का होना रहा है.
सरकारी तेल कंपनियों में भी जबरदस्त तेजी रही. हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) 8% से ज्यादा चढ़ा, इंडियन ऑयल (IOC) में करीब 6% और भारत पेट्रोलियम (BPCL) में 7.5% तक की बढ़त देखी गई. कम कच्चे तेल की कीमतों से इन कंपनियों के मार्जिन बेहतर होने की उम्मीद है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी 2.8 फीसदी की तेजी देखने को मिली. वहीं टाटा मोटर्स कमर्शियल ने 11 फीसदी से ज्यादा की छलांग लगाई.
पेंट और टायर सेक्टर भी चमके
पेंट कंपनियों में भी खरीदारी दिखी. एशियन पेंट्स करीब 5% चढ़ा, जबकि बर्जर पेंट्स और कंसाई नेरोलैक में 2.5% से 5% तक की तेजी आई.
टायर कंपनियों में भी यही ट्रेंड दिखा. अपोलो टायर्स 5% से ज्यादा, जेके टायर 6% और CEAT करीब 4% तक चढ़े. वजह साफ है, इन सेक्टर का कच्चा माल तेल से जुड़ा होता है, इसलिए कीमत गिरने से लागत कम होती है.
यह भी पढ़ें: 2 हफ्तों के लिए खुलेगा होर्मुज, सीजफायर का ऐलान, जानें ईरान की किन 10 शर्तों पर माना अमेरिका
भारत के लिए क्यों अहम है सस्ता तेल?
तेल सस्ता होने से भारत को कई तरह से फायदा होता है. महंगाई का दबाव कम होता है, चालू खाता घाटा घटता है और कंपनियों की कमाई बेहतर होती है. यही वजह है कि जैसे ही तेल गिरता है, ये सेक्टर तेजी से रिएक्ट करते हैं. हाल के तनाव के दौरान ये शेयर दबाव में थे, लेकिन अब हालात बदलते ही इनमें जोरदार रिकवरी देखने को मिल रही है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.