Ola Electric के शेयरों में 5 फीसदी की गिरावट, ₹40 करोड़ के बकाया विवाद पर NCLT पहुंचा मामला, जानें डिटेल
Ola Electric के शेयर सोमवार को करीब 5 फीसदी तक गिर गए. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के दो सप्लायरों ने 40 करोड़ रुपये से अधिक के बकाया भुगतान को लेकर NCLT में दिवाला प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है.

Ola Electric: इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बनाने वाली Ola Electric के शेयरों में सोमवार को तेज गिरावट देखने को मिली. कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर करीब 5 फीसदी तक टूट गया. कंपनी के दो सप्लायरों ने 40 करोड़ रुपये से अधिक के बकाया पेमेंट को लेकर National Company Law Tribunal यानी NCLT का रुख किया है. इस खबर के बाद निवेशकों की चिंता बढ़ी और शेयर पर दबाव देखने को मिला.
बकाया पेमेंट को लेकर NCLT पहुंचा मामला
ET की रिपोर्ट के मुताबिक, Ola Electric Technologies Private Limited के दो सप्लायर Sterling और Anevolve Mando ने बकाया पेमेंट नहीं मिलने पर NCLT में दिवाला प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है. बताया गया है कि दोनों कंपनियों का 40 करोड़ रुपये से अधिक का पेमेंट 45 दिन से ज्यादा समय से लंबित है. इसी वजह से दोनों ने कानूनी कार्रवाई का रास्ता चुना है.
किन कंपनियों का कितना बकाया
Sterling का करीब 29.8 करोड़ रुपये और Anevolve Mando का लगभग 10.8 करोड़ रुपये का पेमेंट बकाया है. यह जानकारी कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में जमा डॉक्यूमें के आधार पर सामने आई है. Bengaluru स्थित NCLT बेंच Sterling की याचिका पर सुनवाई कर रही है, जबकि Anevolve Mando की याचिका पर पहले भी सुनवाई हो चुकी है.
शेयर पर दिखा दबाव
इस घटनाक्रम के बीच Ola Electric का शेयर कारोबार के दौरान करीब 5.3 फीसदी गिरकर 42.10 रुपये तक पहुंच गया. दोपहर करीब 1 बजे तक शेयर लगभग 5 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था. वहीं दूसरी ओर Nifty 50 इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करता दिखा, जिससे साफ है कि गिरावट का मुख्य कारण कंपनी से जुड़ी यह खबर रही.
यह भी पढ़ें- Nifty Outlook July 7: चार्ट पर बनी बुल कैंडल और रेजिस्टेंस लेवल से ऊपर इंडेक्स, कल कैसी रहेगी निफ्टी की चाल?
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
यह पहली बार नहीं है जब Ola Electric को सप्लायर पेमेंट से जुडे़ विवाद का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले भी वर्ष 2025 में कंपनी की एक रजिस्ट्रेशन एजेंसी ने बकाया पेमेंट को लेकर NCLT में याचिका दायर की थी. अब लगातार दूसरी बार इस तरह का मामला सामने आने से निवेशकों की नजर कंपनी के अगले कदम और कानूनी प्रक्रिया पर बनी रहेगी.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.